छिंदपुर। ग्राम पंचायत छिंदपुर में प्राइमरी स्कूल से केवट मोहल्ला तक सड़क के ऊपर से गुजर रही मुख्य विद्युत केबल काफी नीचे झूल रही थी। इससे स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी विधायक प्रतिनिधि एवं भाजयुमो जिला अनुसंधान प्रमुख कृष्णानंद राठौर को दी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए कृष्णानंद राठौर ने तत्काल विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं संबंधित लाइनमैन से संपर्क कर लटकती केबल की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से जल्द से जल्द केबल को व्यवस्थित कराने की मांग की।
इसके बाद विद्युत विभाग की टीम और लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर प्राइमरी स्कूल से केवट मोहल्ला मार्ग तक लटक रही विद्युत केबल को ऊपर कर सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया। केबल के दुरुस्त होने के बाद संभावित दुर्घटना का खतरा टल गया।
विद्युत केबल ठीक होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए विधायक प्रतिनिधि कृष्णानंद राठौर एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया।
