✍️ भागीरथी यादव
गंगा नगर बाजार के पास 7-8 बदमाशों ने रास्ता रोककर की थी मारपीट, दो आरोपियों को जेल भेजा गया, अन्य की तलाश जारी
कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में गंगा नगर बाजार के पास राहगीरों को रोककर मारपीट करने और चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 21 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे प्रार्थी अपने साथियों के साथ ग्राम खोडरी से लौट रहा था। इसी दौरान गंगा नगर बाजार के पास 7 से 8 युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने हाथ-मुक्कों, बेल्ट और डंडे से प्रार्थी सहित उसके साथियों के साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने चाकू दिखाकर दहशत पैदा की और तीन मोबाइल फोन, एक पर्स तथा 500 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले में प्रार्थी और उसके साथियों को चोटें आईं।
घटना की शिकायत पर कुसमुंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र और जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूटे गए तीनों मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निशांत प्रसाद केंवट (20 वर्ष), निवासी कुदरीपार, थाना बांकीमोंगरा तथा शिवा बिंझवार (20 वर्ष), निवासी मोंगरा बस्ती, थाना बांकीमोंगरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विवो Y31, ओप्पो A5 और विवो Y18 मोबाइल फोन सहित नकदी बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 21 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
