✍️ भागीरथी यादव
कोरबा शहर की सड़कों के डामरीकरण के लिए 17 करोड़ से अधिक स्वीकृत
कोरबा। शहर की प्रमुख एवं आंतरिक सड़कों के डामरीकरण के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से 17 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत हुई है। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन की पहल पर जिला प्रशासन ने विभिन्न वार्डों की 14 सड़क परियोजनाओं के लिए स्वीकृति आदेश जारी किया है।
स्वीकृत कार्यों में सोनालिया ब्रिज से सीतामढ़ी मुख्य मार्ग, शारदा विहार से टीपी नगर फाटक, डीडीएम रोड से बस स्टैंड, सोनालिया ब्रिज से तुलसी नगर बायपास, सुभाष चौक से सब स्टेशन, नेहरू नगर, पोड़ीबहार से लकी बिग बॉस्केट मोड़, कलेक्ट्रेट एटीएम से बैगिनडभार, लालघाट बालको से रिश्दा चौक, रिश्दा चौक से गायत्री मंदिर, सरदार पटेल नगर के आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र तथा प्रेम नगर से कपटमुड़ा-डीपरा बस्ती तक सड़क कार्य शामिल हैं। इसके अलावा इमली डुग्गू बस्ती से खदान रोड तक सीसी रोड डिवाइडर निर्माण भी स्वीकृत किया गया है।
वहीं, छह प्रमुख मार्गों के लिए करीब 7.12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनमें सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड, जैन चौक से घंटाघर, घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक सहित अन्य प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों का डामरीकरण कार्य मानसून समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि शहर के मुख्य मार्गों के साथ उपनगरीय क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों और वार्डों की आंतरिक सड़कों के डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत की जा रही है। कुछ अन्य सड़कों के लिए भी जल्द राशि प्राप्त होने की उम्मीद है। मानसून के बाद स्वीकृत सभी कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
