सुशील जायसवाल
कोरबा (कोरबी-चोटिया)। छत्तीसगढ़ की कबीर धर्मनगरी दामाखेड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय स्पेशल प्रमुख कोर्स में कोरबा जिले के पांच प्रतिभागियों ने सहभागिता कर पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिभागियों को अलग-अलग विषयों में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में कोरबा जिले से श्रीमती नमिता श्यामकुंवर कड़वे ने प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), कोरबी-चोटिया के प्रभारी प्राचार्य संतोष कुमार दिनकर ने मैपिंग एंड स्टार गेजिंग, सुश्री राधिका विश्वकर्मा ने आपदा पूर्व तैयारी एवं प्रबंधन तथा श्रीमती आशालता कौशिक और कु. ममता सोनवानी ने मैपिंग एंड स्टार गेजिंग विषय में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने, दुर्घटनाओं के समय बचाव के उपाय अपनाने तथा जीवनरक्षक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वहीं आपदा प्रबंधन विषय में प्राकृतिक एवं अन्य आपदाओं के दौरान पूर्व तैयारी, सुरक्षा, बचाव और राहत कार्यों की प्रक्रिया समझाई गई।
इसी तरह मैपिंग एंड स्टार गेजिंग के अंतर्गत मानचित्रों के अध्ययन, दिशा ज्ञान, भौगोलिक स्थिति का आकलन तथा रात्रि में तारों और आकाशीय पिंडों की सहायता से दिशा पहचानने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। ये जानकारियां शिविर, भ्रमण एवं मैदानी गतिविधियों के दौरान काफी उपयोगी साबित होती हैं।
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण में कोरबा जिले के पांचों प्रतिभागियों की सहभागिता को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशिक्षण से प्रतिभागियों के ज्ञान और कार्यकुशलता में वृद्धि के साथ ही प्राप्त तकनीकी जानकारी को अपने कार्यक्षेत्र में उपयोग करने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे प्रतिभागी अपने अनुभवों और कौशल का लाभ अन्य लोगों तक भी पहुंचा सकेंगे।
