बीजापुर: माओवाद की छाया से उभरता इन्द्रावती पार — विकास की नई सुबह, सात गांवों में एक साथ मेगा हेल्थ कैंप आयोजित
✍️ भागीरथी यादव बीजापुर। कभी माओवाद की छाया में सिमटा रहने वाला भैरमगढ़ ब्लॉक अब विकास की नई दिशा में बढ़ रहा है। इन्द्रावती नदी पार बसे सात गांवों — उसपरी, बेलनार, सतवा, कोसलनार, ताड़पोट, उतला और इतामपार — में पहली बार प्रशासन ने एक साथ मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन कर इतिहास रच दिया। छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति 2025 के तहत यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मिसाल बनी है, बल्कि माओवाद प्रभावित इलाकों में विश्वास और विकास का नया अध्याय भी खोल रही है। बड़ी संख्या में माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद अब इन गांवों में प्रशासनिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। मेगा हेल्थ कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने कुल 989 ग्रामीणों की जांच की। इसमें सामान्य जांच के 777, रक्तचाप 371, मुख कैंसर 344, ब्रेस्ट कैंसर 112, नेत्र जांच 199, दंत जांच 154, टीकाकरण 14, संपूर्ण टीकाकरण 8, मलेरिया 156, क्षय रोग 7 तथा उल्टी-दस्त के 24 प्रकरण शामिल रहे। इनमें 54 वरिष्ठ नागरिकों का भी परीक्षण किया गया। कैंप के दौरान एक बालक में हृदय रोग की पुष्टि हुई, जिसे ‘चिरायु योजना’ के तहत उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी। सभी मरीजों को मौके पर उपचार और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुरूप साहू और डॉ. बी.एस. साहू ने बताया कि अब दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो रही हैं, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने की उम्मीद है। ग्रामीण अब भय से नहीं, बल्कि विश्वास और उम्मीद से भरे दिख रहे हैं। बीजापुर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा, “शासन के निर्देशानुसार प्रशासन अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आई है।” बीजापुर में यह पहल इस बात का प्रतीक बन गई है कि अब यह इलाका माओवाद नहीं, बल्कि मुख्यधारा और विकास की नई पहचान बनने की राह पर है।
बीजापुर: अन्नाराम-मरीमल्ला के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी
बीजापुर। जिले के तारलागुड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अन्नाराम और मरीमल्ला के घने जंगलों से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह से मुठभेड़ चल रही है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल एरिया डॉमिनेशन ऑपरेशन पर निकले थे, तभी घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलियों की आवाजें सुनी जा रही हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ अब भी जारी है। इलाके की भौगोलिक स्थिति अत्यंत दुर्गम और घने जंगलों से घिरी होने के कारण ऑपरेशन में सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल किसी भी हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अतिरिक्त बलों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
भूविस्थापितों के अधिकारों पर डाका! शेख मसीह के खिलाफ भूविस्थापित कोयला कर्मचारी एसोसिएशन की कड़ी कार्रवाई की मांग
पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट कोरबा। भूविस्थापित कोयला कर्मचारी एसोसिएशन ने दीपका क्षेत्र में चल रहे कथित फर्जीवाड़े को लेकर बड़ा कदम उठाया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और महाप्रबंधक एसईसीएल दीपका को ज्ञापन सौंपते हुए शेख मसीह के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। संतोष पटेल ने आरोप लगाया कि शेख मसीह न तो दर्राखांचा, अमगांव, हरदीबाजार और न ही दीपका का मूल निवासी है, इसके बावजूद उसने खुद को ‘मूल निवासी’ बताकर एसईसीएल दीपका खदान में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से पीईपी एफएस का प्रमाणपत्र हासिल किया। इसके सहारे वह ठेकेदारी कार्यों में करोड़ों-अरबों रुपये का बंदरबांट कर रहा है, जबकि असली भूविस्थापित अपने हक से वंचित हैं। एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि शेख मसीह कोरबा सांसद से निकटता का हवाला देकर अधिकारियों पर दबाव बनाता है और अपने पक्ष में फैसले करवाता है। यह पूरे क्षेत्र में भ्रष्टाचार और प्रभावशाली नेटवर्क के दुरुपयोग का उदाहरण बन गया है। भूविस्थापित कोयला कर्मचारी एसोसिएशन ने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा भूविस्थापितों के अधिकारों पर इस तरह का अतिक्रमण न हो। ज्ञापन की प्रतियां कलेक्टर कोरबा, पुलिस अधीक्षक कोरबा और महाप्रबंधक एसईसीएल दीपका को सौंपी गई हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो भूविस्थापित समुदाय आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। “यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सैकड़ों असली भूविस्थापितों के भविष्य से जुड़ा है,” — संतोष पटेल, जिलाध्यक्ष, भूविस्थापित कोयला कर्मचारीएसोसिएशन
किश्तवाड़ में बड़ा आतंकी ऑपरेशन, ‘ऑपरेशन छतरू’ में सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई जारी
✍️ भागीरथी यादव जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ छिड़ गई। खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने छतरू के घने वन क्षेत्र में ‘ऑपरेशन छतरू’ नाम से बड़े पैमाने पर सर्च अभियान शुरू किया। भारतीय सेना की ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने बताया कि तड़के अभियान के दौरान जवानों ने आतंकियों से संपर्क स्थापित किया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलियों की तेज़ बौछार शुरू हो गई। सेना ने एक्स पर बताया कि अभियान अभी भी जारी है और आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलते ही इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान (CASO) शुरू किया गया था। जैसे ही सुरक्षाबल करीब पहुंचे, आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में मुठभेड़ तेज हो गई। इस मुठभेड़ के बाद किश्तवाड़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षाबल वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक साल से किश्तवाड़ के ऊंचाई वाले छतरू इलाके में आतंकी गतिविधियों में इज़ाफा देखा गया है। हाल के महीनों में सेना और पुलिस ने आतंकवाद-रोधी अभियानों को तेज किया है, जिससे कई आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल ऑपरेशन जारी है, और सुरक्षाबल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भारतीय मूल के जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर
✍️ भागीरथी यादव अमेरिका में भारतीय मूल के डेमोक्रेट उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार एंड्रयू कुओमो को हराकर शहर के पहले मुस्लिम मेयर बनने का गौरव हासिल किया। युगांडा के विद्वान महमूद ममदानी और मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे जोहरान का जन्म 1991 में युगांडा में हुआ था। वे 1 जनवरी 2026 को अमेरिका के सबसे बड़े महानगर का नेतृत्व संभालेंगे। भारी आलोचनाओं के बावजूद ममदानी को जनता का प्रचंड समर्थन मिला। डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें “कम्युनिस्ट उम्मीदवार” कहा, जबकि एलन मस्क ने बैलेट पेपर घोटाले का आरोप लगाया। लेकिन ममदानी ने हर विवाद के पार जनविश्वास की जीत सुनिश्चित की।
आज का राशिफल
✍️ भागीरथी यादव मेष आज उत्साह बना रहेगा। नए कार्यों में रुचि बढ़ेगी, आर्थिक गतिविधियों में गति आ सकती है। लेकिन स्वास्थ्य व प्रेम-संबंधों में संयम रखें। वृषभ निवेश और खर्च-प्रबंधन पर ध्यान दें। परिवार व मित्र-संबंधों में संतुलन रखना लाभदायक होगा। मिथुन आज आपके लिए बहुत अनुकूल दिन है — नए अवसर मिल सकते हैं, आय में वर्धि संभव है। मित्रों व रिश्तेदारों का सहयोग मिलेगा। कर्क करियर-व्यवसाय में प्रगति होगी। वरिष्ठों से समर्थन मिलेगा। लेकिन खर्चों पर नियंत्रण जरूरी है। सिंह आज आपका आत्मविश्वास ऊँचा रहेगा। काम में सफलता मिलेगी। पर बड़े ऋण-उधार से बचें। स्वास्थ्य को हल्के में न लें। कन्या धैर्य व संयम की आवश्यकता है। कार्यक्षेत्र में वाद-विवाद से बचें। स्वास्थ्य व खान-पान पर ध्यान दें। तुला आज व्यवसाय व भागीदारी से लाभ हो सकता है। प्रेम-संबंधों में संवाद बनाये रखें। वृश्चिक आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। नए स्रोत मिल सकते हैं। पर अहंकार व जिद से बचें। धनु आज मेहनत का अच्छा फल मिलेगा। प्रेम-जीवन में खुशियाँ होंगी और निर्णय लेने-में समय अनुकूल है। मकर आज आपका दिन थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है — विशेष रूप से स्वास्थ्य व पारिवारिक मामलों में। बेहतर होगा कि तर्क-विवाद से बचें। कुंभ सामाजिक व पारिवारिक रिश्तों में वृद्धि होगी। काम-काज में सहयोग मिलेगा। आर्थिक निर्णय सोच-समझकर लें। मीन आज घरेलू माहौल सुखद रहेगा, लेकिन काम-व्यवसाय में लापरवाही से बचें। नए साझेदारों को लेकर सावधानी रखें।
छत्तीसगढ़ में एआई नवाचारों की गूंज, युवाओं के जोश से दमका आयोजन
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी में आयोजित एआई (Artificial Intelligence) आधारित नवाचार प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और युवा नवाचारकर्ताओं के जोश, रचनात्मकता एवं तकनीकी दक्षता की सराहना की। इस अवसर पर इनोवेशन फाउंडेशन, वाधवानी फाउंडेशन, नैस्कॉम फाउंडेशन, स्टार्टअप मिडिल ईस्ट, कार्व स्टार्टअप लैब और छत्तीसगढ़ शासन के बीच पार्टनरशिप एक्सचेंज के लिए समझौता पत्रों का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप टीमों द्वारा विकसित विभिन्न मॉडल, सॉफ्टवेयर और अनुप्रयोगों का अवलोकन करते हुए युवाओं से उनके प्रोजेक्ट्स की उपयोगिता, बाज़ार संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा एआई तकनीक के क्षेत्र में देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं, यह गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे नई सोच और तकनीक के साथ आगे बढ़ें और राज्य को नवाचार का केंद्र बनाएं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, निवेश आयुक्त ऋतु सैन, सचिव राहुल भगत, डीजी एसटीपीआई अरविंद कुमार, सचिव रजत कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्यमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भयावह रेल हादसे से बिलासपुर दहला – कोरबा रूट पर पैसेंजर और मालगाड़ी की टक्कर, कई यात्रियों की मौत की आशंका
✍️ भागीरथी यादव बिलासपुर। शनिवार की सुबह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हुए भीषण रेल हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। सुबह के व्यस्त समय में कोरबा मार्ग पर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन की मालगाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की ताकत इतनी भयावह थी कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज़ दूर तक सुनाई दी और मौके पर धुआं फैल गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदने लगे, जबकि कई यात्री डिब्बों में फंस गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका है और दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया। बचाव दल गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से डिब्बों में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटा है। रेलवे प्रशासन ने फिलहाल इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला प्रशासन और रेलवे विभाग ने पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
भारतीय शेयर बाजार में मंदी का रुख, सेंसेक्स और निफ्टी में हल्की गिरावट
✍️ भागीरथी यादव मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को सपाट शुरुआत की, लेकिन शुरुआती कारोबार में निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में मामूली गिरावट देखने को मिली। सुबह करीब 9:34 बजे, सेंसेक्स 162.84 अंक (0.19%) गिरकर 83,815.65 पर था, जबकि निफ्टी 58.40 अंक (0.23%) की गिरावट के साथ 25,704.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो, ऑटो, आईटी और पीएसयू बैंक शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा, जबकि फार्मा, रियल्टी और मीडिया सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी बैंक 0.36% फिसलकर 57,890.30 पर पहुंचा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स भी हल्की गिरावट में रहे। चॉइस इक्विटी ब्रोकिंग की विश्लेषक अमृता शिंदे ने कहा कि निफ्टी 50 ने पिछले सत्र में मजबूती दिखाई थी और निचले स्तरों पर खरीदारी का रुझान जारी है। उनके अनुसार, निफ्टी के लिए तत्काल रेजिस्टेंस 25,850–26,000 के बीच और सपोर्ट 25,600–25,650 पर है। सेंसेक्स पैक में भारती एयरटेल, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक और अदाणी पोर्ट्स टॉप गेनर्स रहे, जबकि पावरग्रिड, मारुति सुजुकी और इंफोसिस में गिरावट दर्ज हुई। एशियाई बाजारों में मिश्रित रुझान रहा — जकार्ता और हांगकांग में बढ़त जबकि जापान, चीन और सियोल में कमजोरी देखी गई। अमेरिकी बाजारों में भी मिला-जुला रुख रहा। डाउ जोंस 226 अंक गिरा, जबकि एसएंडपी 500 और नैस्डैक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। एफआईआई ने 3 नवंबर को 1883.78 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि डीआईआई ने 3,516.36 करोड़ रुपए की खरीदारी की।
सूडान के अल-फशर में जारी अत्याचार, सैकड़ों नागरिकों की मौत – यूएन ने जताई गंभीर चिंता
✍️ भागीरथी यादव खार्तूम। सूडान के अल-फशर शहर पर रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के कब्जे को एक सप्ताह से अधिक हो गया है। संयुक्त राष्ट्र ने बताया कि वहां महिलाओं और बच्चों सहित नागरिकों पर हमले, हत्या और यौन हिंसा की घटनाएं जारी हैं। यूएन के अनुसार, सैकड़ों लोग मारे गए हैं और हजारों नागरिक शहर में फंसे हुए हैं, जिनका बाहरी दुनिया से संपर्क टूट चुका है। राहत सामग्री की डिलीवरी भी RSF द्वारा रोक दी गई है। अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) के मुताबिक, अब तक 71,000 लोग पलायन कर चुके हैं, जिनमें से अधिकांश तवीला के शिविरों में रह रहे हैं, जहां भोजन और पानी की भारी कमी है। यूएन एजेंसियां राहत कार्यों में जुटी हैं, लेकिन धन की कमी बड़ी चुनौती बनी हुई है। सूडान के लिए 2025 के सहायता प्लान का सिर्फ 28 प्रतिशत फंड ही अब तक मिल पाया है।
















