फोटो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की वसूली, युवती गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

बिलासपुर। साथ में खिंचवाए गए फोटो का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग और वसूली करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती ने फोटो और वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में युवक से दो लाख रुपये ऐंठ लिए थे।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सूर्या सोनी (28), निवासी खपरगंज कल्लू बाड़ा, की पहचान वर्ष 2025 में दुकान पर काम करने आई प्राची कश्यप से हुई थी। परिचय बढ़ने के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत और चैटिंग होने लगी। इसी दौरान दोनों ने साथ में कुछ फोटो खिंचवाए थे।

 

आरोप है कि युवती ने इन्हीं फोटो का इस्तेमाल कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने और युवक को सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रकम की मांग की। लोकलाज के डर से युवक ने ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल दो लाख रुपये दे दिए। इसके बावजूद युवती द्वारा बार-बार फोन कर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए पैसों की मांग की जा रही थी।

 

परेशान होकर युवक ने 18 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्राची कश्यप (20), निवासी लोफंदी, थाना कोनी, बिलासपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 692/26 के तहत धारा 308(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवती को 18 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।