✍️ भागीरथी यादव
रेल कॉरिडोर निर्माण के बीच बारिश ने खोली निर्माण गुणवत्ता की पोल, किसान और ग्रामीण भारी परेशानी में
कोरबा। जिले के कोरबा सब डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्र में इरकॉन (इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन) द्वारा रेल कॉरिडोर निर्माण के दौरान बनाई गई सर्विस रोड तेज बारिश में बह गई। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के करीब 20 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर गया है, जिससे किसानों की खरीफ फसल की तैयारियों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। वहीं डोंगाआमा-फत्तेगंज मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है, जिससे हजारों ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, इरकॉन को रेल लाइन निर्माण के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसी उद्देश्य से बनाई गई सर्विस रोड पहली ही तेज बारिश में बह गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सड़क के कटाव के कारण बरसाती पानी का तेज बहाव सीधे किसानों के खेतों में पहुंच गया। इससे लगभग 20 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई और खरीफ सीजन के लिए की गई बुवाई व खेती की तैयारियों पर पानी फिर गया। किसानों ने बताया कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
दूसरी ओर डोंगाआमा-फत्तेगंज मार्ग टूट जाने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। विद्यार्थियों, किसानों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और इरकॉन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, जलभराव की समस्या दूर की जाए तथा किसानों को हुए नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाता तो पहली ही बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
