जल्के–तिलईकुंडी–पनगवां के ग्रामीणों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म, नई सड़क निर्माण का भूमिपूजन

पगडंडी से मिलेगी पक्की सड़क की सुविधा, वनांचल के तीन गांवों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत

 

सुशील जायसवाल

 

कोरबी-चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र में बसे जल्के, तिलईकुंडी एवं पनगवां गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से पक्की सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। ग्राम पंचायत जल्के से ग्राम पंचायत पनगवां तक वर्षों से पगडंडी और कच्चे रास्ते के सहारे हो रहे आवागमन को अब नई सड़क की सौगात मिलने जा रही है। रविवार, 1 नवंबर को नवीन सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इस दौरान श्रीफल तोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

बरसात में सबसे ज्यादा होती थी परेशानी

 

उल्लेखनीय है कि जल्के, तिलईकुंडी एवं पनगवां क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे थे। गांवों को जोड़ने वाला मार्ग पगडंडी एवं कच्चे रास्ते के रूप में होने के कारण लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों की परेशानियां बढ़ जाती थीं। कई बार जरूरी कामों के लिए भी लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए ग्रामीण लगातार पक्की सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे।

 

सड़क बनने से विकास को मिलेगी नई गति

 

नवीन सड़क निर्माण का भूमिपूजन होने से क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद तीनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, किसानों को कृषि उपज के परिवहन तथा मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। ग्रामीणों का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क से वनांचल के इन गांवों का विकास भी गति पकड़ेगा और लंबे समय से बनी आवागमन की समस्या का समाधान हो सकेगा।

 

भूमिपूजन कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

 

भूमिपूजन कार्यक्रम में विद्वान सिंह मरकाम, जिलाध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं जिला पंचायत सदस्य कोरबा, ममता पुहुप, जनपद पंचायत सदस्य पोड़ी उपरोड़ा, श्रीमती फुलेश्वरी नरेंद्र राज, सरपंच ग्राम पंचायत जल्के, धरमपाल मरकाम, सरपंच ग्राम पंचायत पनगवां, राजेंद्र कमरो, उपसरपंच जल्के, गौरी देवी भगवान मरकाम, उपसरपंच पनगवां, चैन सिंह नेटी, जिला सचिव गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कोरबा, बुधराम मसराम, कार्यवाहक ब्लॉक अध्यक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पोड़ी उपरोड़ा, कांति कुमार ओडे, ब्लॉक महामंत्री गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पोड़ी उपरोड़ा, शिव कुमार पेंदरो, युवा नेता गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, रघुनाथ सिंह मसराम, अखिलचन्द्र कुरें, मोहन आरमोर, हेम चंद्र आयम सहित पार्टी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

ग्रामीणों को जल्द निर्माण पूरा होने की उम्मीद

 

वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में हुई इस पहल को ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाएगा, ताकि उन्हें जल्द ही बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके। वनांचल के इन गांवों के लिए यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और विकास की नई राह खोलने वाली साबित हो सकती है।