
रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रास्ता रोककर दो युवकों ने एक व्यक्ति पर हमला किया और पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान चपले निवासी शिव प्रसाद पटेल के रूप में हुई है। उनके मामा शत्रुघ्न पटेल के अनुसार, शिव प्रसाद 16 फरवरी को बैंक संबंधी काम से मौहापाली गए थे। रात करीब 10:30 बजे वे मौहापाली से अपने गांव चपले लौट रहे थे। इसी दौरान भांठापारा बस्ती के पास दो लोगों ने उनका रास्ता रोका। आरोप है कि हमलावरों ने पहले धारदार हथियार से हमला किया और फिर उन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
इस हमले में शिव प्रसाद लगभग 60 प्रतिशत तक झुलस गए। घटना की जानकारी परिजन को अगले दिन सुबह मिली। उन्हें पहले खरसिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान बुधवार शाम करीब 6 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में दो युवकों को शिव प्रसाद को रोकते हुए देखा गया है। परिजनों ने गांव के ही निलेश डंजारे और गंगाराम उर्फ कृष्णा पर शक जताया है। पुलिस ने निलेश डंजारे को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
परिजनों का आरोप है कि दोनों संदिग्ध आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और देर रात राहगीरों के साथ मारपीट व लूटपाट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूट के इरादे से ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमों को रवाना किया गया है।





