जिला जेल में बंद कैदी की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम….

✍️ भागीरथी यादव

 

हार्ट अटैक से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी वजह

 

महासमुंद। महासमुंद जिला जेल में बंद एक कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

 

मृतक सैय्यद अशफाक बिलासपुर के तिफरा स्थित यदु नंदन नगर का निवासी था। वह वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के मामले में महासमुंद जिला जेल में बंद था।

 

कैदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसकी तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी, फिलहाल इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।