✍️ भागीरथी यादव
कंट्रोल रूम में ड्यूटी के बावजूद नहीं लगी चोरी की भनक, कैमरों की लाइव फीड बंद होने पर खुला मामला; कंपनी ने FIR कराने से किया इनकार
कोरबा, 15 नवंबर। कटघोरा-बिलासपुर हाईवे पर राहगीरों की सुरक्षा के लिए लगाई गई हाईटेक सीसीटीवी व्यवस्था ही अब चोरों के निशाने पर आ गई है। कटघोरा से पाली के बीच अलग-अलग स्थानों पर लगे 15 निगरानी खंभों के बॉक्स से अज्ञात चोर बैटरियां निकाल ले गए। इस वारदात के बाद हाईवे की लाइव निगरानी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
हाईवे पर दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों पर नजर रखने के लिए 360 डिग्री घूमने वाले आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। इनके संचालन के लिए खंभों पर विशेष बॉक्स में बैटरियां रखी गई थीं। चोरों ने इन्हीं बैटरियों को निशाना बनाकर एक साथ 15 स्थानों पर चोरी कर ली।
मदनपुर टोल नाका के पास निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां कर्मचारियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरी का पता तब चला, जब मॉनिटर पर कैमरों की लाइव तस्वीरें आनी बंद हो गईं। इसके बाद मेंटेनेंस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बॉक्स से बैटरियां गायब मिलीं।
मामले में रखरखाव करने वाली कंपनी डीबीएल की ओर से पाली थाने में चोरी की सूचना दी गई है। हालांकि कंपनी के प्रतिनिधियों ने एफआईआर दर्ज कराने की इच्छा नहीं जताई। पाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कौशिक ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कंपनी की ओर से केवल सूचना दी गई है, रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार किया गया है।
सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों का इस तरह बंद हो जाना हाईवे की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि कैमरों को दोबारा चालू करने और चोरी गई बैटरियों की बरामदगी के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
