✍️ भागीरथी यादव
क्षतिग्रस्त नालियों से ठप हुई जल निकासी व्यवस्था, दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक बीमारियों का खतरा
कोरबा, 25 जुलाई। जिले के प्रमुख अंतरराज्यीय बस स्टैंड कटघोरा की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। बस स्टैंड परिसर में फैली गंदगी और जल निकासी व्यवस्था के ध्वस्त होने से यात्रियों, बस संचालकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश ने हालात और भी गंभीर बना दिए हैं।
बस स्टैंड परिसर की नालियों का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से गंदा पानी बाहर निकलने के बजाय परिसर में ही जमा हो रहा है। जगह-जगह जलभराव के कारण यात्रियों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। जमा पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण पूरे परिसर का वातावरण अस्वच्छ हो गया है, वहीं मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय व्यापारियों और बस ऑपरेटरों का कहना है कि नगर पालिका स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बस स्टैंड जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगह की नियमित सफाई और नालियों के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड की क्षतिग्रस्त नालियों की तत्काल मरम्मत कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों को इस समस्या से राहत मिल सके।
