✍️ भागीरथी यादव
शराब के नशे में घर पहुंचकर करता था मारपीट, चेहरे, गर्दन और सीने पर किए ताबड़तोड़ वार; 24 घंटे में आरोपी पत्नी गिरफ्तार
मोहला-मानपुर। घरेलू हिंसा और पति की लगातार प्रताड़ना का खौफनाक अंत हत्या के रूप में सामने आया है। शराब के नशे में आए दिन पत्नी से मारपीट करने वाले पति की आखिरकार उसी के हाथों जान चली गई। गुस्से में आकर पत्नी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सनसनीखेज वारदात खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी की है।

पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट करने लगा। बताया जाता है कि पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान मालती बाई ने अपना आपा खो दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पति के चेहरे, गर्दन तथा सीने पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल कारजू राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से खून लगी कुल्हाड़ी सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए। पूछताछ के दौरान पत्नी मालती बाई ने पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 नवंबर को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
