✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और मृत बच्चियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, नुनेरा की एक ही बस्ती में रहने वाली 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना शुक्रवार को स्कूल जाने के बजाय अलगू तालाब पहुंची थीं। नहाने के दौरान तीनों बच्चियां तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से नुनेरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे ने ग्रामीणों को भी स्तब्ध कर दिया है। तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों बच्चियों के शव बरामद किए हैं और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
