बांधा में पूर्व सरपंच के घर छापा, सागौन के 31 नग चिरान और सिलपट जब्त….

✍️ भागीरथी यादव

 

जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

 

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बांधा में अवैध इमारती लकड़ी के भंडारण की सूचना पर जुनापारा चौकी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर छापेमारी कर उनके पुत्र राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन की लकड़ी के 31 नग चिरान और सिलपट बरामद किए हैं। जब्त लकड़ी की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। मामले में वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

लंबे समय से मिल रही थी सूचना

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधा में अवैध रूप से इमारती लकड़ी का भंडारण किए जाने और कारोबार संचालित होने की सूचना लंबे समय से मिल रही थी। इसके बाद जुनापारा चौकी पुलिस ने वन विभाग के साथ समन्वय कर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित योजना के तहत टीम ने पूर्व सरपंच खम्मन सोनवानी के घर छापा मारा, जहां उनके पुत्र राजेश सोनवानी के कब्जे से सागौन के 31 नग चिरान और सिलपट बरामद हुए। टीम ने लकड़ी जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

 

अवैध लकड़ी के कारोबार पर शिकंजा

 

सागौन कीमती इमारती लकड़ी है, जिसका उपयोग फर्नीचर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों में किया जाता है। इसकी अधिक कीमत के कारण अवैध कटाई, भंडारण और परिवहन की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे मामलों में वन संपदा की सुरक्षा के लिए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

फिलहाल, जब्त लकड़ी के स्रोत और उससे संबंधित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।