पिता ने कहा- ‘तुम मेरे बेटे नहीं हो’, गुस्से में बेटे ने पेट्रोल डालकर लगा दी आग, इलाज के दौरान मौत….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बंटवारे और 20 हजार रुपये को लेकर हुआ था विवाद, लोहे के हुक से सिर पर किया वार; सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

 

बिलासपुर। जमीन के बंटवारे और पुराने पैसों के लेनदेन को लेकर पिता-पुत्र के रिश्ते का ऐसा दर्दनाक अंत हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। विवाद के दौरान बेटे ने पहले अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर लोहे के हुक से ताबड़तोड़ वार किए और फिर पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 नवंबर 2026 की सुबह करीब 11:30 बजे सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम सेलर की है। मृतक विश्राम केंवट की बेटी दूरपति बाई रात्रे ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 18-20 वर्षों से अपने परिवार के साथ पिता के घर रहकर उनकी देखभाल कर रही थी। घटना के दिन वह घर की बाड़ी में काम कर रही थी, जबकि पिता आंगन में बैठे थे। इसी दौरान उसका भाई आशाराम केंवट वहां पहुंचा और पिता के साथ विवाद करने लगा।

 

कुछ देर बाद बेटी ने आकर मामा और नाना के बीच झगड़ा होने की जानकारी दी। जब दूरपति घर पहुंची तो पिता गंभीर रूप से झुलसी हालत में पड़े थे। आरोप है कि आशाराम ने दरवाजे में लगाने वाले लोहे के हुक से पिता के सिर पर कई वार किए और इसके बाद उनके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बेटी ने गमछे की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और तत्काल 108 एंबुलेंस से उन्हें सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उसी रात उनकी मौत हो गई।

 

20 हजार रुपये और जमीन के हिस्से को लेकर था विवाद

 

पुलिस की पूछताछ में आरोपी आशाराम केंवट ने बताया कि उसने वर्ष 2007 में अपने पिता को 20 हजार रुपये दिए थे। वह इसी रकम को वापस मांगने के साथ जमीन में अपना हिस्सा देने की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पिता द्वारा रकम और जमीन देने से इनकार करने के साथ यह कहने पर कि ‘तुम मेरे बेटे नहीं हो’, आरोपी नाराज हो गया और उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

 

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी जेल दाखिल

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीपत पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान आरोपी की तलाश कर ग्राम बरेली से उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद हत्या में प्रयुक्त लोहे का हुक बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी आशाराम केंवट (64 वर्ष), निवासी बरेली बजरंग चौक, थाना सीपत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 

इस कार्रवाई में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के निर्देशन में सीपत पुलिस ने कार्रवाई की।