झाड़-फूंक के विवाद में बेटे ने मां की ली जान, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम धनीकरका में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे ने झाड़-फूंक को लेकर हुए विवाद में अपनी ही मां की हत्या कर दी। 23 अप्रैल 2026 की रात आरोपी बुधराम मरकाम (34) ने गुस्से में आकर अपनी मां आयते मरकाम (53) पर हंसिए से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि झाड़-फूंक करने से मना करने पर मां-बेटे के बीच विवाद बढ़ गया था, जो देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मामला दर्ज किया।

तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।