
बीजापुर। भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के पहले बीजापुर प्रवास पर रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने बाईक रैली निकालकर उत्साह का प्रदर्शन किया।
अटल सदन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में टिकरिहा ने कहा कि बस्तर लंबे समय से नक्सलवाद की समस्या से जूझ रहा है, लेकिन सरकार इस चुनौती से निपटने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन को मज़बूत करना और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाना युवा मोर्चा की प्राथमिकता होगी।
कार्यकर्ताओं की ऊर्जा की सराहना करते हुए टिकरिहा ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में वे ज़िले के सभी इलाकों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे।






