✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कोरबा पुलिस का विशेष अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत रविवार को पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 06 स्थायी वारंटी और 33 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 39 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने संयुक्त अभियान चलाया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। विशेष अभियान के दौरान इनकी तलाश कर कानून के शिकंजे में लाया गया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ लगातार ऐसी कार्रवाई होती रहेगी, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रहे।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
