✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जबरन अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े युवती का रास्ता रोककर उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसका मुंह दबाया और दांत से गाल पर काटकर घायल कर दिया। हालांकि, युवती के परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपियों की कोशिश नाकाम हो गई। मामले में मगरलोड पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सेन्हाभाठा निवासी युवती 23 नवंबर की सुबह अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास मनमोहन साहू और पुष्पेन्द्र यादव बाइक से उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास आरोपियों ने अपनी बाइक युवती की स्कूटी के सामने अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया।
युवती ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया और दांत से गाल पर काटकर उसे घायल कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए युवती को ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने का प्रयास किया। इसी बीच युवती के फूफा कैलाश साहू और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने मौके पर घेराबंदी की तो मुख्य आरोपी मनमोहन साहू बाइक छोड़कर फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम गिरौद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
महिला सुरक्षा के मामलों में सख्त कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
