मुंगेली में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर: महिलाओं और परिवारों ने पाई नई उम्मीद

मुंगेली। “स्वस्थ नारी, सशक्त नारी परिवार” अभियान के तहत 23 सितंबर को मुंगेली मंडी प्रांगण में आयोजित निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर ने महिलाओं और परिवारों को नई उम्मीद दी। स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त प्रयास से लगे इस शिविर में सैकड़ों लोग दूर-दराज़ के गांवों से पहुंचे और मुफ्त जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया।   शिविर का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण को लेकर किए गए प्रयासों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।     केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी शिविर स्थल पर पहुंचकर चिकित्सकों की टीम का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा – “यह शिविर केवल इलाज का साधन नहीं, बल्कि परिवारों को स्वस्थ और सशक्त बनाने का बड़ा संकल्प है।”   शिविर में स्त्री रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों की जांच व परामर्श की विशेष व्यवस्था की गई। खास बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों से आई महिलाएं, जो अक्सर आर्थिक तंगी और दूरी के कारण इलाज नहीं करा पातीं, उन्होंने यहां मुफ्त जांच का लाभ उठाकर राहत महसूस की।     मुख्य चिकित्सा अधिकारी शीला शाह ने कहा – “इस तरह के शिविर लोगों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने का सबसे असरदार तरीका हैं। जागरूकता और सुविधा दोनों एक साथ मिलती हैं।”   गांव की एक महिला ने खुशी जताते हुए कहा – “हम जैसे गरीब लोग बड़े डॉक्टर के पास नहीं जा पाते। यहां मुफ्त जांच और दवाई मिल रही है, इससे हमारे परिवार की चिंता कम हुई है।”   कार्यक्रम में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला आरोग्य समितियां, मातृ वंदना योजना की हितग्राही और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं।   👉 यह शिविर सिर्फ एक आयोजन नहीं रहा, बल्कि महिलाओं और परिवारों की ज़िंदगी में स्वास्थ्य और सुरक्षा की नई किरण लेकर आया।  

भालू विचरण और लकड़ी तस्करी पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का हल्ला, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

  मनेंद्रगढ़। शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले दो महीनों से भालू अपने दो शावकों के साथ लगातार विचरण कर रहा है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। इस गंभीर मुद्दे पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने वन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कठोर कार्रवाई की मांग की।   पार्टी के जिला एमसीबी अध्यक्ष केवल सिंह ने बताया कि भालू विचरण की घटनाएँ आम चर्चा का विषय बन चुकी हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। पूर्व में भालू द्वारा राजस्व विभाग के एक कर्मचारी पर हमला भी किया गया था, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।   उन्होंने आरोप लगाया कि वनमंडलाधिकारी मनीष कश्यप की गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली से आमजन की सुरक्षा और कीमती वन संपदा दोनों खतरे में हैं। इसी बीच क्षेत्रीय वनों में कीमती वृक्षों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी का धंधा खुलेआम संचालित हो रहा है, जिस पर रोक लगाने में विभाग नाकाम साबित हो रहा है।   गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की प्रमुख मांगें:   लापरवाह अधिकारी को तत्काल पद से हटाया जाए।   भालू और उसके शावकों को सुरक्षित पकड़कर उपयुक्त वन क्षेत्र में शिफ्ट किया जाए।   लकड़ी तस्करी और अवैध कटाई पर विशेष निगरानी रखकर नियंत्रण किया जाए।     केवल सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी और आमजन आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होंगे।

रायपुर: कोयला घोटाले में बड़ी कार्रवाई, सौम्या चौरसिया की 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने कोयला घोटाले से जुड़े एक मामले में बड़ा कदम उठाया है। विशेष न्यायालय के आदेश पर सौम्या चौरसिया की लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 16 अचल संपत्तियों को अंतरिम कुर्क किया गया।     सौम्या चौरसिया पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है। जांच में पता चला कि उन्होंने करीब 47 करोड़ रुपये की 45 संपत्तियां अपने करीबी रिश्तेदारों के नाम से खरीदी थीं। इनमें से लगभग 39 करोड़ की 29 संपत्तियां पहले ही ED द्वारा कुर्क की जा चुकी हैं। अब शेष 8 करोड़ की संपत्तियों पर भी कुर्की पूरी कर दी गई है।   एसीबी-ईओडब्ल्यू ने जून 2025 में विशेष न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। सुनवाई के बाद 22 सितंबर को कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी किया।   यह कार्रवाई राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की पहली बड़ी कुर्की कार्रवाई है और इसे शासन के भ्रष्टाचार रोकथाम अभियान की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि भविष्य में अन्य लोकसेवकों के विरुद्ध भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हाथियों के आतंक से कोरबा परेशान, कांग्रेस ने उठाई आवाज

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा। जिले के जंगलों से निकलकर गांवों में तबाही मचा रहे हाथियों ने ग्रामीणों की जिंदगी भय और दर्द से भर दी है। कभी खेतों में पसीने से सींची गई धान की फसल रौंद दी जाती है, तो कभी सब्जियों की बाड़ी चंद मिनटों में बर्बाद हो जाती है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि लोग घरों में सुरक्षित नहीं रह गए—कभी भी हाथी दीवार तोड़कर अंदर घुस जाते हैं और सब कुछ तहस-नहस कर डालते हैं।   रात ढलते ही गांवों में सन्नाटा नहीं, बल्कि दहशत का पहरा बैठ जाता है। ग्रामीण महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग नींद छोड़कर जागरण करने को मजबूर हैं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, किसान कर्ज और नुकसान से टूट चुके हैं, और बूढ़े-बुजुर्ग असहाय होकर भगवान से ही रक्षा की प्रार्थना कर रहे हैं।   इसी दर्दनाक हालात को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष नथ्थूलाल यादव ने प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप को पत्र लिखकर त्वरित समाधान की गुहार लगाई है।     पत्र में साफ लिखा गया है कि कटघोरा वन मंडल के गांव—तनेरा, सरगुजा गोरैया, पेंड्रापारा, सतरेंगा, जरगढ़ूगुड़ा समेत कई इलाकों में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। धान और सब्जियों की फसलें चौपट हो रही हैं, मकान ढह रहे हैं और कई परिवार जानमाल के खतरे में जी रहे हैं।   जिला कांग्रेस कमेटी ने मंत्री से निवेदन किया है कि अब सिर्फ कागजी योजनाओं से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि ग्रामीणों को इस भय और तबाही से मुक्ति मिल सके।  

भूपेश बघेल का भाजपा पर कटाक्ष, ननकीराम कंवर के अल्टीमेटम पर उठाए सवाल

✍️ भागीरथी यादव रायपुर: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा नेता कांग्रेस की आलोचना करते हैं, अब उनकी ही पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की स्थिति कैसी है, यह देखा जाना चाहिए।   पत्र में कंवर ने कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की थी और तीन दिन में कार्रवाई न होने पर धरना देने की चेतावनी दी थी। बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले कंवर राज्यपाल और कलेक्टर के सामने खड़े थे, अब देखना होगा कि उनका अल्टीमेटम क्या परिणाम लाता है।   देश की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने कहा कि जीएसटी 2.0 के लागू होने के बावजूद पिछले आठ वर्षों में गलत तरीके से इसे लगाया गया, जिससे आम जनता पर बोझ बढ़ा। महंगाई कम होने के दावे केवल नकल जैसे भाषणों तक सीमित हैं।   गौ हत्या और गौ तस्करी के मुद्दे पर बघेल ने कहा कि भारत बीफ निर्यात में पहले नौवें स्थान पर था, अब दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गौ माता के नाम पर वोट लेती है, लेकिन बीफ निर्यातकों से चंदा भी लेती है।   इसके अलावा, पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की विस्तारित बैठक पर भी चर्चा हुई। बघेल के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और फूलोदेव नेताम भी बैठक में शामिल होंगे।

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पाली में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा!

प्राचार्य और अधिकारियों की मिलीभगत से लाखों का गबन – जिम्मेदार कौन? रिपोर्ट: ज्ञान शंकर तिवारी, पाली (कोरबा)   पाली। शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले विद्यालयों का मकसद बच्चों को ज्ञान और संस्कार देना होता है, ताकि वे भविष्य में देश की प्रगति में योगदान दे सकें। लेकिन कोरबा जिला शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित कई स्कूल भ्रष्टाचार की वजह से सुर्खियों में बने रहते हैं। अब शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पाली में एक बड़ा भ्रष्टाचार उजागर हुआ है।   जिला महामंत्री (जेसीपी) कोरबा बादल दुबे ने दस्तावेजों के आधार पर बताया कि विद्यालय के प्राचार्य और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोरबा की मिलीभगत से फर्जी मेडिकल बिलों के नाम पर लाखों रुपये का आहरण कर शासन को चुना लगाया गया।   फर्जी मेडिकल बिल में दर्ज “हैरान करने वाली दवाइयाँ”   दस्तावेजों में जिन दवाइयों का उल्लेख “गंभीर बीमारियों के इलाज” में दिखाया गया है, उनमें मेन्फोर्स, वियाग्रा, ईनो, कोलगेट, गुड नाइट कॉइल, पोंड्स क्रीम जैसी चीज़ें शामिल हैं। ये देखकर साफ है कि किस तरह फर्जी बिल बनाकर सरकारी खजाने को लूटा गया।   प्राचार्य ने जिम्मेदारी टाली   जब इस मामले पर प्राचार्य से सवाल किया गया तो उन्होंने खुद को इससे अलग बताते हुए कहा कि यह सब जिला शिक्षा विभाग कोरबा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और उप कोषालय कटघोरा की सहमति व हस्ताक्षर से हुआ है।   कई अधिकारी-कर्मचारी शामिल   विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस घोटाले में कई अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं और यह भ्रष्टाचार लंबे समय से चल रहा है। उच्च अधिकारियों की मिलीभगत के बिना यह संभव नहीं था।   बड़ा सवाल   अब देखना यह है कि जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और मुख्यमंत्री की “सुशासन सरकार” इस गंभीर भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्यवाही करती है या फिर हमेशा की तरह मौन साधकर बैठी रहती है।

22 सितंबर 2025 से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, भक्तिमय वातावरण में गूंजे “जय माता दी” के स्वर

✍️ भागीरथी यादव   कोरबा – सोमवार 22 सितंबर से शारदीय नवरात्र का पावन पर्व आरंभ हो गया है। इस दिन से नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की जाती है। सूर्योदय से पहले ही घर-घर में कलश स्थापना और अखंड ज्योति प्रज्वलन कर भक्तों ने नवरात्र की शुरुआत की। सुबह से ही मंदिरों की घंटियां गूंजने लगीं और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।   ✨ पहला दिन — मां शैलपुत्री की पूजा नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने दूध, दही और शुद्ध जल से स्नान कर देवी का पूजन-अर्चन किया। अनेक भक्तों ने व्रत रखकर पूरे नौ दिनों तक उपवास और नियम-संयम का संकल्प लिया।   🌸 मंदिरों में उमड़ी भीड़, पंडालों में भव्य सजावट नगर सहित ग्रामीण अंचलों के मंदिरों में विशेष सजावट की गई है। दुर्गा पंडालों में आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगे फूलों से माता की प्रतिमाएं अलंकृत की गई हैं। भक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचीं। महिलाएं चुनरी, नारियल और पूजा की थाल लेकर मां के चरणों में अर्पित कर रही हैं।   🙏 भक्ति और आस्था का पर्व भक्तों का कहना है कि नवरात्रि आत्मशुद्धि और शक्ति साधना का पर्व है। इन नौ दिनों में लोग न केवल उपवास और भक्ति करते हैं, बल्कि अपने जीवन में अनुशासन और संयम को भी अपनाते हैं। जगह-जगह मां दुर्गा के भजन, जागरण और आरती से वातावरण गूंज रहा है।   🌺 प्रशासन भी सतर्क श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बिजली, पानी और सफाई के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।   🪔 आशा और आशीर्वाद भक्तों ने मां दुर्गा से प्रार्थना की है कि वे सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और शक्ति प्रदान करें। पूरे प्रदेश में नवरात्र का पर्व उत्साह, श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।     —  

🚨 हाथियों का आतंक जारी: कोरबी चोटिया में दर्दनाक मौत, प्रशासन सुस्त 🚨

सुशील जायसवाल की रिपोर्ट   🌳🐘 हाथियों का आतंक और प्रशासन की लापरवाही ने बढ़ाई ग्रामीणों की चिंताएँ कल मासूम हाथी का बच्चा डूबकर मरा, आज किसान कुचला गया — तनेरा, सरमा और जलके में हड़कंप   कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज अंतर्गत कोरबी हसदेव डुबान कल ही गमगीन था, जब नदी में डूबकर एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई थी। लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने आज एक और दर्दनाक घटना को जन्म दिया।   पसान रेंज के ग्राम तनेरा, गोरिल्ला डांड मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय घन सिंह गोंड़ पिता मोहन सिंह खेत से लकड़ी लेकर लौट रहे थे, तभी एक उग्र दतैल हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें दौड़ाकर कुचल दिया। घन सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।   गांव के सरपंच प्रतिनिधि सरवन कुमार मरपचची ने आग बबूला होकर कहा – “इतने बड़े हादसे के बाद भी वन विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुँचा! जबकि तनेरा में ही उनका कार्यालय और आवास मौजूद है। यह लापरवाही और असंवेदनशीलता कतई बर्दाश्त नहीं है!”   ग्रामीणों का रोष चरम पर है। मृतक के परिवार को अभी तक कोई तत्काल सहायता राशि नहीं दी गई। हाथियों का झुंड अब भी गांव में मंडरा रहा है। लोग दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।   पसान रेंजर मनीष सिंह ने कहा – “मैं घटना स्थल के लिए निकल गया हूँ, मौके पर पहुँचकर पूरी जानकारी दूँगा।”   ग्रामीण और स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं – ❗ “कल मासूम हाथी का बच्चा गया, आज हमारा भाई गया… प्रशासन कब जागेगा?”   💢 अब तनेरा, सरमा और जलके के लोग अपने जीवन की सुरक्षा के लिए चेतावनी दे रहे हैं। हाथियों का डर और प्रशासन की लापरवाही गांव में आग की तरह फैल रही है।

कोरबा दर्री : डायल 112 की तत्परता से बचा हादसा बड़ा होने से, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से युवक झुलसा

  ✍️ भागीरथी यादव   कोरबा – दर्री क्षेत्र के जैल गांव चौक में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लाटा अगरखर निवासी प्रदीप कुमार (पिता शाहपुरा लाल संडे), उम्र 35 वर्ष अचानक हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया। हादसे में उसका पैर और हाथ गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मानवीय संवेदनाओं के साथ तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए घायल युवक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए एनटीपीसी अस्पताल पहुँचाया। त्वरित कार्यवाही के कारण स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सका। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुँचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। डायल 112 की तत्परता और मानवीय सेवा भाव की सराहना पूरे क्षेत्र में की जा रही है।

आदर्शवादी सेवा समिति बरडीह का 25वां स्वच्छता एवं नशामुक्ति कार्यक्रम

कुबेर नायक महासमुंद – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को जनमानस तक पहुंचाने और नशामुक्त भारत बनाने के संकल्प के तहत आदर्शवादी सेवा समिति बरडीह विगत 25 वर्षों से सक्रिय है। समिति विद्यालयों, महाविद्यालयों और गांव-गांव में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करती रही है।   आज समिति ने स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें प्रमुख रूप से शासकीय ग्राम पंचायत भवन, आंगनबाड़ी भवन के सामने, सड़क किनारे वृक्षारोपण स्थल और छोटे-छोटे बगीचों की सफाई की गई।   समिति के संस्थापक/संचालक दुखनाशन प्रधान के नेतृत्व में तिलकराम पटेल, चंद्रहास प्रधान, प्रफुल्ल सराफ, किशन गड़तिया, दिलीप कुमार सोना, सुजल और राजू कुमार ने विशेष सहयोग दिया।     संस्थापक दुखनाशन प्रधान ने बताया कि इस वर्ष भी गांधी जयंती पर नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक उत्सव की तरह मनाया जाएगा और इसकी तैयारियां जारी हैं।  

अन्य खबरे

एफआईआर दर्ज न होने से आक्रोश, तहसीलदार थाने के सामने धरने पर बैठे, कलेक्टर के गनमैन पर बेटे से मारपीट का आरोप
कुसमुंडा खदान में ड्यूटी के दौरान मजदूर की मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर जीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ आबकारी नीति 2026-27 को कैबिनेट की मंजूरी
रायगढ़ में कबाड़ माफिया पर ऐतिहासिक प्रहार, एक साथ 24 ठिकानों पर छापेमारी
1 करोड़ का इनामी अनल दा ढेर
एमसीबी में पुलिस की अभिनव पहल: बच्चों को बनाया गया ट्रैफिक वॉलिंटियर, सड़क सुरक्षा का दिया मजबूत संदेश