🌞 आज का राशिफल – 13 नवंबर 2025 (गुरुवार)

✍️ भागीरथी यादव     ♈ मेष (Aries) आज कार्यस्थल पर मेहनत का फल मिलेगा। वरिष्ठों से प्रशंसा प्राप्त होगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार में आनंद का माहौल रहेगा। शुभ रंग: लाल | शुभ अंक: 9     —   ♉ वृषभ (Taurus) दिन चुनौतियों भरा हो सकता है, लेकिन धैर्य से काम लें। किसी पुराने मित्र से मुलाकात मन प्रसन्न करेगी। निवेश में सोच-समझकर कदम बढ़ाएं। शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 6     —   ♊ मिथुन (Gemini) आज का दिन रचनात्मक कार्यों के लिए उपयुक्त है। छात्रों को सफलता मिल सकती है। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी। शुभ रंग: हरा | शुभ अंक: 3     —   ♋ कर्क (Cancer) कार्य में थोड़ी देरी संभव है, लेकिन परिणाम अनुकूल रहेंगे। परिवार में बुजुर्गों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शुभ रंग: नीला | शुभ अंक: 2     —   ♌ सिंह (Leo) मान-सम्मान में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। यात्रा लाभदायक रहेगी। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। शुभ रंग: सुनहरा | शुभ अंक: 1     —   ♍ कन्या (Virgo) आज का दिन निर्णय लेने में अनुकूल रहेगा। आर्थिक मामलों में सावधानी रखें। विद्यार्थियों के लिए समय लाभकारी है। शुभ रंग: आसमानी | शुभ अंक: 5     —   ♎ तुला (Libra) आज आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए दिन शुभ है। परिवार में छोटी खुशियाँ मिलेंगी। शुभ रंग: गुलाबी | शुभ अंक: 7     —   ♏ वृश्चिक (Scorpio) आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। पुराने विवाद खत्म हो सकते हैं। किसी नजदीकी व्यक्ति से सहयोग मिलेगा। शुभ रंग: बैंगनी | शुभ अंक: 4     —   ♐ धनु (Sagittarius) कार्य में सफलता मिलने की प्रबल संभावना है। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। शुभ रंग: पीला | शुभ अंक: 8     —   ♑ मकर (Capricorn) आज का दिन मिलाजुला रहेगा। किसी नए प्रोजेक्ट की शुरुआत के लिए उपयुक्त समय है। परिवार में स्नेह बना रहेगा। शुभ रंग: स्लेटी | शुभ अंक: 10     —   ♒ कुंभ (Aquarius) साझेदारी में किए कार्य लाभ देंगे। मित्रों का सहयोग मिलेगा। धन लाभ के योग हैं। शाम का समय परिवार संग बिताएं। शुभ रंग: फिरोजी | शुभ अंक: 11     —   ♓ मीन (Pisces) मन में नई ऊर्जा का संचार होगा। कार्यस्थल पर आपकी योजना एँ सफल होंगी। दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। शुभ रंग: सफेद | शुभ अंक: 12  

मुंगेली में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: ग्राम तरकीहीड में 6.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी पर प्रकरण दर्ज

✍️ भागीरथी यादव   मुंगेली, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर मुंगेली जिले की आबकारी टीम ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम तरकीहीड में टीम ने 6.5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की।   जिला आबकारी अधिकारी श्री रविशंकर साय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी फूलचंद मिरी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।   उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से नियंत्रण के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय में लिप्त लोगों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।   जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब के कारोबार की सूचना तुरंत आबकारी विभाग या पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।

राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट में कबीरधाम की बेटी दीपेश्वरी ने जीता कांस्य पदक, कलेक्टर ने किया सम्मानित

✍️ भागीरथी यादव   कबीरधाम, कबीरधाम जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपेश्वरी ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है।   दीपेश्वरी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कबीरधाम की बेटियाँ आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। दीपेश्वरी की यह सफलता न केवल जिले, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।   कलेक्टर वर्मा ने कहा कि दीपेश्वरी की मेहनत और लगन से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और मंच उपलब्ध कराकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के अवसर मिल सकें।   इस अवसर पर श्री निगेश्वर नाथ योगी, श्री हिम्मत साहू, श्री नरेन्द्र साहू, श्री नितेश चंदेल, श्री छेदीलाल निषाद, सुश्री रोहिणी साहू, सुश्री दुर्गा श्रीवास, श्री देवकुमार साकेत और श्री अनिल वर्मा उपस्थित रहे। सभी ने दीपेश्वरी को बधाई दी और उनके समर्पण, साहस तथा प्रतिबद्धता की सराहना की।

कोरबा में डकैती का तांडव: हथियारों से लैस दो दर्जन बदमाशों ने की लाखों की लूट, कई ग्रामीणों को बनाया बंधक

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा, कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के तिलाईडांड में बुधवार की रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। देर रात करीब दो दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने गांव में धावा बोलते हुए एक मकान को निशाना बनाया और ग्रामीणों को बंधक बनाकर लाखों रुपए की लूट को अंजाम दिया।   घटना के दौरान डकैतों ने ग्रामीणों को हथियारों से धमकाया और विरोध करने पर जान से मारने की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि लुटेरे रात के अंधेरे में पहुंचे थे और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में आसपास के जंगलों व संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।   घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है और आरोप लगाया है कि रात के समय पुलिस गश्त न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।   पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

बस्तर में मत्स्य क्रांति: 25 साल में 8 गुना बढ़ा उत्पादन

✍️ भागीरथी यादव रायपुर, 12 नवंबर 2025   छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मछलीपालन ने पिछले 25 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। राज्य निर्माण के समय जहां मत्स्य उत्पादन 574 मीट्रिक टन था, वहीं अब यह बढ़कर 16 हजार मीट्रिक टन से अधिक हो गया है। इसी तरह मत्स्य बीज उत्पादन भी 149 लाख से बढ़कर 728 लाख फिंगरलिंग्स तक पहुंच गया है।   राज्य सरकार की नीतियों और प्रोत्साहन योजनाओं से जिले के 10 हजार से ज्यादा मत्स्यपालक लाभान्वित हुए हैं। मत्स्यपालन को कृषि का दर्जा मिलने से किसानों को क्रेडिट कार्ड सुविधा, ब्याजमुक्त ऋण और बिजली-बिल में छूट का लाभ मिल रहा है। जिले में तालाबों की संख्या 757 से बढ़कर 4852 और कुल जलक्षेत्र 3888 हेक्टेयर हो गया है, जिनमें 97 प्रतिशत क्षेत्र में सक्रिय मछली पालन हो रहा है। बस्तर अब मत्स्य बीज में आत्मनिर्भर होकर आसपास के जिलों और ओडिशा को भी आपूर्ति कर रहा है।   बायोफ्लॉक तकनीक और झींगा पालन जैसी आधुनिक पद्धतियों से मछुआरों की आमदनी में बढ़ोतरी हुई है। मत्स्यपालन विभाग के उप संचालक मोहन राणा ने कहा कि किसानों के परिश्रम और सरकारी योजनाओं के समन्वय से बस्तर में “नीली क्रांति” का नया दौर शुरू हो गया है।  

एलडब्ल्यूई जिलों में विकास कार्यों की समीक्षा, ग्रामीण आजीविका और आधारभूत ढांचे पर जोर

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर, 12 नवंबर 2025   एलडब्ल्यूई (वामपंथी उग्रवाद प्रभावित) जिलों में विकास कार्यों और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए बुधवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री मनोज कुमार पिंगुआ ने की। बैठक में एनसीएईआर सर्वे के आधार पर बस्तर संभाग के जिलों के बुनियादी ढांचे में मौजूद अंतरालों की समीक्षा की गई। इसमें सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण, मोबाइल टावर की आवश्यकता, विद्युत आपूर्ति, प्राथमिक विद्यालय भवनों की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मिड-डे मील व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी, पीएचसी, सीएससी) की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति और आजीविका साधनों के विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।   संयुक्त सचिव (एलडब्ल्यूई) श्री राजीव कुमार ने कहा कि नक्सल मुक्त क्षेत्रों के ग्रामीणों के लिए आजीविका मिशन के तहत माइक्रो प्लानिंग कर कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्थानीय जरूरतों और संसाधनों को ध्यान में रखकर बेहतर योजनाएं बनाने पर बल दिया।   प्रमुख सचिव (पंचायत एवं ग्रामीण विकास) निहारिका बारिक ने जिलों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार स्पेशल प्रोजेक्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और अंदरूनी बसाहटों में विद्युतीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और सर्विस सेक्टर में रोजगार सृजन के लिए ठोस योजनाएं बनाने पर भी जोर दिया।   बैठक में सचिव (गृह) नेहा चम्पावत, एडीजी (नक्सल ऑपरेशन) विवेकानंद सिन्हा, आईजी (सीएएफ) बीएस ध्रुव, आईजी (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी., प्रभारी कमिश्नर व कलेक्टर बस्तर हरिस एस, बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ और संबंधित विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एनकेएच ओलंपिक्स 2025: खेल भावना और फिटनेस का अनोखा संगम

कोरबा// न्यू कोरबा हॉस्पिटल (एनकेएच) में 9 से 12 नवंबर तक “एनकेएच ओलंपिक्स 2025” का भव्य आयोजन किया गया। स्वस्थ जीवनशैली और कार्य के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम में अस्पताल की सभी शाखाओं — कोरबा, चांपा, कटघोरा, बालको, जमनीपाली, एनकेएच मेडजोन और एडवांस डायग्नोस्टिक सेंटर (एडीसी) — के स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चार दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, अंताक्षरी, म्यूजिकल चेयर, टंग ऑफ वॉर और डिबेट जैसे खेल शामिल रहे। महिला क्रिकेट में एनकेएच कोरबा और पुरुष क्रिकेट में एनकेएच चांपा विजेता रही। खो-खो में महिला वर्ग में एनकेएच जीवन आशा तथा पुरुष वर्ग में एनकेएच चांपा ने जीत दर्ज की। शतरंज में योगेश, वाद-विवाद में कौशलेंद्र, पुशअप (महिला वर्ग) में रामेश्वरी शर्मा और (पुरुष वर्ग) में रितेश प्रथम रहे। एनकेएच के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी और डॉ. वंदना चंदानी ने कहा — “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। यह आयोजन कर्मचारियों में टीम भावना और फिटनेस के प्रति जागरूकता को बढ़ाता है।” एनकेएच के 11 वर्ष: चिकित्सा सेवा में नई ऊंचाइयां एनकेएच ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में संस्थान ने चिकित्सा सेवा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि “एनकेएच ओलंपिक्स सिर्फ खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का उत्सव है।” संस्थान का स्थापना दिवस समारोह 15 नवंबर को रवि शंकर नगर स्थित मल्लिक वाटिका में मनाया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

नाना को आजीवन कारावास: गूंगी-बहरी नातिन से दुष्कर्म के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट का बड़ा फैसला

मुंगेली// फास्ट ट्रैक कोर्ट मुंगेली ने एक जघन्य अपराध के मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए 62 वर्षीय मोहन जोशी को अपनी ही गूंगी-बहरी नातिन से दुष्कर्म के आरोप में आजीवन कारावास और 2000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा न करने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास होगा।   मामला थाना फास्टरपुर क्षेत्र का है। घटना 21 फरवरी 2024 को हुई थी, जब पीड़िता घर में अकेली थी। इसी दौरान नाना मोहन जोशी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।   लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने अभियोजन पक्ष रखा। अदालत ने पीड़िता के इशारों से दर्ज बयान, मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों को प्रमाणित मानते हुए आरोपी को दोषी ठहराया।   न्यायाधीश राकेश कुमार सोम ने कहा — “ऐसे अपराध समाज के नैतिक मूल्यों को हिला देते हैं, कानून के सामने कोई रिश्ता अपराध की ढाल नहीं बन सकता।”

कटघोरा से स्पोर्ट्स अपडेट — मोहलाइन भाठा में गूंजेगा चौकों-छक्कों का धमाका!

✍️ भागीरथी यादव   कटघोरा। खेल प्रेमियों के लिए खुशखबरी! मोहलाइन भाठा वार्ड क्रमांक 08 में क्रिकेट का जबरदस्त उत्सव शुरू होने जा रहा है। मॉर्निंग क्रिकेट अकेडमी, मोहलाइन भाठा के तत्वाधान में “पिकनिक कप सुपर-6 क्रिकेट टूर्नामेंट 2025” का आयोजन किया जा रहा है।   यह टूर्नामेंट 13 नवंबर की सुबह 7 बजे से आरंभ होगा और 14 नवंबर को भव्य फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न होगा। खास बात यह है कि फाइनल मैच फ्लड लाइट की रोशनी में खेला जाएगा, जिससे रोमांच अपने चरम पर रहेगा।   टूर्नामेंट में चार दमदार टीमें मैदान में उतरेंगी — 1️⃣ Thunder स्ट्राइकर (पिछले टूर्नामेंट की विजेता टीम) – कप्तान: अभिषेक ठाकुर 2️⃣ रॉयल चलेजर – कप्तान: पंकज जायसवाल 3️⃣ डेंजर-11 – कप्तान: आर्यन गुप्ता 4️⃣ योद्धा सुपर किंग – कप्तान: आमान खान   चारों टीमों के बीच लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें से शीर्ष दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी। टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना और टीम स्पिरिट को बढ़ावा देना है।   इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक हैं AISECT आकाश कंप्यूटर कॉलेज, कटघोरा, जिसके डायरेक्टर आकाश मनकर हैं। आयोजन की सफलता के लिए मॉर्निंग क्रिकेट क्लब, मोहलाइन भाठा के सभी सदस्य पूरी लगन से जुटे हुए हैं।   आने वाले दो दिनों तक मोहलाइन भाठा मैदान में गूंजेगी चौकों-छक्कों की गूंज, और क्रिकेट प्रेमियों से अपील है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।   🏏 कटघोरा तैयार है क्रिकेट के सुपर रोमांच के लिए!

22 दिन की ताबड़तोड़ कार्रवाई में 2.85 करोड़ की ज्वेलरी बरामद — तिल्दा-नेवरा के थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने लिखी पुलिसिंग की नई इबारत

    रामानुजगंज ज्वेलरी शॉप डकैती कांड में पुलिस की दृढ़ता, सूझबूझ और सटीक रणनीति ने इतिहास रच दिया है। माननीय सत्र न्यायालय ने इस बड़े डकैती कांड में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के 8 कुख्यात अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह वही मामला है जिसमें 2.85 करोड़ रुपये मूल्य की सोने-चांदी की ज्वेलरी की लूट को अंजाम दिया गया था।   इस जटिल और बहु-राज्यीय अपराध की जांच में तिल्दा-नेवरा के थाना प्रभारी श्री रमाकांत तिवारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक रही। मामला दर्ज होते ही उन्होंने विशेष जांच दल का गठन किया और तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र व अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के माध्यम से जांच को गति दी। अपराधी लगातार राज्य बदल रहे थे, जिससे उन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण था। इनके ऊपर बिहार और झारखंड में पहले से कई गंभीर अपराध दर्ज थे।   थाना प्रभारी श्री रमाकांत तिवारी एवं उनकी पुलिस टीम ने बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में 22 दिनों तक फील्ड में रहकर अपराधियों का लगातार पीछा किया। तकनीकी विश्लेषण और सूझबूझ से गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ। गिरोह के ऊपर झारखंड व बिहार सरकार की ओर से ₹1 लाख का इनाम घोषित था। टीम ने धैर्यपूर्वक और रणनीतिक ढंग से काम करते हुए गिरोह के सरगना सहित सात अपराधियों को 22 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया और अपराधियों के ठिकानों से 2.85 करोड़ रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद की।   माननीय सत्र न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि यह अपराध पूर्व नियोजित, हथियारबंद और समाज के लिए भयावह था, इसलिए कठोर दंड आवश्यक है। न्यायालय ने सभी आठ अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा के साथ 50 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है।   इस ऐतिहासिक फैसले के बाद तिल्दा-नेवरा में गर्व और प्रसन्नता का माहौल है। नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने थाना प्रभारी श्री रमाकांत तिवारी की कार्यकुशलता, तत्परता और नेतृत्व क्षमता की सराहना की है। ऐसे कर्मठ और दृढ़ नेतृत्व से अपराधियों में कानून का भय कायम रहता है और जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत होता है।   यह फैसला इस बात का प्रतीक है कि छत्तीसगढ़ की धरती सदैव भयमुक्त और न्यायप्रिय रहेगी।   कानून की जीत — अपराध की हार मामले की संपूर्ण विवेचना कार्यवाही तिल्दा-नेवरा के वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी द्वारा की गई।    

अन्य खबरे

छेड़छाड़ से आहत नाबालिग ने लगाई फांसी, आरोपी युवक गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
चिरमिरी के जंगलों में आगजनी, वन संपदा पर मंडराया खतरा; संसाधनों की कमी से जूझ रहा वन विभाग
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप, 3000 रुपये तक वसूली की चर्चा; होटलों के सामने गैस संकट
बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, चार दिन में 72 वाहनों पर चालान
वन सुरक्षा कार्य में लापरवाही? बिना पानी-मिश्रण के गाड़े जा रहे फेंसिंग के खंभे
संसद घेराव आंदोलन के लिए यूथ कांग्रेस कोरबा की टीम दिल्ली रवाना