मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने पहुंचे राजस्थान के युवक पर चाकू से हमला, पीठ पर किए वार…..

✍️ भागीरथी यादव

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने आए राजस्थान के एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

 

मिली जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान राम प्रकाश बिल के रूप में हुई है। वह राजस्थान के भीलवाड़ा जिले का रहने वाला है और कारोबार के सिलसिले में धमतरी जिले के भखारा क्षेत्र में आयोजित मड़ई मेले में आइसक्रीम बेचने आया था।

 

बताया जा रहा है कि युवक किसी काम से पुरैना गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसकी पीठ पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

 

फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। वारदात को अंजाम देने वाले लोगों की भी पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों का पता लगाने में जुटी है।