जर्जर सड़क निर्माण की मांग को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, 3 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो चक्काजाम की चेतावनी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। दर्री डेम से रुंमगड़ा होते हुए परसाभाठा चौक तक की जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर एनएसयूआई जिला कोरबा ने जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह राज के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो राखड़ डेम के पास शांतिपूर्ण चक्काजाम कर जनआंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया कि सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण प्रतिदिन हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है, जिससे लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

एनएसयूआई ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो होने वाले आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा कांग्रेस महासचिव मधुसूदन दास, रामपुर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष प्रत्याशी शैलेंद्र कुर्रे, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष प्रत्याशी अदनान मेमन, बबलू मरवा, धनंजय राठौर सहित एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।