✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकू से किए गए हमले में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के मुजगहन के पास बुधवार रात की है। यहां किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने दीपांशु साहू और उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में दीपांशु साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, हमले में घायल उसके साथी का भी मामला सामने आया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में विवाद के चलते चाकूबाजी की बात सामने आई है। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल करने के साथ फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
