कलेक्टर ने मरवाही के छात्रावासों व विद्यालयों का किया आकस्मिक निरीक्षण, ‘सारथी अभियान’ की प्रगति देखी
✍️ भागीरथी यादव मरवाही। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने शुक्रवार को मरवाही विकासखंड के विभिन्न छात्रावासों और विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया, पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति छात्रावास (बालक एवं बालिका) मरवाही सहित कई संस्थानों में पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बताया कि जिले में ‘सारथी अभियान’ के तहत सितम्बर माह से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं। इस अभियान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय नेवसा, डोंगरिया, लाटा, पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति छात्रावास मरवाही (बालक एवं बालिका), पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास पेंड्रा, बालक छात्रावास पेंड्रा, कन्या छात्रावास गौरेला (नवीन), बालक छात्रावास टीकरकला गौरेला तथा सामान्य छात्रावास गुरुकुल पेंड्रारोड शामिल हैं। इन संस्थानों में अंग्रेज़ी ग्रामर, गणित, सामान्य ज्ञान और रीजनिंग जैसे विषयों की प्रतिदिन एक घंटे की कक्षाएँ विषय विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक टेस्ट आयोजित किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास बढ़ सके। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की टेस्ट रिपोर्ट का अवलोकन किया और कमजोर प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधीक्षकों को दिए। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने, विषयों को समझकर पढ़ने और शिक्षकों से प्रश्न पूछने की आदत विकसित करने की सलाह दी। कलेक्टर ने बच्चों से उनकी समस्याएँ भी जानीं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे भी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव जिले में सड़कों की मरम्मत को मिली रफ्तार, 353 किलोमीटर मार्गों पर शुरू हुआ बीटी पेच कार्य
✍️ भागीरथी यादव राजनांदगांव। शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग (भू-संरचना) राजनांदगांव अंतर्गत विभिन्न सड़कों की मरम्मत के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके तहत जिले के कुल 84 मार्गों की 353 किलोमीटर लंबाई पर बीटी पेच रिपेयर कार्य के निष्पादन हेतु एजेंसी का चयन कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग उपसंभाग क्रमांक 1 एवं 2 राजनांदगांव तथा डोंगरगढ़ द्वारा कई प्रमुख मार्गों पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इनमें अग्रवाल ट्रांसपोर्ट चौक से लखोली चौक, गंज चौक से बसंतपुर चौक, भदौरिया चौक मार्ग, डोंगरगांव–तुमड़ीबोड मार्ग तथा ढारा–ठेलकाडीह मार्ग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, बीटी पेच मरम्मत कार्य तेजी से प्रगति पर है और विभाग ने इसे दिसंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कार्य पूर्ण होने के बाद जिले में आवागमन और परिवहन व्यवस्था को और सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
कोरबा के स्कूलों में नई पहल: हर सुबह बच्चे पढ़ रहे देश-दुनिया की खबरें, डीएमएफ फंड से लगाए गए न्यूज़ पेपर स्टैंड
✍️ भागीरथी यादव कोरबा। जिले के स्कूलों में अब सुबह का माहौल बदल गया है। छात्र-छात्राएं किताबों के साथ-साथ अखबार भी पढ़ते दिखाई देते हैं। यह परिवर्तन जिला प्रशासन की अनोखी पहल का परिणाम है, जिसके तहत डीएमएफ फंड से सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में न्यूज़ पेपर स्टैंड स्थापित किए गए हैं। उद्देश्य है—विद्यार्थियों को समसामयिक घटनाओं से जोड़ना और उनके करियर मार्गदर्शन में मदद पहुंचाना। पहले विद्यार्थी स्कूल में केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित थे, लेकिन अब रोज़ाना सुबह प्रवेश द्वार पर लगे स्टैंड से लेकर कक्षाओं तक, अखबार पढ़ने की नई आदत तेजी से विकसित हो रही है। इससे छात्रों में न सिर्फ जागरूकता बढ़ी है, बल्कि उनका आत्मविश्वास और सोचने की क्षमता भी मजबूत हुई है। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के दूरस्थ गांव लेंगी के हाईस्कूल की छात्राओं समीना, सोनी मार्को और कल्याणी के अनुसार—अखबार पढ़ने से उनका सामान्य ज्ञान बढ़ा है और परीक्षा की तैयारी में भी मदद मिलती है। वहीं अजगरबहार हायर सेकेंडरी स्कूल की 12वीं की छात्राएं आरती, ममता, सुनीता और लक्षमनिया बताती हैं कि अखबार से उन्हें उच्च शिक्षा, नए कोर्स और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल रही है, जिससे भविष्य की दिशा तय करना आसान हो रहा है। जिला प्रशासन की इस पहल ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों में जिज्ञासा, दृष्टि और जागरूकता को नई उड़ान दी है। स्कूल की सुबह अब सिर्फ घंटी से नहीं, बल्कि नए ज्ञान और नए अवसरों की शुरुआत से पहचानी जा रही है।
जशपुर जिले को बड़ी सौगात: ग्रामीण सड़कों पर बनेगा निर्बाध आवागमन, 13.69 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी
✍️ भागीरथी यादव रायपुर। जशपुर जिले में ग्रामीण आवागमन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले के चार महत्वपूर्ण नालों पर पुल निर्माण के लिए 13 करोड़ 69 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्माण कार्यों से दूरदराज़ के गांवों तक पहुंचना आसान होगा और बरसात के मौसम में सड़क संपर्क बाधित होने की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो जाएगी। मंजूर की गई परियोजनाओं में— दुलदुला एल-025 से बनगांव मार्ग पर पुल निर्माण के लिए 3.60 करोड़ रुपये, चटकपुर से बकुना मार्ग के लिए 2.71 करोड़ रुपये, मुड़ाअम्बा मुड़ा नाला पर पुल निर्माण हेतु 2.69 करोड़ रुपये, फरसाबहार के रायअम्बा से मकरीबंधा कुसुमनाला पर पुल निर्माण के लिए 4.67 करोड़ रुपये शामिल हैं। सरकारी अधिकारियों का कहना है कि इन पुलों के बन जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं दैनिक आवागमन को गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस निर्णय का स्वागत किया और इसे जशपुर जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर बताया। यह परियोजना जिले में एक सुरक्षित, सुगम और निरंतर आवागमन तंत्र स्थापित करने की दिशा में अहम योगदान देगी।
🌟 आज का राशिफल — 9 नवम्बर 2025 🌟
✍️ भागीरथी यादव ♈ मेष (Aries) आज आत्मविश्वास बढ़ेगा। किसी नई जिम्मेदारी का अवसर मिल सकता है। आर्थिक स्थिति में सुधार संभव है। ♉ वृषभ (Taurus) परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। संपत्ति से जुड़े मामलों में लाभ हो सकता है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। ♊ मिथुन (Gemini) काम का बोझ थोड़ा ज्यादा रहेगा, लेकिन प्रयास सफल होंगे। रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। ♋ कर्क (Cancer) स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत है। पुराने काम पूरे होंगे। किसी मित्र से सहयोग मिलेगा। ♌ सिंह (Leo) आज का दिन उत्साह से भरा रहेगा। नौकरी या बिज़नेस में प्रगति के संकेत। मान-सम्मान बढ़ेगा। ♍ कन्या (Virgo) धैर्य रखें। निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल है। ♎ तुला (Libra) नई शुरुआत के लिए अच्छा दिन। साझेदारी वाले कामों में लाभ मिलेगा। परिवार का सहयोग रहेगा। ♏ वृश्चिक (Scorpio) भावनात्मक उतार-चढ़ाव रह सकता है। खर्च बढ़ सकते हैं। निवेश सोच-समझकर करें। ♐ धनु (Sagittarius) योजना सफल होंगी। यात्रा के योग हैं। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी सम्भव। ♑ मकर (Capricorn) आज कड़ी मेहनत का फल मिलेगा। विरोधी शांत रहेंगे। किसी बड़ी खुशी का संकेत। ♒ कुंभ (Aquarius) नई दोस्ती बनेगी। टेक्नोलॉजी से जुड़े कामों में लाभ। मानसिक शांति बनी रहेगी। ♓ मीन (Pisces) भाग्य का साथ मिलेगा। रुके हुए पैसे मिलने की संभावना। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव : दूसरे चरण की जंग और भी रोचक, 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों का भाग्य दांव पर
✍️ भागीरथी यादव बिहार में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। छह नवंबर को पहले चरण की 121 सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान पूरा होने के बाद अब सभी राजनीतिक दल 11 नवंबर को होने वाले दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। यह चरण कई दलों के लिए निर्णायक साबित होने वाला है, खासकर महागठबंधन के सबसे बड़े घटक राजद के लिए। राजद की प्रतिष्ठा दांव पर दूसरे चरण में राजद के 70 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में उसके 73 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। कुल 143 सीटों के साथ इस चुनाव में राजद सबसे बड़े दावेदार के तौर पर नजर आ रहा है। ऐसे में दूसरे चरण के ये परिणाम पार्टी की प्रतिष्ठा तय करेंगे। एनडीए भी पूरी ताकत में दूसरे चरण में भाजपा के 53 उम्मीदवार और जदयू के 44 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में भाजपा के 48 और जदयू के 43 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है। लोजपा (रामविलास) के भी 29 में से 15 उम्मीदवार इस चरण में किस्मत आजमा रहे हैं। अन्य दलों की स्थिति कांग्रेस : 37 उम्मीदवार विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) : 10 उम्मीदवार राष्ट्रीय लोक मोर्चा : 4 उम्मीदवार इन सभी दलों के उम्मीदवारों का भविष्य भी इसी चरण में तय होना है। 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों की जंग दूसरे चरण में कुल 1302 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। नौ नवंबर की शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा, उसके बाद 11 नवंबर को मतदान होगा। पहले चरण में बंपर वोटिंग के बाद चुनाव आयोग को उम्मीद है कि दूसरे चरण में भी जनता बढ़-चढ़कर मतदान करेगी। मतगणना 14 नवंबर को दोनों चरणों के मतदान खत्म होने के बाद 14 नवंबर को मतगणना होगी और तभी तय होगा कि बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी। यह चुनावी मुकाबला न सिर्फ राजनीतिक दलों की रणनीति बल्कि जनता के रुझान को भी नए सिरे से परिभाषित करने वाला है।
कटरीना कैफ बनी मां, 7 नवंबर को दिया बेटे को जन्म — विक्की-कटरीना ने इंस्टाग्राम पर दी खुशखबर
✍️ भागीरथी यादव मुंबई। बॉलीवुड के स्टार कपल विक्की कौशल और कटरीना कैफ के घर खुशियां दस्तक दे चुकी हैं। एक्ट्रेस कटरीना कैफ ने 7 नवंबर को बेटे को जन्म दिया है। कपल ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर इस सुखद खबर की जानकारी फैंस को दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का सैलाब उमड़ पड़ा। 42 साल की उम्र में मां बनी कटरीना के लिए यह पल बेहद खास माना जा रहा है। फैंस लंबे समय से इस खुशखबरी का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, कपल ने अभी तक बेटे की पहली झलक साझा नहीं की है। प्रशंसक नन्हे राजकुमार के फेस रिवील का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विक्की-कटरीना की यह खुशखबरी आते ही बॉलीवुड सेलेब्रिटीज ने भी नए माता-पिता को ढेरों शुभकामनाएं दीं। दोनों के परिवार में यह पहला बच्चा है, इसलिए यह पल उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। फिलहाल कपल ने प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध किया है और अपने फैन्स का प्यार व शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया है।
दीपेश सैनी ने संभाली सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ की कमान, अपराध व नशे पर अंकुश होगी पहली प्राथमिकता
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह द्वारा किए गए विभागीय फेरबदल के बाद निरीक्षक दीपेश सैनी ने शुक्रवार शाम सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ के नवनियुक्त थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। कोतवाली पहुँचने पर पुलिसकर्मियों ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने थाने का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से परिचय बैठक की। मीडिया से चर्चा में टीआई सैनी ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण, नशे के कारोबार पर रोक और आम नागरिकों की सुरक्षा उनकी शीर्ष प्राथमिकताएं होंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस-जनता के समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त न करने की बात भी उन्होंने दोहराई। उन्होंने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में रात्रि गश्त को मजबूत किया जाएगा, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी, और युवाओं को नशे से दूर रखने जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार और त्वरित समाधान की नीति अपनाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम, शस्त्रागार व महिला हेल्प डेस्क का जायजा लिया और कर्मियों को अनुशासन तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने निर्देश दिए। ज्ञात हो कि दीपेश सैनी पूर्व में झगराखाण्ड थाने में थाना प्रभारी रहे, जहां उनके कार्यकाल को उपलब्धियों और प्रभावी कार्रवाई के लिए सराहा गया। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में मनेन्द्रगढ़ की कानून व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराध और नशे पर कड़ी लगाम लगेगी।
सिंधी समाज में हंगामा: महिला से मारपीट व अशोभनीय हरकत का आरोप, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
बिलासपुर। शहर के सिंधी समाज में एक महिला के साथ मारपीट, छेड़छाड़ और दुकान पर जबरन कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सरिता पंजवानी का आरोप है कि सात वर्षों से उनकी दुकान पर कब्जा जमाए प्रीतम अंडवानी ने बिना अनुमति निर्माण कार्य किया। विरोध करने पर प्रीतम, नंदू अंडवानी और उसके बेटे ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और अशोभनीय हरकत की। जान से मारने की धमकी भी दी गई। बीच-बचाव करने पहुँची बेटी दिशानी पंजवानी को भी आरोपियों ने जमीन पर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गई। दोनों ने उपचार के बाद सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) में अपराध दर्ज किया है, लेकिन पीड़िता और समाजजन महिला की मर्यादा भंग करने वाली कठोर धारा BNS 64 जोड़ने की मांग कर रहे हैं। समाजजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी विवादों में रहा है, फिर भी पुलिस की कार्रवाई ढीली दिखाई दे रही है। पीड़िता ने कहा कि वह न्याय के लिए संघर्ष जारी रखेंगी।
कोरबा। बहुचर्चित जश्न रिसॉर्ट विवाद में बड़ा मोड़—अनिल द्विवेदी को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत
✍️ भागीरथी यादव जश्न रिसॉर्ट में 12 अक्टूबर को हुए हाई-प्रोफाइल इवेंट के बाद उपजे विवाद में आखिरकार प्रमुख पक्षकार अनिल द्विवेदी को बड़ी राहत मिली है। मारपीट और विवाद से जुड़े मामले में हाईकोर्ट ने 6 नवंबर को उन्हें अग्रिम जमानत प्रदान कर दी। यह वही कार्यक्रम था जिसमें हरियाणा की लोकप्रिय परफॉर्मर सपना चौधरी ने प्रस्तुति दी थी, और घटना के बाद मामला शहर में सुर्खियों का केंद्र बन गया था। कैसे बढ़ा विवाद? सूत्रों के मुताबिक, देर रात आयोजित शो के दौरान अचानक डांस एक्ट छोटा कर दिए जाने से आयोजक पक्ष नाराज हो गया। परफॉर्मेंस बढ़ाने को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। इसी दौरान रिसॉर्ट से जुड़े केनी और गोल्डी मौके पर पहुंचे, जहां स्थिति और बिगड़ गई और मामला पुलिस तक जा पहुंचा। रात करीब 1 बजे अनिल द्विवेदी ने FIR दर्ज करवाई, जिसके कुछ ही घंटों बाद रिसॉर्ट संचालकों की ओर से काउंटर FIR भी दर्ज करा दी गई। इस केस में केनी, गोल्डी और ईशान को पहले ही राहत मिल चुकी थी, और अब अनिल को भी जमानत मिलने के बाद दोनों पक्षों की कानूनी टकराहट कुछ नरम पड़ती दिख रही है। — जश्न रिसॉर्ट—विवादों का पुराना ठिकाना? जश्न रिसॉर्ट पहले भी विवादों में घिरता रहा है— होली कार्यक्रम में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की थी देर रात पार्टी लाउड म्यूजिक शराब परोसने से शांति भंग इसी कारण आसपास के लोग प्रशासन से कड़ी निगरानी और कार्रवाई की मांग करते रहे हैं। — जमानत मिलने से वर्तमान टकराव की तीव्रता भले ही घटती दिख रही हो, लेकिन जश्न रिसॉर्ट का विवादों से जुड़ा अध्याय अभी पूरी तरह खत्म होता नहीं दिखता।














