सुशील जयसवाल
जिला खनिज न्यास मद से राशि स्वीकृत नहीं होने पर जताई नाराजगी, मांग पूरी होने तक बैठक का बहिष्कार जारी रखने का निर्णय
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को जनपद पंचायत कोरबा के जनपद सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। जनपद सदस्यों ने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से राशि स्वीकृत नहीं होने पर नाराजगी जताई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को जनपद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए जिला कलेक्टर से जिला खनिज न्यास मद से राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। सदस्यों का कहना है कि उनकी मांग पर अब तक किसी प्रकार की स्वीकृति नहीं मिली है। इससे नाराज जनपद सदस्यों ने सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
इस संबंध में जारी बहिष्कार पत्र में उल्लेख किया गया है कि मांग पूरी नहीं होने तक सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार जारी रहेगा। जनपद सदस्यों के इस कदम से क्षेत्रीय विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृति का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन जनपद सदस्यों की मांग पर क्या कदम उठाता है और विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृति का रास्ता कब तक साफ होता है।
