धारदार हथियार रखने या बेचने पर अब होगी सख्त कार्रवाई – मुंगेली पुलिस की चेतावनी

📍 मुंगेली, छत्तीसगढ़ ✍️ रिपोर्ट : अतुल श्रीवास्तव   मुंगेली। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुंगेली पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित धारदार हथियार या वस्तु अपने पास न रखें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।   पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति धारदार हथियार से किसी पर हमला करता है, तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत प्राणघातक हमले का मामला दर्ज किया जाएगा।   साथ ही, दुकानदारों और स्टेशनरी स्टोर संचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को कटर, चाकू या अन्य धारदार वस्तुएं न बेचें। यदि बिक्री की जाती है, तो खरीदार के आधार कार्ड की प्रति अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखें।   पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए निम्नलिखित नंबर जारी किए गए हैं — 📞 9479193044 📞 8319412724   मुंगेली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। यदि किसी संदिग्ध की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया या रील के माध्यम से उपलब्ध हो, तो उसे भी पुलिस के साथ साझा किया जा सकता है।   पुलिस का यह अभियान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।  

प्रधानमंत्री मोदी के 127वें ‘मन की बात’ का मुंगेली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक श्रवण

✍️ रिपोर्ट : अतुल श्रीवास्तव, मुंगेली (छत्तीसगढ़)   मुंगेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंपर्क कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण का आज जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशवानी के नेतृत्व में रामगढ़ स्थित महेश यादव के निवास पर किया गया।   इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा ली।   प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति और समाज के गहरे संबंध का प्रतीक है। उन्होंने इसे भारतीय एकता और आस्था का अद्भुत उदाहरण बताया। प्रधानमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए सभी देशवासियों से 31 अक्टूबर को आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “सरदार पटेल का योगदान आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की नींव है।”   उन्होंने आगामी ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 नवंबर से देशभर में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “वंदे मातरम् का उद्घोष 140 करोड़ भारतीयों को एकता की शक्ति देता है।”   इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हो रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन के रूप में जारी रखने की अपील की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में संचालित ‘गार्बेज कैफे’ की विशेष सराहना की, जो स्वच्छता के क्षेत्र में प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है।   इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशवानी, वरिष्ठ नेता द्वारिका प्रसाद जायसवाल, भागीरथी यादव, चमरू साहू, मन्नू लाल श्रीवास्तव, महावीर सिंह, शैलेन्द्र यादव, महेश यादव, रामशरण यादव, असलम खान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।   कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: तेजस्वी यादव के वादों की झड़ी — हर घर सरकारी नौकरी, पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना

✍️ भागीरथी यादव   पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों के बीच महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक के बाद एक बड़े चुनावी वादों की झड़ी लगा दी। तेजस्वी ने कहा कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनी तो पंचायती राज प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना, पूर्व प्रतिनिधियों को पेंशन, और पीडीएस डीलरों की आमदनी में बढ़ोतरी की जाएगी।   तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि “अब बिहार को सिर्फ 20 महीने का मौका दें, हमारी सरकार राज्य को नंबर-1 बनाएगी।” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और महागठबंधन वही विकल्प देगा जो राज्य को विकास की राह पर ले जाएगा।     —   तेजस्वी यादव के प्रमुख चुनावी वादे   1. पंचायती प्रतिनिधियों का मानदेय और पेंशन त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा। पूर्व प्रतिनिधियों को पेंशन दी जाएगी। ग्राम कचहरियों की शक्तियां बढ़ाई जाएंगी और सभी प्रतिनिधियों के लिए 50 लाख रुपये का बीमा कवर लागू किया जाएगा।     2. पीडीएस डीलरों को बढ़ावा पीडीएस डीलरों को प्रति क्विंटल मार्जिन मनी (कमीशन) में वृद्धि की जाएगी। अनुकंपा नियुक्ति में 58 वर्ष की आयु सीमा समाप्त की जाएगी।     3. लघु उद्योगों को प्रोत्साहन लोहार, कुम्हार, बढ़ई, नाई जैसे परंपरागत व्यवसायों से जुड़े लोगों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा, जिसे पांच वर्षों में लौटाना होगा।     4. हर घर सरकारी नौकरी योजना सरकार बनने के बीस दिनों के भीतर अध्यादेश लाकर “हर घर में सरकारी नौकरी” की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।     5. बुनियादी सुविधाओं पर जोर राज्य में बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार किया जाएगा।         —   प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर तीखे हमले करते हुए कहा कि “वर्तमान सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है, कोई ठोस काम नहीं हुआ। फैक्ट्रियां गुजरात में लगाई जाती हैं और वोट लेने बिहार में आते हैं।”   उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार मुक्त और विकासोन्मुखी होगी। पंचायत प्रतिनिधियों, पीडीएस डीलरों, लघु उद्योगों और आम नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।

सतारा में महिला डॉक्टर की आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा, प्रशांत बनकर गिरफ्तार

  ✍️ भागीरथी यादव   सतारा (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के सतारा जिले में 29 वर्षीय महिला डॉक्टर की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि मृतक डॉक्टर ने अपनी हथेली पर एक नोट में पुलिस सब-इंस्पेक्टर और एक व्यक्ति प्रशांत बनकर का नाम लिखा था। इस सुराग के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार रात प्रशांत बनकर को गिरफ्तार कर लिया।   पुलिस के अनुसार, प्रशांत बनकर उस मकान मालिक का बेटा है जहां डॉक्टर किराए पर रह रही थी। डॉक्टर सतारा के फलटण क्षेत्र में महाराष्ट्र सरकार द्वारा संचालित एक अस्पताल में अनुबंधित चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत थीं। गुरुवार रात शहर के एक होटल के कमरे में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था।   जांच अधिकारियों ने बताया कि प्रशांत बनकर, जो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, घटना के बाद पुणे के पास एक दोस्त के फार्महाउस में छिपा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि डॉक्टर और प्रशांत बनकर के बीच संबंध थे, और वह पिछले कुछ महीनों से मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थीं।   पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्महत्या से कुछ घंटे पहले यानी 23 अक्टूबर को दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। वहीं, डॉक्टर के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक स्थानीय सांसद ने एक बिचौलिए के माध्यम से जांच को प्रभावित करने की कोशिश की है, हालांकि पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है।   फलटण पुलिस का कहना है कि प्रशांत बनकर से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच आगे बढ़ने पर अन्य गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छपरा आमसभा की तैयारी को लेकर नैनी में हुई महत्वपूर्ण बैठक

✍️ भागीरथी यादव   सारण (बिहार)। देश के यशस्वी  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 30 अक्टूबर को छपरा विधानसभा, जिला सारण में होने वाली विशाल आमसभा को लेकर आज नैनी, छपरा में भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।   बैठक में सभा की तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन, सारण लोकसभा प्रभारी अमित ठक्कर, मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक भावना बोहरा, विधायक रिकेश सेन सहित विधानसभा प्रभारी, मंडल अध्यक्षगण एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। इसके लिए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सभी स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आमसभा में भारी जनसैलाब उमड़े और प्रधानमंत्री का स्वागत भव्य और ऐतिहासिक रूप से किया जा सके।

आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किया संग्रहालय निर्माण स्थल का निरीक्षण

✍️ भागीरथी यादव   50 करोड़ की लागत से बन रहा ‘शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय’ राज्योत्सव पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी करेंगे लोकार्पण   रायपुर, नवा रायपुर अटल नगर में बन रहे भव्य शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक सह संग्रहालय के निर्माण कार्य का जायजा लेने शनिवार को आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण और साज-सज्जा से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।   यह भव्य संग्रहालय 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है, जिसमें कुल 14 गैलरियों में लगभग 650 मूर्तियां स्थापित की गई हैं। इन गैलरियों में अंग्रेजी शासन काल के दौरान हुए विभिन्न जनजातीय विद्रोहों, जंगल सत्याग्रह और झंडा सत्याग्रह के जीवंत दृश्य प्रदर्शित किए गए हैं। जनजातीय इतिहास को आमजन तक सहज रूप से पहुँचाने के लिए संग्रहालय में डिजिटल तकनीक का उपयोग भी किया गया है।   मंत्री श्री नेताम ने निरीक्षण के दौरान कहा कि—   > “यह संग्रहालय आदिवासी समाज के गौरव, शौर्य और बलिदान का प्रतीक बनेगा। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की परिकल्पना का साकार रूप है, जो आने वाली पीढ़ियों को हमारे पुरखों की वीर गाथाओं से प्रेरित करेगा।”       उन्होंने आगे कहा कि संग्रहालय का लोकार्पण 1 नवम्बर को राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा।   निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री नेताम ने संग्रहालय परिसर में डिजिटलीकरण कार्य, दिव्यांगजनों हेतु पृथक पार्किंग, सॉवेनियर शॉप, गार्डनिंग और जल आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया और कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।   इस अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, टीआरटीआई की संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित विभागीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बस्तर की धरती पर गूंजा खेलों का उत्सव — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ

✍️ भागीरथी यादव   नारायणपुर। परंपरागत खेलों को प्रोत्साहन और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का शुभारंभ आज नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम कच्चापाल में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के हाथों हुआ।   इस अवसर पर आयोजित रस्साकसी प्रतियोगिता में ईरकभट्टी और कच्चापाल की महिला टीमों ने दमखम दिखाया, जिसमें ईरकभट्टी की महिलाओं ने विजयी बाजी मारी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और सभी खिलाड़ियों को ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ की टी-शर्ट प्रदान की। बस्तर ओलंपिक का आयोजन तीन चरणों — विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जा रहा है। इसमें बस्तर संभाग के 3 लाख 80 हजार से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें नारायणपुर जिले से 47 हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं।   उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “बस्तर ओलंपिक केवल खेल नहीं है, यह बस्तर की समरसता, बंधुत्व, विश्वास और एकता का प्रतीक है। यह आयोजन युवाओं की नैसर्गिक प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास जगाने का माध्यम बनेगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस ओलंपिक के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी प्रदेश से निकलेंगे, जो पूरे विश्व में बस्तर का नाम ऊंचा करेंगे।   इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी श्री रॉबिंसन गुड़िया, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।   उल्लेखनीय है कि ‘बस्तर ओलंपिक 2025’ का आयोजन 25 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक किया जा रहा है। इसमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें जूनियर वर्ग (14–17 वर्ष), सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक) के साथ दिव्यांग खिलाड़ी और आत्मसमर्पित नक्सली भी भाग ले रहे हैं, जो सीधे संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

छत्तीसगढ़ में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

✍️ भागीरथी यादव   रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि हर नागरिक को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री आज राजधानी नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रिटिकल केयर पर आधारित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस ‘क्रिटिकॉन रायपुर-2025’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।   मुख्यमंत्री साय ने कहा कि क्रिटिकॉन रायपुर-2025 चिकित्सा विज्ञान विशेषकर क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्टता का महत्वपूर्ण मंच है। यह देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एकजुट कर स्वास्थ्य सेवाओं में नई दिशाओं की रूपरेखा तैयार करने का अवसर प्रदान करता है।   उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अस्पतालों, क्रिटिकल केयर इकाइयों और मेडिकल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में मेडिसिटी और फार्मा हब का निर्माण किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाई पर ले जाएगा।   मुख्यमंत्री ने इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए रामकृष्ण केयर ग्रुप की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अब देशभर में चिकित्सा उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है।     —   विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह बोले — नई तकनीक बदल रही है चिकित्सा की तस्वीर   कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कॉन्फ्रेंस की मेजबानी रायपुर को मिलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के विचार-विमर्श से ऐसे नवाचार सामने आएंगे, जो मानव स्वास्थ्य उपचार के लिए वरदान साबित होंगे।   डॉ. सिंह ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स के प्रयोग से उपचार की नई संभावनाएं खुल रही हैं और यही तकनीक “नए भारत की नई कहानी” लिख रही है। उन्होंने कहा कि हर जिले और बड़े अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट्स की स्थापना समय की आवश्यकता है।   उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए चल रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार आम जनता के लिए बड़ी राहत है।     —   1300 से अधिक डॉक्टरों की सहभागिता, उत्कृष्ट चिकित्सकों का सम्मान   कार्यक्रम में देश-विदेश और राज्य भर से आए 1300 से अधिक डॉक्टरों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का मंच से सम्मान भी किया गया।   इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ श्री वरुण खन्ना, तथा अनेक विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।     —

एफएटीएफ ने पाकिस्तान को चेताया – ग्रे लिस्ट से बाहर होने का मतलब नहीं, निगरानी खत्म हो गई है

✍️ भागीरथी यादव   पेरिस, 26 अक्टूबर 2025 — वैश्विक आतंक वित्तपोषण पर नजर रखने वाली संस्था फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि अक्टूबर 2022 में ग्रे लिस्ट से बाहर किए जाने का अर्थ यह नहीं है कि अब उस पर निगरानी समाप्त हो गई है।   एफएटीएफ की अध्यक्ष एलिसा दे आंडा माद्राजो ने फ्रांस में आयोजित बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पाकिस्तान सहित सभी देशों को अवैध आर्थिक गतिविधियों और आतंक वित्तपोषण के खिलाफ लगातार सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा,   > “कोई भी देश जो कभी ग्रे लिस्ट में रहा है, वह अपराधियों की गतिविधियों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता — चाहे वे धन शोधन करने वाले हों या आतंकवादी।”       माद्राजो ने स्पष्ट किया कि ग्रे लिस्ट से बाहर होना प्रक्रिया का अंत नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करने की शुरुआत है कि देश अपनी नीतियों और वित्तीय तंत्र को मजबूत करें ताकि अपराधी उनका दुरुपयोग न कर सकें।   पाकिस्तान को अक्टूबर 2022 में एफएटीएफ की ग्रे लिस्ट से हटाया गया था, लेकिन उसकी निगरानी एशिया पैसिफिक ग्रुप (एपीजी) के माध्यम से अब भी जारी है। यह देखा जा रहा है कि पाकिस्तान आतंक वित्तपोषण रोकथाम के उपायों को किस हद तक लागू कर रहा है।   रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैसे जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) डिजिटल वॉलेट और छिपे वित्तीय नेटवर्क के जरिए अपनी गतिविधियां चला रहे हैं।   भारत की ‘नेशनल रिस्क असेसमेंट रिपोर्ट 2022’ ने भी पाकिस्तान को आतंक वित्तपोषण के प्रमुख स्रोत के रूप में चिन्हित किया है। रिपोर्ट के अनुसार, वहां की सरकारी संस्था ‘नेशनल डेवलपमेंट कॉम्प्लेक्स (एनडीसी)’ से जुड़े संगठनों के माध्यम से आतंकियों को वित्तीय सहायता मिलती रही है।   पेरिस में हुई बैठक में एफएटीएफ ने नए मूल्यांकन मानकों के तहत बेल्जियम और मलेशिया की समीक्षा की, जबकि बुर्किना फासो, मोज़ाम्बिक, नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका को ग्रे लिस्ट से हटा दिया गया।   माद्राजो ने कहा, “हमारा लक्ष्य स्पष्ट है — आतंकवादियों और अपराधियों को धन से वंचित करना और वैश्विक वित्तीय तंत्रको सुरक्षित बनाना।”

26 अक्टूबर 2025 का राशिफल

✍️ भागीरथी यादव   मेष (Aries) आज आर्थिक तौर पर कुछ सीमितता महसूस हो सकती है। संसाधनों का प्रबंधन महत्वपूर्ण होगा। कार्यक्षेत्र में बढ़ती जिम्मेदारी मिल सकती है, परंतु सफलता का स्तर उतना सहज नहीं रहेगा।   वृषभ (Taurus) आज पारिवारिक सम्बन्धों में अच्छा समय है। स्वास्थ्य पर ध्यान दें — विशेष रूप से हृदय संबंधी मामलों में। पुराने बिल चुकाने और वित्तीय स्थिति सुधारने के अवसर मिल सकते हैं।   मिथुन (Gemini) आज सामाजिक रूप से सक्रिय रह सकते हैं। नई दोस्ती या रोमांटिक मोड़ संभव है। लंबी अवधि के निवेश में लाभ मिल सकता है। कुछ लोग खुद को अलग थलग महसूस कर सकते हैं — बाहर निकलना उपयोगी होगा।   कर्क (Cancer) उत्साह में वृद्धि होगी, कार्य तेजी से अग्रसर हो सकता है। नया वित्तीय समझौता लाभदायक हो सकता है। घर में बदलाव के लिये बड़े निर्णय लेने से पहले बुजुर्गों की सलाह लें।   सिंह (Leo) मित्रों के साथ शाम का समय आनंददायक रहेगा, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण रखें। पुराने संपर्कों को फिर से जोड़ना लाभदायक हो सकता है। अपने प्रिय के साथ कुछ अधिक समय बिताना अच्छा रहेगा।   कन्या (Virgo) आज का दिन आराम और सामाजिक सहभागिता के लिए अच्छा है। परिवार में सौहार्द बना रहेगा। निवेश के संदर्भ में सोच-समझकर निर्णय करें। प्रेम-संबंधों में जुड़ाव बढ़ सकता है।   तुला (Libra) आपका मन प्रसन्न रहेगा, नयी आय के स्रोत मिल सकते हैं। रोमांटिक संबंधों में मिठास बनी रहेगी। आराम के लिए समय निकालना आज लाभदायक रहेगा।   वृश्चिक (Scorpio) उम्मीद रख सकते हैं कि आज आपके बच्चे या परिवार से खुशखबरी आएगी। प्रेम भावना प्रबल हो सकती है। परन्तु संवाद में लचीलापन बनाए रखें। किसी भी नए वित्तीय प्रस्ताव में सतर्क रहें।   धनु (Sagittarius) स्वास्थ्य में सुधार होगा और निवेश के लिए अवसर दिख सकते हैं। परिवार में कोई खुशखबरी मिलने की संभावना है। परन्तु सामाजिक समारोहों के बजाय थोड़ी शांति लेना बेहतर रहेगा।   मकर (Capricorn) साहस और सकारात्मक सोच आज आपके साथ होगी। परन्तु निवेश में जल्दबाजी न करें — विकल्पों पर सोच-विचार करें। निजी जानकारी साझा करते समय सतर्क रहें। आपके विचारों को पहचान मिल सकती है।   कुम्भ (Aquarius) आज सामाजिक कार्यक्रमों में जाना सुखद रहेगा। लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों में विवाद हो सकता है — विशेष रूप से पारिवारिक। प्रेम संबंधों में उज्जवल अनुभव मिल सकते हैं। नई परियोजना से पहले अनुभवी लोगों से सलाह लें।   मीन (Pisces) स्वास्थ्य विशेष ध्यान मांग सकता है। बच्चे-परिवार से आर्थिक लाभ मिल सकता है। दूर के रिश्तेदारों से आश्चर्यजनक खबर मिल सकती है। नौकरी तलाश रहे हैं तो धैर्य रखें।

अन्य खबरे

बारिश और ओलों से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत — जंगल की आग पर भी काबू
सकरी पुलिस ने हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, मामूली विवाद बना मौत की वजह
कोरबी में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: विद्यार्थियों ने किया पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण
कोरबा नगर निगम का आदेश: इन तिथियों पर मांस बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित
भाजपा युवा मोर्चा कोरबा में नई नियुक्ति, कृष्णानंद राठौर बने जिला नीति एवं अनुसंधान सह प्रमुख
राजमेरु संस्था रायपुर द्वारा जन-जागरूकता सम्मेलन संपन्न, महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया जागरूक