अमृतसर से बिलासपुर तक फैला था चिट्टे का कारोबार, पुलिस ने मुख्य सप्लायर को दबोचा….

✍️ भागीरथी यादव

 

उसलापुर में पकड़े गए ड्रग पेडलर से पूछताछ में खुला बड़ा राज, ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब में दी दबिश

 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिलासपुर में नशे की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही बिलासपुर में सक्रिय नशे के नेटवर्क की अहम कड़ी पुलिस के हाथ लगी है।

 

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में ACCU बिलासपुर और थाना सकरी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष), निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।

 

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर 2026 को हुई थी। उस दिन बिलासपुर पुलिस ने उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। आरोपी मूल रूप से अमृतसर का निवासी है और वर्तमान में उसलापुर में रह रहा था। उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई, और 10,500 रुपये नकद जब्त किए गए थे। इस मामले में थाना सकरी में NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

 

पूछताछ में सामने आया पंजाब कनेक्शन

 

गिरफ्तार दीपक वालिया से पूछताछ और साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि बिलासपुर में हेरोइन की सप्लाई का नेटवर्क अमृतसर से संचालित हो रहा था। इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी जानकारी जुटाई और उसकी लोकेशन के आधार पर पंजाब में दबिश देने की योजना बनाई।

 

एसएसपी के निर्देश पर ACCU और सकरी पुलिस की विशेष टीम अमृतसर रवाना हुई। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी को बिलासपुर लेकर आई, जहां उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

 

पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

 

इस कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा आरक्षक राकेश यादव एवं रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।