तीन दिन तक हथियार लेकर मोहल्ले में घूमता रहा युवक, पुलिस पर लापरवाही के आरोप; पत्रकार ने पकड़कर सौंपा, तब हरकत में आई मानिकपुर चौकी

✍️ भागीरथी यादव

 

मुड़ापार मुस्लिम मोहल्ले में दहशत का माहौल, महिलाओं ने भी पुलिस के सामने युवक की गतिविधियों की शिकायत की

 

कोरबा। कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार मुस्लिम मोहल्ले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पत्रकार कन्हैया सोनी के अनुसार, मोहल्ले का रहने वाला प्रेम साहू (19 वर्ष) पिछले तीन दिनों से कथित तौर पर हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था।

कन्हैया सोनी के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में सबसे पहले मानिकपुर चौकी को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि वहां से यह कहकर जवाब दिया गया कि “चौकी में कोई स्टाफ नहीं है।” इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी। आरोप है कि 112 की टीम जब भी मौके पर पहुंचती, तब तक प्रेम साहू वहां से भाग जाता था। यह सिलसिला दो से तीन दिनों तक चलता रहा।

पत्रकार कन्हैया सोनी का कहना है कि जब पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने स्वयं साहस दिखाते हुए प्रेम साहू को पकड़ लिया और उसके पास मौजूद हथियार को अपने कब्जे में लेकर पुलिस को दोबारा सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने के लगभग एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद युवक को अपने कब्जे में लिया गया।

 

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद करीब 15 से 20 महिलाओं ने भी पुलिस के सामने प्रेम साहू की गतिविधियों और उसके कारण मोहल्ले में फैली दहशत की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने प्रेम साहू के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

इस पूरे घटनाक्रम ने मानिकपुर चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं बनती। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही थी?

 

नोट: यह समाचार पत्रकार कन्हैया सोनी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।