बिहार चुनाव 2025: मतदान खत्म, अब 14 नवंबर को होगा सत्ता का फैसला – हवाई प्रचार पर खर्च हुए 72 करोड़ रुपये
✍️ भागीरथी यादव पटना, 13 नवंबर 2025। बिहार विधानसभा चुनाव का शोर अब थम चुका है। दो चरणों में मतदान पूरा हो गया है और अब पूरा बिहार 14 नवंबर को होने वाली मतगणना का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इसी दिन तय होगा कि सत्ता की कुर्सी पर कौन बैठेगा — एनडीए या महागठबंधन। चुनाव आयोग ने इस बार का चुनाव कार्यक्रम 6 अक्तूबर को घोषित किया था। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को संपन्न हुआ। 9 नवंबर को चुनाव प्रचार का शोर थमने के साथ ही राज्य की सियासत अब पूरी तरह “मौन” मोड में है। — 🗳️ चुनाव प्रचार में उड़ा आसमान, हेली प्रचार पर 72 करोड़ का खर्च इस बार का बिहार चुनाव न केवल ज़मीन पर, बल्कि आसमान में भी लड़ा गया। रिपोर्टों के मुताबिक राजनीतिक दलों ने हेलीकॉप्टर और चौपर से प्रचार करने में 72 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए। 16 अक्टूबर के बाद से पटना एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। प्रचार के चरम पर प्रतिदिन औसतन 25 हेलीकॉप्टर आसमान में उड़ते रहे। अब तक 600 से अधिक हेलीकॉप्टर और 40 चौपर उड़ान भर चुके हैं, जबकि लैंडिंग और डिपार्चर मिलाकर करीब 1,200 से अधिक हवाई मूवमेंट दर्ज किए गए। — 💸 प्रति हेलीकॉप्टर रोजाना 12 लाख रुपये का खर्च जानकारी के अनुसार, एक हेलीकॉप्टर पर प्रतिदिन जीएसटी समेत करीब 12 लाख रुपये खर्च हुए। प्रत्येक हेलीकॉप्टर ने रोजाना औसतन 4 से 5 घंटे उड़ान भरी। कुल मिलाकर 3,000 घंटे से अधिक की हवाई उड़ानें बिहार की सियासी फिज़ा में गूंजती रहीं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस बार के चुनाव में हेलीकॉप्टर प्रचार ने बिहार की राजनीति को नया आयाम दिया है। हालांकि, 14 नवंबर को नतीजे आने के बाद ही तय होगा कि इस भारी भरकम खर्च और हवाई रणनीति का फायदा आखिर किसके पाले में गया।
अमरावती में शादी समारोह में खौफनाक हमला: मंच पर दूल्हे पर चाकू से वार, ड्रोन कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
✍️ भागीरथी यादव अमरावती, महाराष्ट्र के अमरावती जिले के बडनेरा इलाके में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस समय दहशत में बदल गया जब मंच पर ही दूल्हे पर चाकू से हमला कर दिया गया। यह सनसनीखेज वारदात साहिल लॉन में हुई, जहां शादी के दौरान चल रहे जश्न के बीच अचानक चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, फिर्यादी सुजल राम समुद्रे (22) की शादी समारोह में आरोपी राघव जितेंद्र बक्शी मंच के पास पहुंचा और लोहे के चाकू से दूल्हे पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। दूल्हे के घायल होते ही समारोह में भगदड़ मच गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पूरी घटना ड्रोन कैमरे में कैद हो गई, जो शादी की वीडियोग्राफी कर रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद ड्रोन ऑपरेटर ने आरोपी का पीछा भी किया, जिससे पुलिस को आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिली। घायल दूल्हे को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुरानी रंजिश इस हमले की वजह हो सकती है, हालांकि जांच जारी है।
🌞 आज का राशिफल – 13 नवंबर 2025 (गुरुवार)
✍️ भागीरथी यादव ♈ मेष (Aries) आज कार्यस्थल पर मेहनत का फल मिलेगा। वरिष्ठों से प्रशंसा प्राप्त होगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार में आनंद का माहौल रहेगा। शुभ रंग: लाल | शुभ अंक: 9 — ♉ वृषभ (Taurus) दिन चुनौतियों भरा हो सकता है, लेकिन धैर्य से काम लें। किसी पुराने मित्र से मुलाकात मन प्रसन्न करेगी। निवेश में सोच-समझकर कदम बढ़ाएं। शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 6 — ♊ मिथुन (Gemini) आज का दिन रचनात्मक कार्यों के लिए उपयुक्त है। छात्रों को सफलता मिल सकती है। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। शुभ रंग: हरा | शुभ अंक: 3 — ♋ कर्क (Cancer) कार्य में थोड़ी देरी संभव है, लेकिन परिणाम अनुकूल रहेंगे। परिवार में बुजुर्गों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शुभ रंग: नीला | शुभ अंक: 2 — ♌ सिंह (Leo) मान-सम्मान में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। यात्रा लाभदायक रहेगी। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। शुभ रंग: सुनहरा | शुभ अंक: 1 — ♍ कन्या (Virgo) आज का दिन निर्णय लेने में अनुकूल रहेगा। आर्थिक मामलों में सावधानी रखें। विद्यार्थियों के लिए समय लाभकारी है। शुभ रंग: आसमानी | शुभ अंक: 5 — ♎ तुला (Libra) आज आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन शुभ है। परिवार में छोटी खुशियाँ मिलेंगी। शुभ रंग: गुलाबी | शुभ अंक: 7 — ♏ वृश्चिक (Scorpio) आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। पुराने विवाद खत्म हो सकते हैं। किसी नजदीकी व्यक्ति से सहयोग मिलेगा। शुभ रंग: बैंगनी | शुभ अंक: 4 — ♐ धनु (Sagittarius) कार्य में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। शुभ रंग: पीला | शुभ अंक: 8 — ♑ मकर (Capricorn) आज का दिन मिलाजुला रहेगा। किसी नए प्रोजेक्ट की शुरुआत के लिए उपयुक्त समय है। परिवार में स्नेह बना रहेगा। शुभ रंग: स्लेटी | शुभ अंक: 10 — ♒ कुंभ (Aquarius) साझेदारी में किए कार्य लाभ देंगे। मित्रों का सहयोग मिलेगा। धन लाभ के योग हैं। शाम का समय परिवार संग बिताएं। शुभ रंग: फिरोजी | शुभ अंक: 11 — ♓ मीन (Pisces) मन में नई ऊर्जा का संचार होगा। कार्यस्थल पर आपकी योजना एँ सफल होंगी। दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 12
मुंगेली में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: ग्राम तरकीहीड में 6.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी पर प्रकरण दर्ज
✍️ भागीरथी यादव मुंगेली, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुंगेली जिले की आबकारी टीम ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम तरकीहीड में टीम ने 6.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी फूलचंद मिरी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय में लिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत आबकारी विभाग या पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।
राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट में कबीरधाम की बेटी दीपेश्वरी ने जीता कांस्य पदक, कलेक्टर ने किया सम्मानित
✍️ भागीरथी यादव कबीरधाम, कबीरधाम जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपेश्वरी ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है। दीपेश्वरी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कबीरधाम की बेटियाँ आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। दीपेश्वरी की यह सफलता न केवल जिले, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। कलेक्टर वर्मा ने कहा कि दीपेश्वरी की मेहनत और लगन से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के अवसर मिल सकें। इस अवसर पर श्री निगेश्वर नाथ योगी, श्री हिम्मत साहू, श्री नरेन्द्र साहू, श्री नितेश चंदेल, श्री छेदीलाल निषाद, सुश्री रोहिणी साहू, सुश्री दुर्गा श्रीवास, श्री देवकुमार साकेत और श्री अनिल वर्मा उपस्थित रहे। सभी ने दीपेश्वरी को बधाई दी और उनके समर्पण, साहस तथा प्रतिबद्धता की सराहना की।
कोरबा में डकैती का तांडव: हथियारों से लैस दो दर्जन बदमाशों ने की लाखों की लूट, कई ग्रामीणों को बनाया बंधक
✍️ भागीरथी यादव कोरबा, कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के तिलाईडांड में बुधवार की रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। देर रात करीब दो दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने गांव में धावा बोलते हुए एक मकान को निशाना बनाया और ग्रामीणों को बंधक बनाकर लाखों रुपए की लूट को अंजाम दिया। घटना के दौरान डकैतों ने ग्रामीणों को हथियारों से धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि लुटेरे रात के अंधेरे में पहुंचे थे और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में आसपास के जंगलों व संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और आरोप लगाया है कि रात के समय पुलिस गश्त न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
बस्तर में मत्स्य क्रांति: 25 साल में 8 गुना बढ़ा उत्पादन
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, 12 नवंबर 2025 छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मछलीपालन ने पिछले 25 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। राज्य निर्माण के समय जहां मत्स्य उत्पादन 574 मीट्रिक टन था, वहीं अब यह बढ़कर 16 हजार मीट्रिक टन से अधिक हो गया है। इसी तरह मत्स्य बीज उत्पादन भी 149 लाख से बढ़कर 728 लाख फिंगरलिंग्स तक पहुंच गया है। राज्य सरकार की नीतियों और प्रोत्साहन योजनाओं से जिले के 10 हजार से ज्यादा मत्स्यपालक लाभान्वित हुए हैं। मत्स्यपालन को कृषि का दर्जा मिलने से किसानों को क्रेडिट कार्ड सुविधा, ब्याजमुक्त ऋण और बिजली-बिल में छूट का लाभ मिल रहा है। जिले में तालाबों की संख्या 757 से बढ़कर 4852 और कुल जलक्षेत्र 3888 हेक्टेयर हो गया है, जिनमें 97 प्रतिशत क्षेत्र में सक्रिय मछली पालन हो रहा है। बस्तर अब मत्स्य बीज में आत्मनिर्भर होकर आसपास के जिलों और ओडिशा को भी आपूर्ति कर रहा है। बायोफ्लॉक तकनीक और झींगा पालन जैसी आधुनिक पद्धतियों से मछुआरों की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है। मत्स्यपालन विभाग के उप संचालक मोहन राणा ने कहा कि किसानों के परिश्रम और सरकारी योजनाओं के समन्वय से बस्तर में “नीली क्रांति” का नया दौर शुरू हो गया है।
एलडब्ल्यूई जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रामीण आजीविका और आधारभूत ढांचे पर जोर
✍️ भागीरथी यादव रायपुर, 12 नवंबर 2025 एलडब्ल्यूई (वामपंथी उग्रवाद प्रभावित) जिलों में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए बुधवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने की। बैठक में एनसीएईआर सर्वे के आधार पर बस्तर संभाग के जिलों के बुनियादी ढांचे में मौजूद अंतरालों की समीक्षा की गई। इसमें सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण, मोबाइल टावर की आवश्यकता, विद्युत आपूर्ति, प्राथमिक विद्यालय भवनों की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मिड-डे मील व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी, पीएचसी, सीएससी) की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति और आजीविका साधनों के विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त सचिव (एलडब्ल्यूई) श्री राजीव कुमार ने कहा कि नक्सल मुक्त क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए आजीविका मिशन के तहत माइक्रो प्लानिंग कर कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्थानीय जरूरतों और संसाधनों को ध्यान में रखकर बेहतर योजनाएं बनाने पर बल दिया। प्रमुख सचिव (पंचायत एवं ग्रामीण विकास) निहारिका बारिक ने जिलों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार स्पेशल प्रोजेक्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और अंदरूनी बसाहटों में विद्युतीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और सर्विस सेक्टर में रोजगार सृजन के लिए ठोस योजनाएं बनाने पर भी जोर दिया। बैठक में सचिव (गृह) नेहा चम्पावत, एडीजी (नक्सल ऑपरेशन) विवेकानंद सिन्हा, आईजी (सीएएफ) बीएस ध्रुव, आईजी (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी., प्रभारी कमिश्नर व कलेक्टर बस्तर हरिस एस, बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ और संबंधित विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
निठारी कांड: सुप्रीम कोर्ट ने सुरेंद्र कोली को आखिरी केस में भी बरी किया, दोषपूर्ण जांच पर जताई नाराज़गी — कहा, “पीड़ित परिवारों का दुख माप से परे”
✍️ भागीरथी यादव नई दिल्ली// देश को झकझोर देने वाले निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी सुरेंद्र कोली को अंतिम दर्ज एफआईआर में भी बरी कर दिया। इसके साथ ही कोली अब निठारी कांड से जुड़े सभी मामलों में बरी हो गया है। अदालत ने कहा कि निठारी में हुए अपराध जघन्य थे, लेकिन अभियोजन पक्ष ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने में असफल रहा। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल आरोपी के कथित कबूलनामे के आधार पर दोष सिद्ध नहीं किया जा सकता। कबूलनामे को अदालत ने ठुकराया कोर्ट ने कोली के कबूलनामे को अविश्वसनीय मानते हुए कहा कि वह 60 दिनों से अधिक समय तक पुलिस हिरासत में रहा और उसे कानूनी सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। ऐसे में उसका बयान स्वतंत्र या स्वैच्छिक नहीं माना जा सकता। अदालत ने टिप्पणी की — “कबूलनामा तभी मान्य होता है जब वह बिना दबाव और भय के दिया गया हो।” दोषपूर्ण जांच पर कड़ी टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट ने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस जांच में गंभीर खामियां और रिकॉर्ड संबंधी कमियां थीं, जिससे न्याय की प्रक्रिया प्रभावित हुई। कोर्ट ने कहा — “इतने संवेदनशील और भयावह अपराध में जांच निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से होनी चाहिए थी, परंतु ऐसा नहीं हुआ।” पीड़ित परिवारों का दर्द अदालत ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा — “निठारी में हुए अपराध अमानवीय थे और पीड़ित परिवारों का दुख माप से परे है। यह गहरे अफसोस की बात है कि दो दशक बाद भी उन्हें न्याय का संतोष नहीं मिल सका।” पृष्ठभूमि 2005-06 में नोएडा के निठारी गांव में दर्जनों बच्चों के लापता होने और उनके मानव अवशेष मिलने से यह मामला सामने आया था। उस समय देशभर में इस कांड ने सनसनी फैला दी थी। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के साथ ही, निठारी कांड के सभी मामलों में सुरेंद्र कोली को कानूनी रूप से बरी कर दिया गया है। अदालत ने कहा कि “न्याय का तकाज़ा केवल सजा देना नहीं, बल्कि निष्पक्ष और प्रमाणिक जांच सुनिश्चित करना भी है।”
एनकेएच ओलंपिक्स 2025: खेल भावना और फिटनेस का अनोखा संगम
कोरबा// न्यू कोरबा हॉस्पिटल (एनकेएच) में 9 से 12 नवंबर तक “एनकेएच ओलंपिक्स 2025” का भव्य आयोजन किया गया। स्वस्थ जीवनशैली और कार्य के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम में अस्पताल की सभी शाखाओं — कोरबा, चांपा, कटघोरा, बालको, जमनीपाली, एनकेएच मेडजोन और एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर (एडीसी) — के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चार दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, अंताक्षरी, म्यूजिकल चेयर, टंग ऑफ वॉर और डिबेट जैसे खेल शामिल रहे। महिला क्रिकेट में एनकेएच कोरबा और पुरुष क्रिकेट में एनकेएच चांपा विजेता रही। खो-खो में महिला वर्ग में एनकेएच जीवन आशा तथा पुरुष वर्ग में एनकेएच चांपा ने जीत दर्ज की। शतरंज में योगेश, वाद-विवाद में कौशलेंद्र, पुशअप (महिला वर्ग) में रामेश्वरी शर्मा और (पुरुष वर्ग) में रितेश प्रथम रहे। एनकेएच के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी और डॉ. वंदना चंदानी ने कहा — “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। यह आयोजन कर्मचारियों में टीम भावना और फिटनेस के प्रति जागरूकता को बढ़ाता है।” एनकेएच के 11 वर्ष: चिकित्सा सेवा में नई ऊंचाइयां एनकेएच ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में संस्थान ने चिकित्सा सेवा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि “एनकेएच ओलंपिक्स सिर्फ खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का उत्सव है।” संस्थान का स्थापना दिवस समारोह 15 नवंबर को रवि शंकर नगर स्थित मल्लिक वाटिका में मनाया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
















