स्वस्थ पंचायत के निर्माण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम, पोंड़ीकला में दिया गया स्वास्थ्य प्रशिक्षण….

सुशील जयसवाल

 

पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य योजनाओं, स्वच्छता और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की दी गई जानकारी

 

पसान (कोरबा)। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पोंड़ीकला में मंगलवार, 17 नवंबर को पंचायत प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुटीपखना, पिपरिया एवं कुम्हारीदरी क्षेत्र के सरपंचों और पंचों ने भाग लिया।

 

राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रशिक्षकों ने पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य योजनाओं, स्वच्छता, जागरूकता अभियान और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक पंचायत के निर्माण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्हें शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

 

प्रशिक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद परिवारों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और सुरक्षित जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों के साथ समन्वय बनाकर गांवों में स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां संचालित करने की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं स्वस्थ पंचायत समन्वयक शिवनारायण कौशिक, इंद्रपाल पेंद्रो, कुसुम देवी, दुर्गावती सारुता तथा मितानिन प्रशिक्षक शिवकुमारी करियाम ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने भी गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग करने की बात कही।

 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत पुटीपखना के सरपंच चंद्रप्रताप पोर्ते, ग्राम पंचायत कुम्हारीदरी की सरपंच राधा पुहूप, ग्राम पंचायत पिपरिया के सरपंच सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

प्रशिक्षण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ गांव के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।