✍️ भागीरथी यादव
कुरूद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त बाइक और धारदार हथियार जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में स्कूल बस चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस को रोक लिया। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर बस चालक से विवाद किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुरूद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच के दौरान साक्ष्य और गवाहों के आधार पर मुख्य आरोपी रोहन साहू (21) निवासी मोंगरा, थाना कुरूद (हाल निवासी अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। हिंसा एवं कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
