✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। मोबाइल वापस नहीं मिलने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद एक नाबालिग के अपहरण तक पहुंच गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि पुलिस ने शिकायत मिलने के चंद घंटों के भीतर ही अपहृत किशोर को सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, सिंधी कॉलोनी निवासी भुवन श्रीवास ने 18 नवंबर को सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका 16 वर्षीय छोटा भाई 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों ने आसपास तलाश की तो पता चला कि शेख अजुमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने साथियों के साथ किशोर को अपने साथ ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने संदेही अज्जू की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसे सिंधी कॉलोनी के पास अपने साथियों के साथ घूमते हुए पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में शेख अजुमुद्दीन (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
