✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार “माय भारत युवा कार्यक्रम” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि “माय भारत युवा कार्यक्रम” युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत यूथ वॉलंटियर्स के रूप में पंजीकृत करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व विकास, स्वयंसेवा तथा जनहित के कार्यों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों तथा स्कूलों के प्राचार्यों से अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम के उद्देश्य, लक्ष्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को इस योजना के तहत कौशल विकास, इंटर्नशिप, स्वयंसेवा, अनुभव आधारित प्रशिक्षण और विभिन्न शासकीय एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि माय भारत पोर्टल पर पंजीयन करने वाले युवाओं को प्रोफाइल एवं सीवी तैयार करने, विभिन्न संस्थानों और मेंटर्स से जुड़ने तथा वालंटियर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण किरण (आईएएस), अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव, माधुरी सोम ठाकुर, जिले के सभी एसडीएम, जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, जिला स्तरीय अधिकारी, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, एनएसएस एवं एनसीसी के प्रभारी तथा बड़ी संख्या में माय भारत यूथ वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
