धान खरीदी में पारदर्शिता लाने कलेक्टर ने किया कंट्रोल सेल का गठन

✍️ भागीरथी यादव

जगदलपुर, 06 नवम्बर 2025

 

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में बस्तर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्री हरिस एस के निर्देश पर जिला स्तरीय इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर तथा नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। इस पहल का उद्देश्य धान खरीदी के दौरान होने वाली संभावित अनियमितताओं पर अंकुश लगाना और किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य सुनिश्चित करना है।

 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय नया रायपुर से प्राप्त दिशा-निर्देशों तथा जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल की अनुशंसा के आधार पर यह विशेष व्यवस्था की गई है।

 

यह कंट्रोल सेल जिला विपणन अधिकारी कार्यालय, जगदलपुर में स्थापित किया गया है।

इसमें प्रमुख रूप से निम्न अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है—

 

प्रभारी अधिकारी: डिप्टी कलेक्टर श्री सत्येन्द्र कुमार बंजारे (मो. 78884-78891)

 

तकनीकी सहायक एवं डेटा प्रबंधन: सहायक प्रोग्रामर श्रीमती मेहरुन निशा (मो. 94079-43643) एवं श्री अघम भास (मो. 89628-49662)

 

डेटा एंट्री एवं संचालन: श्री अभिषेक पाण्डेय (मो. 96699-66770) एवं श्री अभिषेक राव (मो. 79993-64923)

 

लेखा अधिकारी एवं मॉनिटरिंग प्रभारी: श्री बलिराम कश्यप (मो. 99070-80814)

 

 

सेल के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने हेतु प्रत्येक गतिविधि का पृथक रजिस्टर में संधारण किया जाएगा। साथ ही, जिला एवं तहसील स्तर से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं के त्वरित निराकरण के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा।

 

शिकायतें एवं सुझाव नियंत्रण कक्ष नंबर 74898-70170 पर दर्ज किए जा सकेंगे। सभी प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की जानकारी खाद्य शाखा, जगदलपुर को नियमित रूप से भेजी जाएगी।

 

यह कदम किसानों को न्यायपूर्ण मूल्य दिलाने और धान खरीदी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।