कोरबा: पनगवां में 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर दी जान, गांव में पसरा मातम…

सुशील जायसवाल

 

कोरबी-चोटिया। कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत पसान थाना क्षेत्र की कोरबी पुलिस चौकी के ग्राम पंचायत पनगवां में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव गांव के समीप एक तेंदू पेड़ पर चुन्नी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पनगवां निवासी जगलाल सिंह श्याम की 18 वर्षीय इकलौती पुत्री पुष्पा श्याम 13 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की।

 

काफी खोजबीन के बाद देर शाम घर के नजदीक एक तेंदू पेड़ पर युवती का शव चुन्नी के फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। परिवार की इकलौती बेटी की असमय मौत से माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

 

सूचना मिलने पर कोरबी पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया तथा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

 

आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं

 

युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। घटना के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

इकलौती बेटी की असमय मौत से श्याम परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पनगवां गांव में शोक का माहौल है।