✍️ भागीरथी यादव
रतनपुर (बिलासपुर)।
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में रविवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। गांव निवासी इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष) की उसके ही घर की छत पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से खून से सनी ईंट और धारदार हंसिया बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव, पिता स्व. सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक, अकलतरी के रूप में हुई है।
मामले में पुलिस ने गांव के ही दो युवकों अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष), पिता सुरेश सोनवानी तथा सुधीर सोनवानी (26 वर्ष), पिता दिलेश सोनवानी, दोनों निवासी अकलतरी, को हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नशे की हालत में बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने उस पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी अत्यधिक नशे में हैं, इसलिए होश में आने के बाद घटना के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन विवेचना कर रही है।
