सिपाही–सेतगंगा मार्ग पर प्रस्तावित शराब दुकान का मामला गर्माया

  कलेक्टर ने गठित की 8 सदस्यीय जांच टीम, किया मौके का निरीक्षण   मुंगेली// सिपाही–सेतगंगा मार्ग पर प्रस्तावित देशी कंपोजिट शराब दुकान खोलने के विरोध के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आठ सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम को आवेदन की जांच, वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच दल में एसडीएम अजय शतरंज, एसडीओपी नवनीत पाटिल, जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हैं।   कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने ग्राम पंचायत बोदा क्षेत्र में प्रस्तावित दुकान के भवन, निविदा प्रक्रिया और विरोध से जुड़े सभी तथ्यों का मौके पर मुआयना किया। प्रशासन को इस दुकान के समर्थन में भी कुछ पत्र प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जांच रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।   जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

आमामुड़ा धोबघाट में अरपा नदी की रेत पर माफियाओं का कब्जा, वन विभाग की चुप्पी पर ग्रामीण भड़के

  बिलासपुर/बेलगहना :- आमामुड़ा के धोबघाट इलाके में अरपा नदी की रेत का अवैध दोहन बेकाबू हो गया है। दिन-रात ट्रैक्टर और भारी वाहन फॉरेस्ट लैंड से रेत निकाल रहे हैं, जबकि वन विभाग की अनुपस्थिति और निष्क्रियता ने ग्रामीणों में गुस्सा भर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रतनपुर रेंज के अधिकारियों की लापरवाही और मिलीभगत के कारण खनन माफियाओं के हौसले बढ़े हुए हैं। पिछले वर्ष जब्त किए गए हाईवा, ट्रैक्टर व पोकलेन कुछ ही दिनों में छोड़ दिए गए, जिससे माफिया फिर सक्रिय हो गए। अवैध खनन से नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है, आसपास के वन क्षेत्रों पर खतरा मंडरा रहा है और भारी वाहनों से उड़ती धूल ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और प्रशासनिक घेराव के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अरपा नदी और पर्यावरण संरक्षण का गंभीर प्रश्न है, जिसे अनदेखा करना भविष्य के लिए भारी नुकसान साबित होगा।

PM आवास योजना में बड़ा खुलासा: कागज़ों में ‘मकान’, जमीन पर सिर्फ ‘शौचालय’

डबल जियो-टैगिंग ने खोली भ्रष्टाचार की परतें, अधिकारी चुप   बिलासपुर/कोटा — कोटा जनपद के ग्राम खैरा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। लाखों की आवास राशि का उपयोग पक्का मकान बनाने के बजाय सिर्फ शौचालय और छोटे कमरों के निर्माण में कर दिया गया। तीन लाभार्थियों को स्वीकृत आवास कागज़ों में पूर्ण दिखाए गए, जबकि जमीनी हकीकत अधूरी और मानकों से परे निकली। डबल जियो-टैगिंग ने बढ़ाया संदेह एक ही आवास पर दो-दो जियो-टैग अपलोड हुए—जो साफ संकेत है कि या तो निरीक्षण बिना स्थल पर पहुँचे कर दिया गया, या तकनीकी स्टाफ की मिलीभगत से जियो-टैगिंग में हेरफेर की गई। लाभार्थी की स्वीकारोक्ति ने बढ़ाई गंभीरता कान्हा जायसवाल ने स्वीकार किया कि पूरी राशि उन्होंने शौचालय और एक छोटे कमरे में खर्च कर दी। यह योजना के नियमों और स्वीकृत निर्माण मानकों का सीधा उल्लंघन है।   तकनीकी फेक का बचाव सवालों के घेरे में तकनीकी प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा—“मेरी अनुमति के बिना जियो-टैगिंग संभव नहीं।” फिर जियो-टैग किसने किया? निरीक्षण किसने पास किया? यह बयान स्वयं उनके खिलाफ गंभीर संदेह खड़ा करता है।   जनपद की चुप्पी और बढ़ा रही शंका मामला उजागर होने के बावजूद न रिपोर्ट, न नोटिस, न प्रारंभिक कार्रवाई—कुछ भी नहीं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सामान्य गलती नहीं, बल्कि “बड़ा आर्थिक खेल” है।   ग्रामीणों की मांग उच्च स्तरीय जांच दोषियों की पहचान व निलंबन गलत भुगतान की वसूली पूरी पंचायत के आवासों की समीक्षा   अब सबसे बड़ा सवाल क्या जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा, या यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा? जनता की निगाहें अब प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं।

आज का राशिफल

✍️ भागीरथी यादव   📰 दैनिक राशिफल – आज का दिन कैसा रहेगा? ♈ मेष (Aries) आज ऊर्जा और उत्साह से भरा दिन रहेगा। कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं। परिवार में किसी शुभ कार्य की चर्चा होगी। यात्रा के योग बन रहे हैं। ♉ वृषभ (Taurus) धन लाभ की संभावना है, पर खर्च भी बढ़ सकते हैं। कार्यस्थल पर आपकी गंभीरता की सराहना होगी। रिश्तों में मिठास बढ़ेगी। ♊ मिथुन (Gemini) आज कोई पुराना काम पूरा होगा। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल। मित्रों से सहयोग मिलेगा। भावनाओं में बहकर निर्णय न लें। ♋ कर्क (Cancer) नई जिम्मेदारियाँ मिल सकती हैं। स्वास्थ्य का थोड़ा ध्यान रखें। घर-परिवार में किसी से मतभेद की स्थिति बन सकती है, धैर्य रखें। ♌ सिंह (Leo) आत्मविश्वास बढ़ेगा और रुक हुए कार्य में गति आएगी। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। सम्मान प्राप्त होने की संभावना। ♍ कन्या (Virgo) कामकाज को लेकर तनाव बढ़ सकता है, लेकिन मेहनत रंग लाएगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। ♎ तुला (Libra) आज भाग्य आपका साथ देगा। रुका हुआ पैसा मिलने के योग। दांपत्य जीवन में सामंजस्य बढ़ेगा। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि। ♏ वृश्चिक (Scorpio) अचानक यात्रा या व्यस्तता बढ़ सकती है। कार्यों में तेजी लाएँ। किसी नए प्रोजेक्ट की शुरुआत के लिए समय अनुकूल है। ♐ धनु (Sagittarius) किसी महत्वपूर्ण काम से लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को सफलता। प्रेम जीवन में सकारात्मक बदलाव। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। ♑ मकर (Capricorn) कारोबार में लाभ के संकेत। वरिष्ठ अधिकारियों से सहयोग मिलेगा। किसी रिश्तेदार से शुभ समाचार मिल सकता है। ♒ कुंभ (Aquarius) सोच-समझकर निर्णय लें। आज भावनात्मक रूप से थोड़ा अस्थिर रह सकते हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। नए मित्र बनेंगे। ♓ मीन (Pisces) आज आध्यात्मिक रुचि बढ़ेगी। कामकाज में लाभ होगा। परिवार में शांति और सहयोग मिलेगा। किसी शुभ कार्य का योग बन सकता है।

आबकारी उप निरीक्षक (Excise Sub Inspector) चयन सूची में सूरज का नाम शामिल, क्षेत्र में खुशी की लहर

  कोरबा। आबकारी उप निरीक्षक (कर्मचारी चयन) विभाग द्वारा जारी मुख्य सूची (Main List) में कोरबा जिले के युवा सूरज का नाम शामिल किया गया है। जारी सूची के पेज–9 पर रोल नंबर 2403183475 के साथ सूरज का चयन OBC वर्ग में हुआ है। सूची प्रकाशित होने के बाद सूरज के परिजनों और शुभचिंतकों में उत्साह और खुशी का माहौल है। सूरज ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर तैयारी के दम पर यह सफलता हासिल की है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि सूरज का चयन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह साबित करता है कि लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। चयन सूची में कुल 90 पदों के लिए चयनित अभ्यार्थियों के नाम शामिल किए गए हैं, जिसमें सूरज का नाम भी प्रमुख रूप से दर्ज है। विभाग ने चयन सूची जारी करते हुए आगे की प्रक्रिया के लिए निर्देश भी जारी किए हैं। सूरज की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है

कोरबा नगर निगम को मिला 2.77 करोड़ का विकास पैकेज, वार्ड-31 में नाली, सड़क और स्ट्रीट लाइटिंग सहित कई कार्यों को मंजूरी

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के लिए कुल 2 करोड़ 77 लाख 16 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव की मंजूरी के बाद विभाग ने संचालनालय से आदेश जारी करते हुए कहा है कि सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।   चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अधोसंरचना मद से जारी इस बजट के तहत वार्ड क्रमांक-31 के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को हरी झंडी मिली है।   🔶 स्वीकृत कार्य एवं बजट   आर.सी.सी. नाली निर्माण – ₹ 97 लाख 08 हजार   सड़क डामरीकरण – ₹ 94 लाख 49 हजार   काली मंदिर से आर.पी. नगर शिवाजी नगर मोड़ तक सी.सी. रोड – ₹ 49 लाख 64 हजार   आर.पी. नगर में स्ट्रीट लाइटिंग – ₹ 35 लाख 95 हजार     इन परियोजनाओं के पूरा होने से वार्ड-31 के नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा, जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षित रोशनी का लाभ मिलेगा। स्थानीय निवासियों ने इस बजट स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।   नगरीय प्रशासन विभाग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।  

सब-जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ की टीम रवाना

  महासमुंद के 6 खिलाड़ी ईटानगर में दिखाएंगे दम   महासमुंद। भारतीय तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित 42वीं एनटीपीसी सब-जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में हिस्सा लेने छत्तीसगढ़ की टीम ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) के लिए रवाना हो गई है। 22 से 30 नवंबर तक होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में महासमुंद जिले के 6 प्रतिभाशाली खिलाड़ी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।   बॉल आश्रम बिहाझर बागबाहरा एवं खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर भोरिंग में प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों— तोरण यादव, चांदनी साहू, जया साहू, डोमेश्वरी साहू, देविका साहू और नवलीन कौर—ने इंडियन, कंपाउंड और रिकर्व राउंड में जगह बनाई है। इनमें जया साहू और डोमेश्वरी साहू छत्तीसगढ़ राज्य टीम में चयनित हुई हैं।   राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद के साथ खिलाड़ी रवाना हुए। जिले के खिलाड़ियों को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित तीरंदाजी संघ, खेल विभाग और प्रशिक्षकों ने शुभकामनाएँ दीं।

मुंगेली में अवैध सट्टा नेटवर्क पर कसा प्रशासन का शिकंजा कुख्यात खाईवाल ‘लाला भर्रा महाराज’ के अवैध कब्जों पर चला जेसीबी, बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप

  मुंगेली। जिले के खैरासेतगंगा ग्राम में वर्षों से फैले अवैध सट्टा नेटवर्क पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को तड़के छापेमारी करते हुए कुख्यात खाईवाल योगेंद्र शर्मा उर्फ लाला भर्रा महाराज के अवैध निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। लगातार शिकायतों से घिरे इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। कई जिलों में फैला था अवैध सट्टे का साम्राज्य ग्रामीणों के अनुसार लाला भर्रा महाराज लंबे समय से मुंगेली, कवर्धा और बेमेतरा जिलों में बड़े सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहा था। मोबाइल के माध्यम से चल रहे इस अवैध कारोबार में हजारों युवक और महिलाएं जुड़े बताए जाते हैं, जिसकी वजह से कई परिवार आर्थिक रूप से बर्बादी की कगार पर पहुँच चुके थे। लगातार शिकायतों के बाद बनी विशेष टीम, छापेमारी में मिले बड़े सबूत ग्रामवासियों द्वारा एसपी से लेकर डीजी तक की गई बार-बार शिकायतों के बाद एक विशेष टीम गठित की गई। हाल ही में की गई छापेमारियों में 5 से 7 लोग मौके पर सट्टा लिखते पकड़े गए। पकड़े गए आरोपियों के बयान में बताया गया कि वे सब लाला भर्रा महाराज के निर्देश पर ही कार्य कर रहे थे। टीम को मिले मोबाइल डेटा में लाखों रुपए के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े कई सुराग मिले। पुलिस ने जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे—बेदखली आदेश के बाद भी जारी था निर्माण ग्रामीणों की शिकायतों में यह भी सामने आया कि आरोपित ने शासकीय भूमि को घेरकर अवैध दुकानें और संरचनाएँ खड़ी कर ली थीं। राजस्व विभाग द्वारा पूर्व में दिए गए बेदखली आदेश के बावजूद कब्जा कायम था। हाल ही में तालाब पार क्षेत्र में एक नई अवैध दुकान बनाए जाने की जानकारी पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया। राजस्व विभाग की बड़ी कार्रवाई—अवैध दुकानों को किया ध्वस्त बुधवार की सुबह राजस्व विभाग, थाना स्टाफ, पटवारी और कोटवार की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी की मदद से तालाब पार की दुकान सहित अन्य अवैध निर्माणों को तोड़ दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आगे भी ऐसे सभी अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माणों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामवासियों ने ली राहत की सांस लंबे समय से चल रहे अवैध सट्टे और कब्जों के कारण ग्राम में असामाजिक गतिविधियाँ बढ़ रही थीं। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कदम से क्षेत्र में शांति और व्यवस्था लौटने की उम्मीद बढ़ गई है। मुंगेली प्रशासन की यह बड़ी कार्रवाई आने वाले दिनों में अवैध कारोबारियों के लिए सख्त संदेश मानी जा रही है।

मनेंद्रगढ़ में ट्रैफिक सिस्टम दुरुस्त करने पुलिस का बड़ा एक्शन दुकानों के सामने खड़ी अवैध गाड़ियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

    मनेंद्रगढ़। शहर में बढ़ती ट्रैफिक अव्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने शुक्रवार की शाम सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेश सैनी अपनी टीम के साथ शहर के मुख्य इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च पर निकले और अवैध पार्किंग पर कड़ी नज़र रखी।   पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग, बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड रोड, हजारी चौक सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कई दुकान संचालक अपनी दुकानों के सामने दोपहिया व चारपहिया खड़े कर रहे थे, जिससे आम जनता को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और जाम की स्थिति बन रही थी।   पुलिस ने तत्काल ऐक्शन लेते हुए नियम विरुद्ध खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की। कुछ स्थानों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को समझाइश देकर हटवाया गया।   थाना प्रभारी दीपेश सैनी ने मौके पर व्यापारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि— “बाजार क्षेत्र में अवैध पार्किंग अब किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखना हमारी पहली प्राथमिकता है।”   इसके साथ ही पुलिस टीम ने आम नागरिकों को मोटर व्हीकल एक्ट के नियम बताए तथा हेलमेट पहनने, निर्धारित पार्किंग स्थल के उपयोग और अनावश्यक भीड़ न बढ़ाने की अपील की।   शहरवासियों ने पुलिस की इस सख्त पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लगातार ऐसी कार्रवाई से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पहले से बेहतर व सुचारू होगी। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित हो सके।  

ग्राम पंचायत डोडकी में एनएसएस शिविर व निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप का भव्य आयोजन

पाली से ज्ञान शंकर तिवारी की रिपोर्ट ग्राम पंचायत डोडकी में गुरुवार को एनएसएस विशेष शिविर के साथ एक ब्रृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में होम्योपैथिक (आयुष) आरोग्य केंद्र चैतमा, शासकीय आयुर्वेद औषधालय चैतमा, तथा गोपाल मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, कटघोरा की संयुक्त टीमों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही आयोजित रक्तदान शिविर में 30 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आत्मानंद उत्कृष्ट हायर सेकंडरी स्कूल चैतमा के एनएसएस इकाई के छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी अनुशासित भागीदारी और सेवा भावना ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बनाया। ग्राम पंचायत डोडकी के सरपंच, पंचगण और विद्यालय के शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। एनएसएस प्रभारी बंजारे सर, धीवर सर और साहू मैडम की सक्रिय उपस्थिति और मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिलेश्वर आदिले का विशेष सहयोग सराहा गया। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देता है बल्कि समाज में युवा शक्ति और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करता है।

अन्य खबरे

बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे
संसद घेराव आंदोलन के लिए यूथ कांग्रेस कोरबा की टीम दिल्ली रवाना
भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन
कटघोरा–पेंड्रा रोड की जर्जर सड़क से लोग परेशान, दुर्घटना का खतरा बढ़ा
अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक का पैर बुरी तरह कुचला