खड़ी ट्रक में जा घुसी एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौत; तीन गंभीर….

✍️ भागीरथी यादव

 

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर रफ्तार और लापरवाही का दर्दनाक नतीजा सामने आया है। इलाज के बाद मरीज को लेकर ओडिशा लौट रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। भीषण भिड़ंत में एंबुलेंस सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसा बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को उपचार के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस सीधे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य चलाकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में सवार लोग ओडिशा के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक महिलाओं की पहचान सहित अन्य घायलों का विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।