सिंधी समाज में हंगामा: महिला से मारपीट व अशोभनीय हरकत का आरोप, पुलिस कार्रवाई पर सवाल

    बिलासपुर। शहर के सिंधी समाज में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और दुकान पर जबरन कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सरिता पंजवानी का आरोप है कि सात वर्षों से उनकी दुकान पर कब्जा जमाए प्रीतम अंडवानी ने बिना अनुमति निर्माण कार्य किया। विरोध करने पर प्रीतम, नंदू अंडवानी और उसके बेटे ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और अशोभनीय हरकत की। जान से मारने की धमकी भी दी गई।   बीच-बचाव करने पहुँची बेटी दिशानी पंजवानी को भी आरोपियों ने जमीन पर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गई। दोनों ने उपचार के बाद सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।   पुलिस ने BNS की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) में अपराध दर्ज किया है, लेकिन पीड़िता और समाजजन महिला की मर्यादा भंग करने वाली कठोर धारा BNS 64 जोड़ने की मांग कर रहे हैं।   समाजजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी विवादों में रहा है, फिर भी पुलिस की कार्रवाई ढीली दिखाई दे रही है। पीड़िता ने कहा कि वह न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेंगी।

कोरबा। बहुचर्चित जश्न रिसॉर्ट विवाद में बड़ा मोड़—अनिल द्विवेदी को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत

✍️ भागीरथी यादव   जश्न रिसॉर्ट में 12 अक्टूबर को हुए हाई-प्रोफाइल इवेंट के बाद उपजे विवाद में आखिरकार प्रमुख पक्षकार अनिल द्विवेदी को बड़ी राहत मिली है। मारपीट और विवाद से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने 6 नवंबर को उन्हें अग्रिम जमानत प्रदान कर दी। यह वही कार्यक्रम था जिसमें हरियाणा की लोकप्रिय परफॉर्मर सपना चौधरी ने प्रस्तुति दी थी, और घटना के बाद मामला शहर में सुर्खियों का केंद्र बन गया था।   कैसे बढ़ा विवाद?   सूत्रों के मुताबिक, देर रात आयोजित शो के दौरान अचानक डांस एक्ट छोटा कर दिए जाने से आयोजक पक्ष नाराज हो गया। परफॉर्मेंस बढ़ाने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान रिसॉर्ट से जुड़े केनी और गोल्डी मौके पर पहुंचे, जहां स्थिति और बिगड़ गई और मामला पुलिस तक जा पहुंचा।   रात करीब 1 बजे अनिल द्विवेदी ने FIR दर्ज करवाई, जिसके कुछ ही घंटों बाद रिसॉर्ट संचालकों की ओर से काउंटर FIR भी दर्ज करा दी गई। इस केस में केनी, गोल्डी और ईशान को पहले ही राहत मिल चुकी थी, और अब अनिल को भी जमानत मिलने के बाद दोनों पक्षों की कानूनी टकराहट कुछ नरम पड़ती दिख रही है। —   जश्न रिसॉर्ट—विवादों का पुराना ठिकाना?   जश्न रिसॉर्ट पहले भी विवादों में घिरता रहा है—   होली कार्यक्रम में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की थी   देर रात पार्टी   लाउड म्यूजिक   शराब परोसने से शांति भंग इसी कारण आसपास के लोग प्रशासन से कड़ी निगरानी और कार्रवाई की मांग करते रहे हैं। — जमानत मिलने से वर्तमान टकराव की तीव्रता भले ही घटती दिख रही हो, लेकिन जश्न रिसॉर्ट का विवादों से जुड़ा अध्याय अभी पूरी तरह खत्म होता नहीं दिखता।

कोण्डागांव जिले में बिजली व्यवस्था होगी और मजबूत, कई उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाने को स्वीकृति

✍️ भागीरथी यादव   मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत कोण्डागांव जिले की बिजली आपूर्ति प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप तथा बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी के निर्देशानुसार जिले में बिजली ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।   हाल ही में 33/11 केवी विश्रामपुरी उपकेंद्र में स्थापित 3.15 एमव्हीए पावर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 5 एमव्हीए कर दी गई है। इससे विशेषकर कृषि क्षेत्र से जुड़े उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्ता पूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।   इसी क्रम में जिले के 33/11 केवी उपकेंद्र मॉकडी, बीजापुर, किबाई बालेंगा, गिरोला और बोरगांव में लगे 3.15 एमव्हीए ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि कर उन्हें 5 एमव्हीए में बदलने हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।   इसके साथ ही 33/11 केवी उपकेंद्र रांधना के 11 केवी बरकई एवं रांधना फीडर, बड़े डोंगर उपकेंद्र के 11 केवी भूमका फीडर तथा फरसगांव उपकेंद्र के 11 केवी सोनाबेड़ा फीडर की क्षमता वृद्धि के लिए भी मंजूरी मिल गई है।   इन सभी कार्यों के पूरा होने से जिले में ओवरलोड और लो-वोल्टेज की समस्याओं का समाधान होगा तथा उपभोक्ताओं को लगातार और बेहतर गुणवत्ता वाली बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

विश्व विजेता भारतीय महिला टीम ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, हरमनप्रीत ने भेंट की सिग्नेचर जर्सी

✍️ भागीरथी यादव   नई दिल्ली। महिला विश्व कप 2025 का ऐतिहासिक खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने पूरी टीम को शानदार प्रदर्शन और विश्व विजेता बनने पर शुभकामनाएं दीं।   कप्तान ने दी सिग्नेचर जर्सी, राष्ट्रपति संग फोटो सेशन इस मुलाकात के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने खिलाड़ियों द्वारा हस्ताक्षरित जर्सी राष्ट्रपति को भेंट की। टीम ने विश्व कप ट्रॉफी के साथ राष्ट्रपति के साथ विशेष फोटो सेशन में हिस्सा लिया।   पीएम मोदी से भी की थी भेंट   टीम इंडिया ने इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री ने टीम को जीत की बधाई देते हुए खिलाड़ियों के साथ लंबी और प्रेरणादायक बातचीत की। उपकप्तान ने बताया कि पीएम मोदी की 2017 की बातों ने उन्हें आज तक प्रेरित किया है। फाइनल में भारत की रिकॉर्ड जीत   फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए। – शेफाली वर्मा: 87 रन (78 गेंद) – दीप्ति शर्मा: 58 रन (58 गेंद)   जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में ढेर हो गई। – लौरा वोल्वार्ड्ट: 101 रन – भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट और शेफाली ने 2 विकेट लिए।   भारत का पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब   भारतीय महिला टीम ने वनडे फॉर्मेट में पहली बार विश्व कप जीता है। 2005 और 2017 में फाइनल हारने के बाद टीम इंडिया ने 2025 में इतिहास रच दिया।

‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर राजधानी में अलर्ट, दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

✍️ भागीरथी यादव   नई दिल्ली। संस्कृति मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ पर भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में लगभग 11,000 अतिथि शामिल हो रहे हैं, जो 1,000 कारों और 300 बसों से पहुंचेंगे। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।   सुबह से दोपहर तक समारोह, कई सड़कों पर रहेगा प्रतिबंध   कार्यक्रम सुबह से दोपहर तक चलेगा। पुलिस ने सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों को बीएसजेड मार्ग, जेएलएन मार्ग, आईपी मार्ग, एमजी मार्ग/रिंग रोड, विकास मार्ग और सलीमगढ़ बाईपास से बचने की सलाह दी है।   इन मार्गों पर लगेंगे डायवर्जन और नो-एंट्री   जरूरत पड़ने पर कई मार्गों पर डायवर्जन या पूर्ण प्रतिबंध लागू होंगे। इनमें प्रमुख रूप से—   बीएसजेड मार्ग   जेएलएन मार्ग   एमजी मार्ग   आईपी मार्ग   विकास मार्ग     इसके अलावा सचिवालय रोड और वेलोड्रोम रोड पर आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।   अन्य संभावित प्रभावित रूट—   शांति वन क्रॉसिंग से राजघाट तक भैरों मार्ग   सलीमगढ़ बाईपास (दोनों कैरिजवे)   डब्ल्यू पॉइंट से दिल्ली गेट   बहादुर शाह ज़फर मार्ग से जेएलएन मार्ग   राजघाट से किशन घाट/पावर हाउस रोड   आईटीओ से यमुना ब्रिज तक आईपी मार्ग तथा विकास मार्ग     स्टेडियम के प्रवेश द्वारों की व्यवस्था   – गेट नंबर 1, 2, 3, 7 और 8 : प्रवेश वेलोड्रोम रोड/सचिवालय रोड से। – गेट नंबर 19, 21, 22 और 23 : प्रवेश एमजीएम रोड/रिंग रोड से।   इन क्षेत्रों में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित   वेलोड्रोम रोड, सचिवालय रोड, जेएलएन मार्ग (दिल्ली गेट–राजघाट), आईपी मार्ग, एमजी मार्ग/रिंग रोड (शांति वन–भैरों मार्ग), बीएसजेड मार्ग, सलीमगढ़ बाईपास, विकास मार्ग (आईटीओ–यमुना ब्रिज), पावर हाउस रोड—सभी स्थानों पर पार्किंग पूरी तरह वर्जित है। नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।   दिल्ली पुलिस की अपील   पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। जरूरत पड़ने पर यात्री नजदीकी चौराहों पर मौजूद पुलिसकर्मियों से सहायता ले सकते हैं।     —  

क्वींसलैंड में टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, ऑस्ट्रेलिया को 48 रनों से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त

✍️ भागीरथी यादव    क्वींसलैंड। होबार्ट में जीत के बाद टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर एक और दमदार प्रदर्शन करते हुए चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 48 रनों से अपने नाम किया और सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। भारत की बल्लेबाज़ी भले साधारण रही, लेकिन गेंदबाज़ों—खासकर स्पिनर्स—ने मैच का पासा पलट दिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।   टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुभमन गिल के महत्वपूर्ण 46 रनों की बदौलत 167/7 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में ऑस्ट्रेलिया भारतीय गेंदबाज़ों के सामने टिक ही नहीं पाया और 18.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गया।   भारत की जीत में स्पिन तिकड़ी ने अहम भूमिका निभाई।   वॉशिंगटन सुंदर – 3 विकेट   अक्षर पटेल – 2 विकेट   वरुण चक्रवर्ती – 1 विकेट     इन्होंने कंगारू बल्लेबाजों को शुरू से ही जकड़कर रखा। वहीं तेज़ गेंदबाज़ी में शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट हासिल कर ऑस्ट्रेलियाई टीम की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया।   इस जीत के साथ भारत ने न केवल सीरीज में बढ़त बनाई है बल्कि निर्णायक मुकाबले से पहले आत्मविश्वास भी मजबूत कर लिया है।  

मार्गशीर्ष मास में आहार–विहार को लेकर आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा की सलाह — जीरे से परहेज, वसायुक्त भोजन और शहद लाभकारी

✍️ भागीरथी यादव    मुंगेली। मार्गशीर्ष (अगहन) मास 6 नवंबर से प्रारंभ हो चुका है और 4 दिसंबर तक चलेगा। इस अवसर पर ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने मौसम के अनुरूप आहार-विहार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।   डॉ. शर्मा ने बताया कि इस माह में शीतल हवाओं के प्रभाव से कफ संचय और वात दोष बढ़ने का खतरा रहता है, जिससे संधिशूल, श्वास-समस्याएं और त्वचा रोगों की आशंका बढ़ जाती है। इस अवधि में जठराग्नि तीव्र होती है, इसलिए शरीर पौष्टिक और स्निग्ध पदार्थों को अच्छी तरह पचा पाता है।   उन्होंने स्पष्ट कहा कि मार्गशीर्ष मास में जीरे का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। वहीं वसायुक्त भोजन और शहद का सेवन शरीर के लिए हितकारी माना गया है।   डॉ. शर्मा के अनुसार यह हेमंत ऋतु का महीना शक्ति संचय का काल होता है, ऐसे में च्यवनप्राश, अश्वगंधा, आंवला, शतावर जैसी आयुर्वेदिक रसायन औषधियों का प्रकृति अनुसार सेवन लाभदायक हो सकता है।   क्या खाएँ   बाजरा, मक्का   गाजर, मूली   अदरक, सूखा नारियल, सौंठ   मधुर रस युक्त एवं स्निग्ध, वसायुक्त पौष्टिक भोजन     क्या न खाएँ   जीरा   इमली, मोंठ दाल   ककड़ी, खरबूजा, तरबूज   कटु, कषाय रस वाले तथा अतिशीत या रुक्ष खाद्य पदार्थ     दिनचर्या में क्या करें   अभ्यंग (तेल मालिश)   धूप सेवन (आतप स्नान)   हल्का व्यायाम   गर्म पानी से स्नान   ठंड से बचाव के लिए शरीर ढककर रखना     क्या न करें   दिन में सोना   देर रात तक जागना   ठंडे पेय पदार्थ   भूखे रहना या बहुत कम भोजन   ठंडी तेज हवाओं के संपर्क में आना     डॉ. शर्मा ने कहा कि मार्गशीर्ष माह में सही आहार-विहार अपनाकर सम्पूर्ण वर्ष के लिए स्वास्थ्य और ऊर्जा की मजबूत नींव रखी जा सकती है।   संपादक एवं ब्यूरो प्रमुख से अपील है कि इस जनहितकारी जानकारी को यथोचित स्थान प्रदान करें।

मुंगेली में बढ़ रहे घुमंतू गौवंशों से संकट गहराया, गौ सेवा कल्याण समिति ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन — स्थायी गौशाला निर्माण की रखी मांग

  मुंगेली। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते घुमंतू एवं घायल गौवंशों की समस्या को लेकर गौ सेवा कल्याण समिति ने गंभीर चिंता जताते हुए जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय और नगर पालिका परिषद के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। समिति ने कहा कि हालात अब नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं और प्रशासन को तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है। समिति के सदस्यों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन 2–3 गौवंश घायल हो रहे हैं, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्थायी शेड में रखा जा रहा है। वर्तमान में बांस और त्रिपाल से बने इस अस्थायी शेड में 40–50 गौवंशों की देखभाल की जा रही है, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण स्थान और सुविधाओं की भारी कमी है।   गौ रक्षकों ने मांग की है कि शहर में जल्द से जल्द सर्वसुविधायुक्त स्थायी गौशाला का निर्माण कराया जाए, जिससे घायल और बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थान और उचित उपचार मिल सके। समिति ने प्रशासन को 1 जनवरी 2026 तक की समयसीमा देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर गौशाला नहीं बनी, तो भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं में घायल गौवंशों को सीधे जिला पंचायत और नगर पालिका परिषद के भवनों में ही उपचार और आश्रय के लिए लाया जाएगा। ऐसी स्थिति में संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।   समिति की इस सख्त चेतावनी ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। अब देखना यह होगा कि मुंगेली में बढ़ती गौवंश समस्या का समाधान समय पर हो पाता है या नहीं।  

नगरपालिका की लापरवाही से फूटी मुख्य पाइपलाइन, बह गया हजारों लीटर पानी — नागरिकों में आक्रोश

✍️ भागीरथी यादव   मनेन्द्रगढ़। शहर की सिटी कोतवाली के सामने बुधवार शाम पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में पानी फैल गया और क्षेत्र में जलभराव हो गया। करीब दो घंटे तक लगातार बहते पानी से हजारों लीटर कीमती पेयजल व्यर्थ हो गया।   स्थानीय लोगों के अनुसार घटना की जानकारी तुरंत नगरपालिका तक पहुंचा दी गई थी, साथ ही युवाओं ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर स्थिति की गंभीरता बताई। इसके बावजूद देर रात तक मरम्मत दल मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे नागरिकों का आक्रोश बढ़ता गया।   लगातार विरोध के बाद गुरुवार सुबह जेसीबी से खुदाई कर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। पाइपलाइन की क्षति का आकलन और पानी आपूर्ति बहाल होने में कितना समय लगेगा, यह मरम्मत पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा।   नागरिकों ने नगरपालिका से मांग की है कि जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई कर भविष्य में होने वाली पानी की बर्बादी को रोका जाए।  

देव दीपावली पर अरपा तट दीपमय — ब्राह्मण युवा आयाम का भव्य दीपदान एवं महाआरती सम्पन्न

✍️ भागीरथी यादव   बिलासपुर। बैकुण्ठ चतुर्दशी एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर सरकंडा स्थित जबड़ापारा घाट अरपा तट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। ब्राह्मण युवा आयाम द्वारा आयोजित भव्य दीपदान और महाआरती ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।   भगवान लक्ष्मी नारायण की पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में गंगा आरती, भजन-कीर्तन और अरपा मैय्या की मनोहारी महाआरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। दीपों की चमक और आतिशबाज़ी के साथ देव दीपावली का दिव्य उत्सव मनाया गया।   अध्यक्ष ज्योतिन्द्र उपाध्याय सहित संगठन के पदाधिकारी, महिला इकाई और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सांस्कृतिक संरक्षण के साथ ही अरपा नदी की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश देना रहा। उपस्थित लोगों ने नदी संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।

अन्य खबरे

बारिश और ओलों से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत — जंगल की आग पर भी काबू
सकरी पुलिस ने हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, मामूली विवाद बना मौत की वजह
कोरबी में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: विद्यार्थियों ने किया पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण
कोरबा नगर निगम का आदेश: इन तिथियों पर मांस बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित
भाजपा युवा मोर्चा कोरबा में नई नियुक्ति, कृष्णानंद राठौर बने जिला नीति एवं अनुसंधान सह प्रमुख
राजमेरु संस्था रायपुर द्वारा जन-जागरूकता सम्मेलन संपन्न, महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक