बुधवारी बाजार चौक पर सड़क किनारे लग रही दुकानों से बढ़ रही अव्यवस्था, यातायात प्रभावित

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मुख्य बाजार उपलब्ध होने के बावजूद सड़क किनारे रोजाना सज रही दुकानें, निगम की कार्रवाई बेअसर

 

कोरबा। शहर के बुधवारी बाजार चौक के पास मुख्य सड़क किनारे रोजाना लग रही अस्थायी दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों ओर फल, सब्जी और अन्य सामग्री की दुकानें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यस्त समय में यहां जाम जैसी स्थिति बन जाती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बुधवारी बाजार के पास ही पर्याप्त जगह वाला बड़ा बाजार उपलब्ध है, जहां दुकानदार अपना व्यवसाय कर सकते हैं। इसके बावजूद कई दुकानदार मुख्य सड़क के किनारे दुकानें लगाना अधिक सुविधाजनक समझते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और यातायात बाधित होता है।

बताया जा रहा है कि नगर निगम द्वारा पूर्व में कई बार सड़क किनारे लगी दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। नियमित निगरानी नहीं होने के कारण अतिक्रमण दोबारा शुरू हो जाता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और यातायात पुलिस से मांग की है कि सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित रूप से बुधवारी बाजार परिसर में स्थानांतरित कराया जाए, ताकि यातायात सुचारु रहे और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।