एक फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सूरजपुर। सरगुजा-सूरजपुर जिले की सीमा से लगे लटोरी चौकी क्षेत्र के कोटबहरा जंगल में मंगलवार सुबह युवक और युवती के शव एक ही फंदे से पेड़ पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। खुखड़ी बीनने पहुंचे ग्रामीणों ने शवों को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल के समीप एक HF डिलक्स बाइक (CG 15 DG 3422) भी मिली है, जिससे पुलिस के अनुसार दोनों के बाइक से वहां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

प्रथम दृष्टया दोनों के आपस में परिचित अथवा प्रेमी युगल होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और दोनों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। टीम की जांच के बाद शवों को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।