“गुस्से में बना जल्लाद”: जशपुर में बेटे ने पिता का सिर फाड़ी से कुचला, घर बना मौत का मैदान

✍️ भागीरथी यादव

 

जशपुर – बागबहार थाना क्षेत्र का एक शांत सा गांव हल्दी झरिया अचानक खौफ और सनसनी का केंद्र बन गया, जब एक बेटे ने गुस्से में अपने ही पिता की जान ले ली। बढ़ई पारा में हुआ यह खूनी घटनाक्रम रिश्तों को शर्मसार कर गया।

बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल की शाम घर के भीतर मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पिता सदानंद नाग (45) और बेटा विजय नाग (26) के बीच विवाद इतना बढ़ा कि बेटा अपना आपा खो बैठा।

गुस्से में अंधा हुआ विजय पास पड़ी लकड़ी की फाड़ी उठाकर पिता पर टूट पड़ा। सिर और माथे पर लगातार वार—और कुछ ही पलों में पिता जमीन पर ढेर हो गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घर, जो सुरक्षित जगह माना जाता है, वही मौत का मैदान बन गया।

विवाद की वजह भी चौंकाने वाली

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता उसे काम न करने को लेकर ताने देते थे। घटना के वक्त भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो अचानक हिंसा में बदल गया।

शिकायत बनी कार्रवाई की वजह

मृतक की पत्नी (आरोपी की सौतेली मां) की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया।

48 घंटे में सलाखों के पीछे

पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल लकड़ी की फाड़ी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक पल का गुस्सा… और हमेशा के लिए खत्म हो गया एक रिश्ता।