महासमुंद में धान खरीदी पर कड़ी निगरानी, अवैध परिवहन-भंडारण पर बड़ी कार्रवाई
✍️ भागीरथी यादव पिथौरा में 50 क्विंटल से अधिक अवैध धान जप्त, मेटडोर वाहन भी जब्त महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच जिले में अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सख्त निर्देशों के बाद कलेक्टर के मार्गदर्शन में अंतरराज्यीय सीमाओं सहित पूरे जिले में संयुक्त टीमों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आज पिथौरा तहसील में एसडीएम श्री श्र के नेतृत्व में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। जांच के दौरान मुढ़ीपार निवासी अरुण अग्रवाल द्वारा 75 पैकेटों में करीब 30 क्विंटल धान का अवैध परिवहन करते पाया गया। टीम ने मौके पर ही धान और उपयोग में लाई जा रही मेटडोर वाहन को जप्त कर थाना पिथौरा के सुपुर्द किया। वहीं दूसरी कार्रवाई में मुढ़ीपार निवासी भोजराम पटेल के यहां 50 पैकेटों में लगभग 20 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पकड़ा गया। प्रशासन ने पूरा स्टॉक जब्त कर आवश्यक कानूनी कदम उठाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ऐसे में जिले में अवैध खरीदी-बिक्री, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
🌟 आज का राशिफल : 23 नवंबर 2025 — सभी 12 राशियों के लिए खास ज्योतिषीय समाचार 🌟
✍️ भागीरथी यादव 🌙 मेष (Aries) आज कार्यक्षेत्र में आपकी तेजी और निर्णय क्षमता प्रभावित करेगी। किसी पुराने मित्र से मुलाकात लाभदायक साबित होगी। आर्थिक पक्ष मजबूत होने के संकेत। — 🌙 वृषभ (Taurus) आज यात्राओं के योग बन रहे हैं। महत्वपूर्ण फैसले सोच-समझकर लें। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। किसी नए कार्य की शुरुआत शुभ। — 🌙 मिथुन (Gemini) आज संवाद कौशल आपका सबसे बड़ा हथियार रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को विशेष अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सावधानी जरूरी। — 🌙 कर्क (Cancer) परिवार में खुशी का माहौल बनेगा। किसी नए प्रोजेक्ट की शुरुआत कर सकते हैं। निवेश से जुड़े मामलों में सफलता मिलने के संकेत। — 🌙 सिंह (Leo) आज आपका आकर्षण और नेतृत्व क्षमता सबका ध्यान खींचेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है। — 🌙 कन्या (Virgo) कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारियाँ मिल सकती हैं। अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें। पुराना अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना। — 🌙 तुला (Libra) दिन रोमांचक रहेगा। कला, संगीत और सृजनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। साझेदारी वाले काम में फायदा होगा। — 🌙 वृश्चिक (Scorpio) आज गोपनीय बातें साझा करने से बचें। कार्यक्षेत्र में थोड़ा दबाव रहेगा, लेकिन अंत में सफलता मिलेगी। परिवार से पूरा सहयोग मिलेगा। — 🌙 धनु (Sagittarius) भाग्य का मजबूत साथ। नौकरी और व्यवसाय में तरक्की के संकेत। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। यात्रा शुभ। — 🌙 मकर (Capricorn) धैर्य की परीक्षा होगी लेकिन जल्द ही स्थितियाँ आपके पक्ष में आएंगी। बड़े अधिकारियों से सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति सुधरेगी। — 🌙 कुंभ (Aquarius) आज नई योजना बनने के योग। तकनीकी क्षेत्र में काम करने वालों के लिए दिन विशेष फलदायी। पारिवारिक माहौल खुशहाल रहेगा। — 🌙 मीन (Pisces) आज आत्मविश्वास बढ़ेगा। रुके हुए कार्य गति पकड़ेंगे। आध्यात्मिक रुचि बढ़ेगी। छात्रों के लिए दिन शानदार।
सुकमा पुनर्वास केंद्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का आकस्मिक निरीक्षण
✍️ भागीरथी यादव युवाओं संग जमीन पर बैठकर की आत्मीय चर्चा, दस्तावेज़ निर्माण से लेकर रोज़गार तक दिए त्वरित निर्देश सुकमा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज सायं सुकमा स्थित पुनर्वास केंद्र का अचानक निरीक्षण कर हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं से सीधा संवाद किया। खास बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री शर्मा ने औपचारिकताओं को दरकिनार करते हुए स्वयं युवाओं के बीच ज़मीन पर बैठकर चौपाल लगाई और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं को आत्मीयता से सुना। उनकी सरलता और सहज व्यवहार ने पुनर्वासित युवाओं को अत्यंत प्रसन्न किया और सभी ने बिना झिझक अपनी बातें उनके समक्ष रखीं। प्रशिक्षण व सुविधाओं की ली विस्तृत जानकारी श्री शर्मा ने युवाओं से चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम—राजमिस्त्री, कृषि उद्यमिता और सिलाई—की प्रगति के बारे में पूछताछ की। साथ ही केंद्र में उपलब्ध भोजन, रहन-सहन, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर पुनर्वासित युवाओं से सीधी प्रतिक्रिया ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी युवा को किसी प्रकार की कमी न हो तथा हर सुविधा समय पर और गुणवत्तापूर्ण मिले। परिजनों से मुलाकात और विवाह की इच्छा पर भी विशेष व्यवस्था उपमुख्यमंत्री ने पुनर्वासित युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अपने परिजनों से कभी भी मुलाकात कर सकते हैं। यदि परिवारजन जेल में निरुद्ध हैं तो युवाओं की इच्छा पर मुलाकात की विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी युवक-युवती में विवाह की इच्छा है तो सरकार सामूहिक विवाह की व्यवस्था भी कराएगी। दस्तावेज़ों की समस्या का तत्काल समाधान युवाओं द्वारा आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे मूलभूत दस्तावेज़ पूरे न होने की जानकारी देने पर श्री शर्मा ने तुरंत जिला प्रशासन को दस्तावेज़ निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री स्वयं अधिकारियों के साथ बैठकर दस्तावेज़ निर्माण की कार्रवाई का निरीक्षण करते रहे और जहाँ भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधाएँ आईं, उनका तत्काल निराकरण कराया। रायपुर विधानसभा भ्रमण और स्वास्थ्य शिविर के निर्देश श्री शर्मा ने पुनर्वासित युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली को समझाने के उद्देश्य से आगामी विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही पुनर्वास केंद्र में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। दीर्घकालिक रोजगार की दिशा में ठोस कदम पुनर्वास नीति के तहत युवाओं को दीर्घकालिक रोजगार से जोड़ने के लिए भी प्रयास तेज किए जा रहे हैं। पुनर्वास केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को कौशल विकास के साथ स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा निरंतर सहयोग दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, एसपी श्री किरण चव्हाण, अपर कलेक्टर गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — बंद घरों में चोरी करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह बेनकाब
✍️ भागीरथी यादव एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के घर हुई लाखों की चोरी का भी खुलासा, 30 लाख के जेवर बरामद लखनऊ में दिवाली के दौरान बंद पड़े घरों को निशाना बनाने वाले चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि गिरोह के दो सदस्य अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि यही गिरोह मड़ियांव क्षेत्र में एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के घर हुई बड़ी चोरी के लिए जिम्मेदार था। बरामदगी में पुलिस को करीब 30 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार नकद और चोरी में इस्तेमाल कार मिली है। पिछले महीने त्योहारों के दौरान लखनऊ के कई इलाकों—मड़ियांव, अलीगंज और जानकीपुरम—में बंद घरों से चोरी की लगातार वारदातें सामने आई थीं। 23 अक्टूबर को एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के घर में हुई लाखों की चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। घर उस समय पूरी तरह बंद था, और आरोपी इसी कमजोरी का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। मुखबिर की सूचना पर गिरी गाज एडीसीपी गोपी नाथ सोनी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य कार से घूम रहे हैं। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार को रोका और उसमें सवार जीशान, अरशद और रियाज को दबोच लिया। तलाशी में भारी मात्रा में चोरी के जेवरात बरामद हुए। पुलिस जांच में सामने आया कि— मड़ियांव में 7, अलीगंज व जानकीपुरम में 1-1 मुकदमे दर्ज थे। ये सभी घटनाएं पिछले डेढ़ महीने में घटित हुई थीं। आरोपियों का काला इतिहास अरशद पर 22 मुकदमे दर्ज जीशान पर कई गंभीर मामले रियाज पर भी मुकदमा दर्ज गिरोह के दो सदस्य—इमरान व एक अन्य—फरार यह गिरोह बंद घरों को ही अपना “सॉफ्ट टारगेट” बनाता था। पहले इलाके की रेकी करता, घरों की गतिविधि पर नजर रखता और फिर बारीकी से चोरी को अंजाम देता था। गैंगस्टर के तहत होगी कार्रवाई पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जा चुकी है। अब एक बार फिर इनपर कठोर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है ताकि ऐसे अपराधियों पर कड़ी नकेल कसी जा सके। लखनऊ पुलिस की इस बड़ी सफलता से जहां शहरवासियों को राहत मिली है, वहीं कई दिनों से खुले में घूम रहे इस गिरोह के पकड़े जाने से पुलिस की कार्यवाही पर उठते सवालों का भी आंशिक जवाब मिल गया है। अब फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से अमरिया पारा में सनसनी, परिजनों ने ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
✍️ भागीरथी यादव पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच तेज की मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अमरिया पारा में शनिवार को एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नौ महीने पूर्व प्रेम विवाह करने वाली मधु सूर्यवंशी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताड़ना के आरोप लगाकर मामला और गंभीर बना दिया है। मधु सूर्यवंशी, निवासी खोखरा (जिला जांजगीर-चांपा), की शादी अरुण कोसले से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। शादी के बाद से ही वह ससुराल में रह रही थी और मायके नहीं गई थी। शनिवार दोपहर करीब 11 बजे घर के भीतर लोहे के एंगल से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाने की जानकारी मिली। घटना के समय पति घर से बाहर था, जबकि सास-ससुर घर में मौजूद थे। सूचना मिलने पर अरुण तत्काल घर पहुंचा और पुलिस को खबर दी। मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार की उपस्थिति में पंचनामा, फोटो व अन्य आवश्यक कार्यवाही पूरी की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस बीच घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन कोरबा पहुंचे और उन्होंने ससुराल वालों पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाए। परिजनों के आरोपों के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयान के आधार पर आगे की दिशा तय करेगी। फिलहाल अमरिया पारा में घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
गृह मंत्री बनते ही सम्राट चौधरी का सख्त संदेश “अपराधियों की अब खैर नहीं, पुलिस को खुली छूट”
✍️ भागीरथी यादव पटना। बिहार के नए गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पद संभालते ही अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई का संकेत देते हुए साफ कहा है कि अब राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा— “अपराध करने वालों की खैर नहीं, पुलिस को अब रोक-टोक नहीं, पूरी आज़ादी है।” सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि गृह विभाग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सुशासन के संकल्प को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि जिस जंगलराज को खत्म किया गया था, वह अब कभी वापस नहीं आएगा। गया में अपराधियों का “पिंडदान” करने वाले अपने पुराने बयान पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम प्रोफेशनल तरीके से कर रही है और करती रहेगी। गौरतलब है कि पहली बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी है। नई सरकार में एनडीए के सभी दलों को प्रतिनिधित्व मिला है, जिनमें सबसे ज्यादा 14 मंत्री भाजपा के हैं। हालांकि बजट के लिहाज से जदयू के पास अभी भी सबसे अधिक, लगभग 65 प्रतिशत विभागों की जिम्मेदारी है, जबकि भाजपा के पास करीब 29.22 प्रतिशत बजट वाले विभाग हैं। सम्राट चौधरी के इस कड़े रुख को कानून-व्यवस्था को और सख्ती से लागू करने की दिशा में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
दुर्ग: दो स्पा सेंटरों पर देर रात छापेमारी अवैध गतिविधियों का खुलासा, तीन लोग गिरफ्तार
✍️ भागीरथी यादव रायपुर दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृति नगर में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए लविश फैमिली स्पा एंड सैलून और ड्रीम कैचर स्पा एंड सैलून पर छापा मारा। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस को संदिग्ध हालात में कई लोग मिले तथा आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने स्पा संचालिका अहिल्या सागरवंशी, उसके पति दिग्विजय सागरवंशी और अंकुश ईखार को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि सीएसपी भारती मरकाम के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाना है। जांच जारी है और पुलिस ने कहा है कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार होंगी।
सिपाही–सेतगंगा मार्ग पर प्रस्तावित शराब दुकान का मामला गर्माया
कलेक्टर ने गठित की 8 सदस्यीय जांच टीम, किया मौके का निरीक्षण मुंगेली// सिपाही–सेतगंगा मार्ग पर प्रस्तावित देशी कंपोजिट शराब दुकान खोलने के विरोध के बाद कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आठ सदस्यीय जांच टीम गठित की है। टीम को आवेदन की जांच, वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच दल में एसडीएम अजय शतरंज, एसडीओपी नवनीत पाटिल, जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हैं। कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने ग्राम पंचायत बोदा क्षेत्र में प्रस्तावित दुकान के भवन, निविदा प्रक्रिया और विरोध से जुड़े सभी तथ्यों का मौके पर मुआयना किया। प्रशासन को इस दुकान के समर्थन में भी कुछ पत्र प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जांच रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
आमामुड़ा धोबघाट में अरपा नदी की रेत पर माफियाओं का कब्जा, वन विभाग की चुप्पी पर ग्रामीण भड़के
बिलासपुर/बेलगहना :- आमामुड़ा के धोबघाट इलाके में अरपा नदी की रेत का अवैध दोहन बेकाबू हो गया है। दिन-रात ट्रैक्टर और भारी वाहन फॉरेस्ट लैंड से रेत निकाल रहे हैं, जबकि वन विभाग की अनुपस्थिति और निष्क्रियता ने ग्रामीणों में गुस्सा भर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रतनपुर रेंज के अधिकारियों की लापरवाही और मिलीभगत के कारण खनन माफियाओं के हौसले बढ़े हुए हैं। पिछले वर्ष जब्त किए गए हाईवा, ट्रैक्टर व पोकलेन कुछ ही दिनों में छोड़ दिए गए, जिससे माफिया फिर सक्रिय हो गए। अवैध खनन से नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है, आसपास के वन क्षेत्रों पर खतरा मंडरा रहा है और भारी वाहनों से उड़ती धूल ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और प्रशासनिक घेराव के लिए मजबूर होंगे। उनका कहना है कि यह केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि अरपा नदी और पर्यावरण संरक्षण का गंभीर प्रश्न है, जिसे अनदेखा करना भविष्य के लिए भारी नुकसान साबित होगा।
PM आवास योजना में बड़ा खुलासा: कागज़ों में ‘मकान’, जमीन पर सिर्फ ‘शौचालय’
डबल जियो-टैगिंग ने खोली भ्रष्टाचार की परतें, अधिकारी चुप बिलासपुर/कोटा — कोटा जनपद के ग्राम खैरा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। लाखों की आवास राशि का उपयोग पक्का मकान बनाने के बजाय सिर्फ शौचालय और छोटे कमरों के निर्माण में कर दिया गया। तीन लाभार्थियों को स्वीकृत आवास कागज़ों में पूर्ण दिखाए गए, जबकि जमीनी हकीकत अधूरी और मानकों से परे निकली। डबल जियो-टैगिंग ने बढ़ाया संदेह एक ही आवास पर दो-दो जियो-टैग अपलोड हुए—जो साफ संकेत है कि या तो निरीक्षण बिना स्थल पर पहुँचे कर दिया गया, या तकनीकी स्टाफ की मिलीभगत से जियो-टैगिंग में हेरफेर की गई। लाभार्थी की स्वीकारोक्ति ने बढ़ाई गंभीरता कान्हा जायसवाल ने स्वीकार किया कि पूरी राशि उन्होंने शौचालय और एक छोटे कमरे में खर्च कर दी। यह योजना के नियमों और स्वीकृत निर्माण मानकों का सीधा उल्लंघन है। तकनीकी फेक का बचाव सवालों के घेरे में तकनीकी प्रभारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा—“मेरी अनुमति के बिना जियो-टैगिंग संभव नहीं।” फिर जियो-टैग किसने किया? निरीक्षण किसने पास किया? यह बयान स्वयं उनके खिलाफ गंभीर संदेह खड़ा करता है। जनपद की चुप्पी और बढ़ा रही शंका मामला उजागर होने के बावजूद न रिपोर्ट, न नोटिस, न प्रारंभिक कार्रवाई—कुछ भी नहीं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सामान्य गलती नहीं, बल्कि “बड़ा आर्थिक खेल” है। ग्रामीणों की मांग उच्च स्तरीय जांच दोषियों की पहचान व निलंबन गलत भुगतान की वसूली पूरी पंचायत के आवासों की समीक्षा अब सबसे बड़ा सवाल क्या जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा, या यह मामला भी फाइलों में दबा दिया जाएगा? जनता की निगाहें अब प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं।
















