प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित है यह अभियान: जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह
शिविर में हितग्राहियों को मिली आवास की चाबी, जॉब कार्ड, राशन कार्ड; गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
सुशील जायसवाल
सिंघिया (पोड़ी उपरोड़ा):
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं प्रशासनिक सेवाकाल के 25 वर्षों की गौरवशाली उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को कोरबा जिले के विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम सिंघिया स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में एकदिवसीय विकासखंड स्तरीय ‘सेवा सेतु संकल्प अभियान’ शिविर का भव्य आयोजन किया गया।


इस शिविर में सिंघिया सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए सैकड़ों ग्रामीण पुरुषों एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका सीधा लाभ उठाया।
शिविर में 436 आवेदन प्राप्त, 92 का मौके पर ही हुआ निपटारा
विकासखंड स्तरीय इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं के लाभ हेतु विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। दिनभर चले इस शिविर में कुल 436 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता से 92 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत पहुंचाई गई। वहीं, शेष 344 आवेदन विकास एवं मांगों से संबंधित रहे, जिन्हें संबंधित विभागों को समय सीमा के भीतर निराकृत करने हेतु प्रेषित किया गया।
“सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक हैं मोदी जी के 25 वर्ष” — डॉ. पवन सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि सेवा सेतु संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक के 25 वर्षों की अभूतपूर्व सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी ने गुजरात मॉडल से लेकर डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जन-धन योजना और आत्मनिर्भर भारत जैसे ऐतिहासिक अभियानों के माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाया है।” डॉ. सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि सरकार आपके द्वार तक पहुँची है, अतः सभी पात्र हितग्राही विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अंत्योदय का संकल्प हुआ साकार: प्रकाश चंद्र जाखड़
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को ही सर्वोच्च धर्म माना है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने ‘अंत्योदय’ (अंतिम व्यक्ति का उदय) के संकल्प को धरातल पर साकार किया है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
हितग्राहियों को सामग्री वितरण, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
शिविर के दौरान अतिथियों के हाथों दर्जनों हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ वितरित किया गया:
आवास योजना: नए निर्मित मकानों की चाबियाँ हितग्राहियों को सौंपी गईं।
राशन एवं जॉब कार्ड: नए पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए गए।
महिला एवं बाल विकास: विभाग के स्टॉल पर अतिथियों द्वारा गर्भवती महिलाओं का तिलक लगाकर एवं पोषण किट भेंट कर गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई।
जन-जन तक पहुँच रही हैं कल्याणकारी योजनाएं: प्रशासनिक व जनप्रतिनिधि संबोधन
राजस्व दंडाधिकारी एसडीम मनोज कुमार बंजारे, ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे सभी प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जनता से जागरूक होकर योजनाओं का लाभ लेने की बात कही।
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर ने कहा कि 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर स्वच्छता अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
गरिमामयी उपस्थिति एवं आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के मंच पर पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण मरकाम, प्रताप मरावी, स्थानीय जनपद सदस्य, विभिन्न ग्रामों के सरपंच, विकासखंड स्तरीय विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू संचालन ओमप्रकाश द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी खगेश निर्मलकर ,ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आए हुए अतिथियों, ग्रामीणों, प्रशासनिक टीम और मीडियाकर्मियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
