कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्या नगरी, राजेंद्र नगर और प्रेम नगर के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब एवं गांजा की खुलेआम बिक्री का धंधा तेज़ी से फैल रहा है। सूत्रों के अनुसार, कुछ स्थानों पर यह कारोबार दिनदहाड़े चल रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और सामाजिक वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नशे के इस अवैध कारोबार से आपराधिक गतिविधियों में भी इज़ाफा हो रहा है। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र को नशे के जाल से मुक्त कराया जा सके।






