✍️ भागीरथी यादव
17 अक्टूबर। धमतरी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ग्राम हेरोइन, हुंडई कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि जोधापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान के पास एक व्यक्ति कार में मादक पदार्थ रखकर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान आशुतोष उर्फ आशु, पिता मनसुखलाल तिवारी, निवासी आमातालाब, इंडोर स्टेडियम के पास, धमतरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए रखा एक ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक हुंडई कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, जब्त हेरोइन की कीमत करीब 10 हजार रुपये, कार की कीमत 4 लाख रुपये और दोनों मोबाइल फोन की कीमत लगभग 42 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 4.52 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।
मामले में कोतवाली थाना धमतरी में अपराध क्रमांक 263/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
