भारत – इजराइल के बीच ऐतिहासिक द्विपक्षीय निवेश समझौता;

  लोकसदन : नई दिल्ली । भारत और इजराइल ने सोमवार को एक ऐतिहासिक द्विपक्षीय निवेश समझौते (बीआईए) पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य पारस्परिक निवेश को मजबूत करना और दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों का विस्तार करना है। इस समझौते को राष्ट्रीय राजधानी में भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और इजरायल के वित्त मंत्री बेजेल स्मोट्रिच द्वारा साइन किया गया है। इस समझौते के साथ इजराइल, भारत के नए मॉडल संधि ढांचे के तहत निवेश समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला पहला आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) सदस्य देश बन गया है। इससे पहले भारत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)और उज्बेकिस्तान के साथ भी इस तरह का समझौता कर चुका है। इस समझौते पर इजरायल के वित्त मंत्री स्मोट्रिच ने कहा, यह एक रणनीतिक कदम है जो इजराइली और भारतीय निवेशकों, दोनों के लिए नए द्वार खोलेगा, इजराइली निर्यात को मजबूत करेगा और दोनों पक्षों के व्यवसायों को दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में विकास के लिए निश्चितता और साधन प्रदान करेगा।” उन्होंने आगे कहा, भारत एक उभरती हुई आर्थिक शक्ति है और इसके साथ सहयोग इजराइल के लिए एक बड़ा अवसर है। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, स्मोट्रिच इजरायल के सरकारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं जो दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए रविवार रात भारत के लिए रवाना हुआ। इस प्रतिनिधिमंडल में मंत्रालय के मुख्य अर्थशास्त्री शमूएल अब्रामजोन, महालेखाकार याली रोथेनबर्ग और महानिदेशक इलान रोम शामिल हैं। अन्य प्रमुख अधिकारियों में इजराइल सिक्योरिटीज अथॉरिटी के अध्यक्ष सेफी सिंगर भी शामिल हैं।

कैंसर से जंग में नई उम्मीद: रूस की ‘एंटेरोमिक्स’ क्लीनिकल ट्रायल में 100% सफल

  लोकसदन : मॉस्को। कैंसर जैसी घातक बीमारी के खिलाफ दुनिया को नई उम्मीद मिल सकती है। रूस की mRNA आधारित वैक्सीन एंटेरोमिक्स (Enteromix) ने क्लीनिकल ट्रायल में 100% प्रभावशीलता और सुरक्षा दर्ज की है। रूस की फेडरल मेडिकल एंड बायोलॉजिकल एजेंसी (FMBA) ने ऐलान किया कि यह वैक्सीन अब क्लीनिकल उपयोग के लिए तैयार है।FMBA प्रमुख वेरोनिका स्क्वोर्टसोवा ने बताया कि यह वैक्सीन न केवल सुरक्षित पाई गई है, बल्कि ट्यूमर को सिकोड़ने और उसकी वृद्धि को धीमा करने में भी असरदार साबित हुई है। खास बात यह है कि इसे हर मरीज के RNA प्रोफाइल के आधार पर पर्सनलाइज़ किया जाएगा।   किन बीमारियों के लिए तैयार हो रही वैक्सीन? पहला संस्करण कोलोरेक्टल कैंसर के इलाज में उपयोग होगा। दूसरा संस्करण ग्लियोब्लास्टोमा (मस्तिष्क कैंसर) और विशिष्ट प्रकार के मेलेनोमा (त्वचा कैंसर) के लिए विकसित किया जा रहा है।   कैसे काम करती है एंटेरोमिक्स? एंटेरोमिक्स mRNA तकनीक से बनी है, वही तकनीक जो COVID-19 वैक्सीन में इस्तेमाल हुई थी। यह वैक्सीन इम्यून सिस्टम को इस तरह प्रशिक्षित करती है कि वह कैंसर कोशिकाओं को पहचानकर नष्ट कर सके।यह हर मरीज के लिए अलग-अलग तैयार की जाएगी।इसमें न तो कीमोथेरेपी जैसी थकान, न ही रेडिएशन जैसे गंभीर साइड इफेक्ट देखने को मिले।मरीजों ने इसे बिना परेशानी के सहन किया। रिसर्च और विकास ट्रायल में शुरुआती चरण में 48 वालंटियर्स ने हिस्सा लिया। इसे रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय के नेशनल मेडिकल रिसर्च रेडियोलॉजी सेंटर और एंगेलहार्ट इंस्टीट्यूट ऑफ मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (EIMB), रशियन एकेडमी ऑफ साइंस ने मिलकर विकसित किया।   दवा को सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF 2025) में पेश किया गया था। MedPath की रिपोर्ट के अनुसार, एंटेरोमिक्स चार सुरक्षित वायरस का इस्तेमाल कर कैंसर कोशिकाओं पर हमला करता है और साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करता है।

कांग्रेस सांसद ने ग्रामीण के कंधे पर बैठकर किया बाढ़ क्षेत्र का दौरा

लोकसदन : कटिहार। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी एक नए विवाद में फंस गई है। कटिहार के सांसद तारिक अनवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वे बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने के दौरान एक ग्रामीण के कंधे पर सवार नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर विपक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। कंधे पर बैठकर किया दौरा जानकारी के मुताबिक, सांसद तारिक अनवर दो दिवसीय दौरे पर कटिहार पहुंचे थे। वे बाढ़ग्रस्त धुरियाही ग्राम पंचायत के सोनाखाल और शिवनगर के बीच कटान क्षेत्र का जायजा ले रहे थे। ट्रैक्टर से दूरदराज तक जाने के बाद जब उन्हें कीचड़ और पानी भरे हिस्से से गुजरना पड़ा, तो वे एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर रास्ता पार करते दिखे। वीडियो में दो अन्य ग्रामीण उन्हें सहारा देते भी नजर आए, ताकि उनका संतुलन न बिगड़े। कांग्रेस की सफाई इस मामले में कटिहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील यादव ने सफाई देते हुए कहा, “सांसद अनवर इलाके में लोगों की समस्याएं समझने गए थे। दौरे के दौरान उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इस कारण वे ठीक से चल नहीं पा रहे थे। ग्रामीणों ने ही आग्रह कर उन्हें कंधे पर बैठाकर बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण करवाया।” सांसद अनवर का बयान सांसद तारिक अनवर ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “कीचड़ और पानी देखकर ग्रामीणों ने आग्रह किया कि मैं उनके कंधे पर बैठकर रास्ता पार कर लूं। उनका अनुरोध मैं मना नहीं कर सका।” विपक्ष के निशाने पर कांग्रेस वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि जनता की परेशानी देखने गए सांसद खुद जनता पर बोझ बन गए।  

12 दिन बाद खुलेंगे स्कूल

लोकसदन : पंजाब में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। राज्य के बाढ़ प्रभावित सभी 23 जिलों के 2050 गांवों में कुल 3 लाख 87 हजार 898 व्यक्ति बेघर हो गए हैं जबकि 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य के कई जिलों में अब तक बाढ़ के कारण 48 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि जिला पठानकोट से तीन व्यक्ति लापता हैं। तो वहीं बाढ़ के कारण 27 अगस्त से राज्य में सभी स्कूल बंद हैं। इसके अलावा दो बार स्कूलों की छुट्टियां भी बढ़ाई गई थी। ऐसे में लगभग 12 दिन बाद स्कूल दोबारा खोले जा रहे हैं। 8 सितंबर यानी सोमवार से स्कूलों को खोला जा रहा है, लेकिन सोमवार को विद्यार्थी स्कूल नहीं आएंगे। पंजाब सरकार की तरफ से जारी किए गए दिशा निर्देशों के तहत 8 सितंबर को राज्य के सभी सरकारी स्कूल विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे। पंजाब सरकार ने राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलीटेक्निक संस्थान और आईटीआई 8 सितंबर से फिर से खोलने का फैसला लिया। हालांकि, बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में संस्थानों को बंद रखने का निर्णय संबंधित डिप्टी कमिश्नर ले सकेंगे। सरकारी स्कूलों में सोमवार को सिर्फ शिक्षक आएंगे और स्कूलों का निरीक्षण व नुकसान का आकलन करेंगे। 9 सितंबर से विद्यार्थियों को स्कूल में आना होगा। इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों के प्रबंधकों के लिए यह सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा कि स्कूल की इमारत और कक्षाएं पूरी तरह बच्चों के लिए सुरक्षित हों, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। 8 सितंबर को राज्य के सभी सरकारी स्कूल विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे।

*कटघोरा का राजा बना आकर्षण का केंद्र :

  Loksadan.  पद्मानाभस्वामी थीम पर सजा 111 फीट का भव्य पंडाल.. 21 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कोरबा/कटघोरा, 31 अगस्त 2025: कटघोरा में आयोजित जयदेवा गणेशोत्सव समिति का ऐतिहासिक आयोजन इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम बना हुआ है। रविवार को “कटघोरा का राजा” श्री गणेश जी के दर्शन और पद्मानाभस्वामी मंदिर की भव्य झलक प्रस्तुत करते 111 फीट ऊंचे आकर्षक पंडाल को देखने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।     समिति की ओर से प्रतिवर्ष विशाल गणेश प्रतिमा स्थापित की जाती है। इस बार भी 111 फिट ऊंचा केरल का पद्मानाभस्वामी का आकर्षक पंडाल, 21 फीट ऊंचे गणेश जी का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गणेश प्रतिमा के साथ ही हनुमान जी की जीवंत प्रतिमा और अन्य धार्मिक झांकियां भी लोगों को अपनी ओर खींच रही हैं। खासकर युवा और बच्चे यहां पर सेल्फी लेते हुए नजर आते हैं। भव्य पंडाल का निर्माण कोलकाता से आए कारीगरों ने एक माह से भी अधिक समय तक दिन-रात मेहनत कर तैयार किया है। प्रतिमा व झांकियों का निर्माण राजनांदगांव जिले के थनौद ग्राम स्थित राधे आर्ट गैलरी में हुआ है। समिति की परंपरा है कि हर साल अलग थीम पर पंडाल का निर्माण किया जाता है, “कटघोरा का राजा” को देखने कोरबा जिले के अलावा जांजगीर चांपा, बिलासपुर, अम्बिकापुर, रायगढ़, शक्ति, कोरिया के लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे है और यही कारण है कि “कटघोरा का राजा” अब सिर्फ कोरबा जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।    आरती के समय आयोजित “गंगा आरती” की थीम श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। संगीतमय आरती के दौरान नगर और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस में डूब जाते हैं।   *सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद*   श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी स्वयं गणेश पंडाल, मेले और सड़कों पर नजर रखे हुए हैं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है और जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा “सजग कोरबा का फ्लेक्स व म्यूजिकल मैसेज” के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को भीड़ में सुरक्षित और सतर्क रहने की अपील की जा रही है।   27 अगस्त से शुरू हुए गणेशोत्सव का रंग अब और गहराता जा रहा है। रविवार को उमड़ी विशाल भीड़ ने यह साबित कर दिया कि कटघोरा का राजा अब आस्था, उत्साह और भक्ति का ऐसा केंद्र बन चुका है, जहां पहुंचकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है।

“सितंबर में 75 वर्ष के होंगे भागवत और मोदी, रिटायरमेंट को लेकर संघ प्रमुख के बयान पर उठे सवाल”

लोकसदन।   नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट को लेकर अपने पहले के बयान पर स्पष्टीकरण देकर बहुतों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है और साथ ही बीजेपी की बहुत बड़ी दुविधा दूर कर दी है। दरअसल, भागवत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों ही अगले महीने 75 साल के होने वाले हैं। उन्होंने अब जो कुछ कहा है, उससे खासकर विपक्षी इंडिया ब्लॉक को बहुत बड़ा झटका लग सकता है। क्योंकि, पहले उनकी बातों का यह अर्थ निकाला जा रहा था कि शायद संघ चाहता है कि पीएम मोदी अब दूसरे नेता को उत्तरदायित्व सौंप दें। लेकिन, अब भागवत ने जो कुछ कहा है उसका मतलब स्पष्ट है कि संघ ने 2029 के लिए भी पीएम मोदी के नेतृत्व को हरी झंडी दे दी है। भागवत का रिटायरमेंट पर स्पष्टीकरण संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को एक लंबे प्रेस कांफ्रेंस में साफ किया कि उन्होंने कही नहीं कहा कि उन्हें या किसी और को 75 साल की उम्र में रिटायरमेंट ले लेना चाहिए। उनके मुताबिक संघ में जो कहा जाता है वही करना होता है। उनके मुताबिक वे तो एक वरिष्ठ स्वयंसेवक मोरोपंत पिंगले की कही गई बातों का जिक्र भर किया था, जो बहुत ही मजाकिया थे। मोहन भागवत ने कहा, ‘..जहां तक 75 साल की बात है तो मैंने मोरोपंत जी को कोट किया वो बड़े मजाकिया आदमी थे। उनके 75 साल के होने पर हमारा एक कार्यक्रम था…वे ऐसा कुछ कह देते थे कि लोग कुर्सियों पर हंसते-हंसते लोटपोट हो जाते थे…हमारे सहकार्यवाह शेषाद्रि जी ने उन्हें एक शॉल दिया और उनसे कुछ कहने को कहा तो वे बोले कि अब शॉल दे दिया गया है, इसका मतलब है कि आप 75 के हो गए हैं और दूसरे के लिए रास्ता छोड़ दीजिए….।’ ‘जब तक संघ चाहता है..कार्य के लिए तैयार’ इसके साथ ही संघ प्रमुख ने जो कुछ कहा है, वह बीजेपी और विपक्ष के लिए भी बहुत बड़ा संदेश हो सकता है। वे बोले,’मैंने कभी नहीं कहा कि मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी को रिटायर हो जाना चाहिए। संघ में हम स्वयंसेवकों को कार्य सौंपा जाता है…चाहे हमारी इच्छा हो या न हो…अगर मैं 80 साल का हो जाता हूं और संघ कहता है कि जाइए और शाखा लगाइए…मुझे जाना होगा, मैं नहीं कह सकता कि मैं 75 साल का हो चुका हूं…मैं रिटायरमेंट बेनिफिट का आनंद लेना चाहता हूं…कोई रिटायरमेंट बेनिफिट नहीं है…हम वह करते हैं, जो संघ हमसे कहता है…हम नहीं कह सकते मैं ये करूंगा, ये नहीं करूंगा…इसलिए यह किसी के रिटायरमेंट की बात नहीं है, या मेरी बात नहीं है…हम किसी भी समय रिटायरमेंट के लिए तैयार हैं..और जब तक संघ चाहता है हम कार्य करने के लिए तैयार हैं।’

सीएम रेखा गुप्ता ने शुरू की ‘यू-स्पेशल’ बस सेवा, अब 67 डीयू कॉलेजों तक होगी सुविधा। 

लोकसदन।   नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में छात्र-अनुकूल यात्रा का विकल्प मुहैया कराने के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए ‘ यू-स्पेशल’ बस सुविधा फिर से शुरू कर दी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार छात्रों को मेट्रो ट्रेनों में यात्रा के लिए रियायती ‘पास’ उपलब्ध कराने के लिए ‘गंभीरता से काम’ कर रही है। हमारी सरकार दिल्ली को आगे ले जाती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जहां पिछली सरकार यू-टर्न लेती थी, वहीं हमारी सरकार हमेशा आगे की ओर अग्रसर रहती है और दिल्ली को आगे ले जाती है।उन्होंने कहा कि ‘यू-स्पेशल’ बसें विश्वविद्यालय की जीवन रेखा हुआ करती थीं, जिसमें हजारों छात्र अपने कालेजों तक आना-जाना करते थे लेकिन यह सेवा बंद कर दी गई। इस विषय पर गंभीरता से काम’ कर रही सरकार सीएम गुप्ता ने कहा कि ‘यू-स्पेशल’ बसों की संख्या में नियमित रूप से वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदूषण से लड़ने के लिए कदम दर कदम आगे बढ़ रही है और शून्य प्रदूषण वाली ई-बसें इसमें मदद करेंगी। इसके अलावा मेट्रो ट्रेन यात्रा के लिए रियायती दरों पर पास उपलब्ध कराने की छात्रों की मांग का हवाला देते हुए गुप्ता ने कहा कि सरकार इस मामले पर ‘गंभीरता से काम’ कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछले छह महीनों से दिल्ली को आगे ले जाने और यहां के लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।

नाले में डूबने से तीन बच्चों समेत चार की मौत

जिले में नाले में डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। जिले के बेलगहना पुलिस चौकी के अंतर्गत भनवारटंक स्थित मरहीमाता मंदिर दर्शन करने गए तीन बच्चों समेत चार लोगों की नाले में बहने से मौत हो गयी। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। तीन शव सोमवार को बरामद कर लिए गए थे जबकि चौथा शव मंगलवार सुबह बरामद हुआ है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मृतकों में दो बलौदाबाजार-भाटापारा जिले तथा दो बिलासपुर जिले के हैं। तीनों बच्चों के शव कल सोमवार रात को बरामद कर लिए गए तथा चौथे व्यक्ति का शव मंगलवार की सुबह बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए कोटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेज दिया है। बेलगहना पुलिस चौकी के प्रभारी राज सिंह ने बताया कि बलौदाबाजार- भाटापारा जिले के बिटकुली गांव निवासी ध्रुव परिवार सोमवार को एक बस में सवार होकर भनवारटंक के मरहीमाता मंदिर में दर्शन करने आया था। बस में ध्रुव परिवार के बिलासपुर निवासी सदस्यों सहित लगभग 40 लोग सवार थे। सिंह ने बताया कि सोमवार को वह देवी दर्शन के बाद शाम को लगभग चार बजे मुख्य मार्ग में खड़ी बस की तरफ पैदल लौट रहे थे तब अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।

क्रिकेटर अश्विन ने लिया संन्यास

नई दिल्ली। दिग्गज क्रिकेटर आर अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद आईपीएल से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। अश्विन ने सोशल मीडिया के माध्यम से आईपीएल को अलविदा कहने की सूचना दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अश्विन ने लिखा, खास दिन और इसलिए एक खास शुरुआत। कहते हैं हर अंत की एक नई शुरुआत होती है। एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज समाप्त हो रहा है। लेकिन, विभिन्न लीगों में खेलने की संभावनाएं आज से शुरू हो रही हैं। इतने सालों की शानदार यादों और रिश्तों के लिए सभी फ्रेंचाइजी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। आईपीएल और बीसीसीआई का विशेष तौर पर शुक्रिया। आगे जो भी है उसका आनंद लेने और उसका पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं। आईपीएल 2025 में अश्विन सीएसके का हिस्सा थे। टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। ऐसे में अगले सीजन में टीम बड़े बदलावों के साथ उतर सकती हैं। अश्विन के सोशल मीडिया पोस्ट से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह बेशक आईपीएल में खेलते हुए नहीं दिखेंगे, लेकिन दूसरी क्रिकेट लीग में खेलते हुए वह दिख सकते हैं। संभवत: वह देश के बाहर खेली जाने वाली टी20 लीग में खेलते दिख सकते हैं। गौरतलब है कि बीसीसीआई भारत के अंतरराष्ट्रीय या घरेलू क्रिकेट से जुड़े किसी भी मौजूदा खिलाड़ी को विदेशी टी20 लीग में खेलने की छूट नहीं देता है। हालांकि, अब अश्विन संन्यास के बाद इन लीग में खेल सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तरह अश्विन का आईपीएल करियर भी शानदार रहा है। 2008 से 2025 के बीच वह चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे हैं। पंजाब किंग्स के वह कप्तान भी रहे हैं। 220 आईपीएल मैचों की 98 पारियों में 833 रन बनाने वाले अश्विन ने 187 विकेट लिए हैं। आईपीएल इतिहास के वह पांचवें सफलतम गेंदबाज हैं। अश्विन ने दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। आर अश्विन का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट बेहद यादगार रहा है। उनका नाम विश्व के श्रेष्ठतम ऑफ स्पिनर्स में शुमार किया जाता है। 2010 से 2024 के बीच 106 टेस्ट में 537 विकेट, 116 वनडे में 156 विकेट और 65 टी20 में 72 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में अश्विन एक बल्लेबाज के रूप में भी सफल रहे हैं। 6 शतक और 14 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 3,503 रन बनाए हैं।

ग्रामीण विकास मंत्री पर हमला, भाग कर बचाई जान

पटना // राज्य से इस वक्त एक बड़ी खबर है। सड़क हादसे के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री और विधायकों पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया है। गौरलतब है कि शनिवार सुबह पटना के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिकिरियावां हाल्ट के पास ट्रक और ऑटो की टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई थी। सभी मृतक नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव के रहने वाले थे। बुधवार को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे। सिक्योरिटी गार्ड ने लगाया इंजेक्शन… कलेक्टर ने CMHO और सिविल सर्जन को दिया नोटिस, कोर्ट ने कहा- ‘ये काफी नहीं’ दोनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और वापस लौटने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उनसे आग्रह किया कि वे थोड़ी देर और गांव में रुकें। लेकिन मंत्री ने कहा कि वे सभी परिवारों से मिल चुके हैं और आगे का कार्यक्रम उन्हें अटेंड करना है। इस पर भीड़ गुस्से में आ गई। वैष्णो देवी हादसा: भूस्खलन में 31 श्रद्धालुओं की मौत, कई लापता ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के दिन विधायक के कहने पर ही उन्होंने सड़क जाम हटाया था, लेकिन आज तक उन्हें सही मुआवजा नहीं मिला। आक्रोशित लोगों ने अचानक लाठी-डंडे निकाल लिए और मंत्री व विधायक पर हमला कर दिया। हालात बिगड़ने पर दोनों नेता गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर भागकर किसी तरह अपनी जान बचा पाए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने में जुट गया।

अन्य खबरे

बिलासपुर: अवैध चाकू रखने वाला युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के 9 आईपीएस अधिकारियों को कनिष्ठ प्रशासनिक वेतनमान स्वीकृत
दर्री डैम के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार गोवर्धन यादव गंभीर रूप से घायल देखें वीडियो
कटघोरा–छुरी मुख्य मार्ग पर हादसा, पुल से टकराकर युवक गंभीर रूप से घायल
जनकपुर की बेटी दर्शना सिंह बनीं IPS, UPSC में 283वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन
टोयोटा शो-रूम के पास ट्रेलर रोककर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार