लक्ष्मी विसर्जन के दौरान विवाद करने वाले सात लोगों पर पुलिस की कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव

 

झलफा गांव में शांति व्यवस्था बिगाड़ने पर सातों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश

 

बिलासपुर। जिले के हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान लड़ाई-झगड़ा और विवाद करने वाले सात लोगों के खिलाफ हिर्री पुलिस ने त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा और पीएसआई उषा निषाद के निर्देशन में हिर्री पुलिस ने यह कार्रवाई की।

 

बताया गया कि ग्राम झलफा में लक्ष्मी विसर्जन के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद और झगड़े की स्थिति निर्मित हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर कार्रवाई की और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सात लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की।

 

कार्रवाई की जद में आए व्यक्ति

 

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में हरिष साहू उर्फ मैडी (23), संदीप साहू (24), कृषदास (18), विशाल साहू (18), अमन दास मानिकपुरी (21), ओमदास मानिकपुरी (21) और नारायण यादव (28), सभी निवासी ग्राम झलफा, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

 

पुलिस ने सभी सातों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। हिर्री पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, विवाद उत्पन्न करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।